दुबई में भारतीय मूल के कारोबारी के अपहरण का मामला, लुत्फी गैंग का गुर्गा गिरफ्तार

Saurabh Mishra | Aug 15, 2026, 16:59 IST
लुत्फी गैंग
जयपुर में भीलवाड़ा पुलिस ने दुबई कारोबारी अपहरण और रंगदारी मामले में लुत्फी गैंग के गुर्गे मोहम्मद रज्जाक को गिरफ्तार किया। गैंग के 8 अपराधी अभी फरार हैं, वहीं हाईकोर्ट ने 3 आरोपियों की जमानत याचिकाएं खारिज कर दी हैं।

समझें क्या है पूरा मामला

  • दुबई में भारतीय मूल के व्यापारी मुकेश टेलर के अपहरण का मामला।
  • पुलिस ने लुत्फी गैंग के गुर्गे रज्जाक को जयपुर से गिरफ्तार किया।
  • रज्जाक के साथ भारत भागे मोइन खान की पहले ही उदयपुर से गिरफ्तारी हो चुकी।
  • भीलवाड़ा पुलिस को इस अपहरण कांड के 8 और आरोपियों की तलाश है।
  • हाई कोर्ट ने इस मामले में तीन आरोपियों की अग्रिम जमानत खारित कर दी है।

दुबई में भारतीय मूल के व्यापारी मुकेश टेलर के अपहरण और रंगदारी मामला सामने आया था। इसमें भीलवाड़ा की सुभाषनगर पुलिस ने जयपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी दुबई के भगोड़े अपराधी फजले रउफ उर्फ लुत्फी के गैंग से जुड़ा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद रज्जाक उर्फ रियाज के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक इस मामले में अभी भी 8 आरोपी फरार हैं।



पुलिस के अनुसार व्यापारी मुकेश टेलर का दुबई में अपहरण हुआ था। इसके बाद उनसे रंगदारी वसूलने की कोशिश हुई थी। यह मामला 1 जुलाई को दुबई में सामने आया था। जांच में लुत्फी गैंग का नाम सामने आया था।



लुत्फी गैंग का सरगना फजले रउफ फिलहाल दुबई की जेल में बंद है। पुलिस के अनुसार वह भारत का भगोड़ा अपराधी है। इस गैंग के कई गुर्गे भारत में सक्रिय बताए जा रहे हैं।



जयपुर से लुत्फी गैंग के गुर्गे की कैसे गिरफ्तारी हुई?

भीलवाड़ा पुलिस के अनुसार आरोपी मोहम्मद रज्जाक उर्फ रियाज मोहम्मदी कॉलोनी का निवासी है। उसे जयपुर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने उस पर 25 हजार रुपए का इनाम रखा था।



पुलिस के मुताबिक, रज्जाक दुबई में वारदात के बाद भारत भाग आया था। वह भीलवाड़ा के गांधीनगर निवासी मोइन खान के साथ भागा था। मोइन को पुलिस पिछले महीने उदयपुर से गिरफ्तार कर चुकी।



दुबई में वारदात के बाद भारत भागा था आरोपी

पुलिस ने इस मामले में कुछ अन्य आरोपियों को भी पकड़ा है। बदनोर निवासी वसीम मोहम्मद पर मोइन खान को शरण देने का आरोप है। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार किया है। शास्त्रीनगर निवासी योगेश मूंदड़ा पर पीड़ित व्यापारी मुकेश टेलर के परिजनों को धमकाने का आरोप है। पुलिस के अनुसार उसने परिवार से वसूली की कोशिश की थी। उसे भी गिरफ्तार किया जा चुका।



पुलिस अब लुत्फी गैंग की सह-सरगना फहीम फातिमा की तलाश कर रही। वह लुत्फी की पत्नी बताई जाती। पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही।



हाई कोर्ट से 3 आरोपियों की अग्रिम जमानत खारिज

सुभाषनगर थाना प्रभारी कैलाश कुमार विश्नोई ने इस मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट ने मुकेश टेलर अपहरण कांड से जुड़े तीन आरोपियों की जमानत याचिकाएं खारिज कर दी हैं। ये आरोपी हैं इमरान उर्फ चुन्नूलाला, जिशान खान और रियाज हसन उर्फ राजू पठान।



