जयपुर नगर निगम: मेयर चुनाव से पहले गरमाई सियासत, कांग्रेस ने मांगी पार्षदों की सुरक्षा

Jageshwar prasad | Published:
कांग्रेस ने पुलिस कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन
कांग्रेस ने पुलिस कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन
जयपुर नगर निगम के मेयर चुनाव से पहले सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने जयपुर पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष चुनाव की मांग की है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा पार्षदों की खरीद-फरोख्त कर रही है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • जयपुर महापौर चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा मोर्चा।
  • कांग्रेस ने पुलिस कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन।
  • पार्षदों को डराने-धमकाने की आशंका जताई।
  • मतगणना के सात मामलों की जांच की मांग।
  • जयपुर में भाजपा 78, कांग्रेस 57 पार्षदों पर सिमटी।

जयपुर नगर निगम में मेयर चुनाव से पहले राजनीतिक पारा चढ़ गया है। कांग्रेस ने जयपुर पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा है। कांग्रेस ने मेयर चुनाव को निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से कराने की मांग की है।



नगर निगम के 150 वार्डों में चुनाव हो चुके हैं। EVM में तकनीकी खराबी के कारण 4 वार्डों के 5 बूथों पर दोबारा मतदान कराया गया था। ये वार्ड थे - वार्ड 9, 18, 25 और 34। गुरुवार को भवानी निकेतन में इनकी मतगणना हुई।



री-पोल में कांग्रेस की क्लीन स्वीप

री-पोल में कांग्रेस ने चारों सीटें जीत लीं। वार्ड 9 से कांग्रेस की कैलाश देवी 4,610 वोट पाकर जीतीं। उन्होंने भाजपा की मंजू अग्रवाल को 764 वोटों से हराया।



वार्ड 18 से कांग्रेस की वंदिता शर्मा को 4,962 वोट मिले। उन्होंने भाजपा के नीरज कुमावत को 181 वोटों से मात दी।



वार्ड 25 से कांग्रेस की रेखा देवी सैनी 5,533 वोट पाकर विजयी रहीं। उन्होंने 397 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।



वार्ड 34 में कड़ा मुकाबला रहा। कांग्रेस के सुरेश यादव को 4,405 वोट मिले। उन्होंने भाजपा के पीयूष किराड़ को 149 वोटों से हराया।



अब बोर्ड का गणित क्या है?

इस क्लीन स्वीप के बाद कांग्रेस का आंकड़ा 53 से बढ़कर 57 हो गया है। भाजपा 78 सीटों पर है। 15 निर्दलीय जीते हैं। 150 सदस्यीय बोर्ड में बहुमत का आंकड़ा 76 है। भाजपा बहुमत से महज 2 सीट आगे है।



कांग्रेस और निर्दलीयों का संयुक्त आंकड़ा 72 हो गया है। नगर निगम में दलबदल कानून लागू नहीं होता, इसलिए क्रॉस वोटिंग का खतरा बना हुआ है। भाजपा को 2019 के विष्णु लाटा कांड का डर सता रहा है, जब 63 पार्षद होने के बावजूद भाजपा मेयर चुनाव हार गई थी।



कांग्रेस ने पुलिस कमिश्नर को क्यों दिया ज्ञापन?

कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा पार्षदों को होटलों में बाड़ेबंदी करके दबाव बना रही है। कांग्रेस ने पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि मेयर चुनाव के दौरान सुरक्षा बढ़ाई जाए। पार्षदों की खरीद-फरोख्त रोकी जाए। चुनाव निष्पक्ष हो।



कांग्रेस ने ज्ञापन में कहा कि भाजपा केंद्रीय मंत्रियों और संघ के पदाधिकारियों के जरिए लॉबिंग कर रही है। निर्दलीय पार्षदों पर भी दबाव बनाया जा रहा है।



jaipur-police-753374


भाजपा में मेयर के कई दावेदार

भाजपा में मेयर पद के लिए कई नाम चर्चा में हैं। सुनील कोठारी, पुनीत कर्णावट, शैलेंद्र भार्गव, सुभाष सिंघी, विमल अग्रवाल और भवानी सिंह राजावत के नाम आगे हैं। अब अनुराधा माहेश्वरी और विजय अग्रवाल का नाम भी आ रहा है।



जातीय समीकरण भी हावी हैं। वैश्य समाज, ब्राह्मण महासभा, अग्रवाल समाज और राजपूत सभा ने अपने-अपने समाज के प्रत्याशी को मेयर बनाने की मांग की है।



ये भी पढ़ें:-

अजमेर मेयर चुनाव: क्या खारिज होगा कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन? जानिए पूरा सच



भीलवाड़ा नगर निगम: भाजपा की जसवंत कंवर निर्विरोध निर्वाचित, बनीं नई महापौर



निकाय चनाव: विधायकों की मनमर्जी पर कांग्रेस का अंकुश, बदला टिकट वितरण पैटर्न



जयपुर निगम चुनाव, कैंडिडेट की सुविधा के लिए 15 केंद्रों पर खुलेंगे नामांकन ऑफिस



Tags:
  • महापौर चुनाव
  • मेयर चुनाव
  • क्लीन स्वीप
  • जयपुर नगर निगम