यह फैसला शुक्रवार को आया है। इससे पहले योगेश मूंदड़ा और वसीम मोहम्मद की याचिकाएं भी खारिज हो चुकी हैं। कोर्ट ने अभी तक किसी आरोपी को राहत नहीं दी है।



8 फरार अपराधियों की तलाश में जुटी भीलवाड़ा पुलिस

भीलवाड़ा पुलिस के अनुसार भारतीय मूल के व्यापारी मुकेश टेलर के अपहरण कांड से जुड़े इस मामले में अभी 8 आरोपी फरार हैं। इनमें जाहिद उर्फ बादशाह भी शामिल है। वह अहमदाबाद के चर्चित राधिका जिमखाना हत्याकांड में सजायाफ्ता है। पुलिस के अनुसार वह पैरोल से फरार है।



इमरान उर्फ चुन्नी लाला और जिशान खान भी वांछित हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों प्रतापगढ़ के वरिष्ठ अधिवक्ता जे जोशी हत्याकांड में सजायाफ्ता हैं। दोनों को हार्डकोर अपराधी बताया जा रहा है, दोनों पैरोल से फरार हैं।



बाकी वांछितों में नीलम खोईवाल, जीतू माली, आदिल शेख और नीतू महेश शामिल हैं। नीलम खोईवाल दादाबाड़ी, भीलवाड़ा की रहने वाली है। जीतू माली सुमेरपुर, पाली से है। आदिल शेख मांडल का रहने वाला है, वहीं नीतू महेश अजमेर की निवासी है।



पुलिस का लुकआउट सर्कुलर जारी

राजस्थान पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों पर इनाम घोषित कर दिया है। सभी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर यानी एलओसी जारी किया गया है। इससे आरोपियों के देश छोड़ने पर तुरंत रोक लगेगी। पुलिस के अनुसार नीलम खोईवाल और आदिल शेख पर एक और मामला दर्ज है। दोनों पर यूएई वीजा नियमों के उल्लंघन का आरोप है। पुलिस के मुताबिक दोनों नियम तोड़कर दुबई भाग गए थे।



लुत्फी गैंग के प्रत्यर्पण के प्रयास तेज

पुलिस के अनुसार फजले रउफ उर्फ लुत्फी सहित 4 भगोड़े फिलहाल दुबई की जेल में बंद हैं। इन सभी को भारत लाने की कोशिश चल रही। इसके लिए प्रत्यर्पण संधि का सहारा लिया जा रहा है।



पुलिस का कहना है कि यह प्रक्रिया जल्द पूरी करने के प्रयास जारी हैं। इस पूरे मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।



FAQ

  1. दुबई में भारतीय मूल के व्यापारी मुकेश टेलर के अपहरण का मामला क्या है?
    दुबई में बीती 1 जुलाई को व्यापारी मुकेश टेलर का अपहरण हुआ था। इसमें भारत के भगोड़े अपराधी फजले रउफ के शामिल होने की बात सामने आई थी। जो लुत्फी गैंग का सरगना है।
  2. जयपुर से पुलिस ने लुत्फी गैंग के किस गुर्गे को गिरफ्तार किया है?
    पुलिस ने मोहम्मद रज्जाक उर्फ रियाज को जयपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक ने पहले उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। उसपर भी अपहरण कांड में शामिल होने का आरोप है।
  3. इस अपहरण और रंगदारी के मामले में कितने अपराधी अभी भी फरार हैं?
    पुलिस के अनुसार इस मामले में अभी 8 आरोपी फरार हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया है।

यह खबरें भी पढ़ें...



कांवड़ यात्रियों के लिए राजस्थान पुलिस के दिशा-निर्देश, इन बातों का रखें ध्यान



भीलवाड़ा पुलिस की कार्रवाई : कांग्रेस से भाजपा में आए नेता के 40 मकान, 350 बीघा जमीन और करोड़ों की संपत्ति होगी जब्त



राजस्थान पुलिस में सुधार का नया खाका, 20 थानों से होगी शुरुआत



फर्जी NDPS छापा: राजस्थान पुलिस ने दर्ज की MP के दो TI सहित 100 पर FIR



Tags:
  • राजस्थान
  • राजस्थान पुलिस
  • अपहरण
  • भीलवाड़ा