जयपुर में मेट्रो फेज-2 का काम शुरू, सीएम ने किया भूमि पूजन
ऐसे समझें पूरा मामला
- सीएम भजनलाल शर्मा ने जयपुर मेट्रो फेज-2 का किया भूमि पूजन।
- पीएम ने जयपुर मेट्रो फेज-2 का 4 जुलाई को किया वर्चुअल शिलान्यास।
- जयपुर के सीतापुरा स्थित मेट्रो डिपो में किया पाइलिंग कार्य का शुभारंभ।
- इस परियोजना की कुल लागत 13 हजार 37 करोड़ रूपए से अधिक।
Jaipur: राजस्थान की राजधानी जयपुर में मेट्रो फेज-2 का काम शुरू हो गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को सीतापुरा स्थित मेट्रो डिपो में भूमि पूजन कर पाइलिंग कार्य की शुरुआत की।
मेट्रो फेज-2 के तहत प्रहलादपुरा से टोडी मोड तक उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। यह कॉरिडोर सीतापुरा से लेकर वीकेआईए तक के औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों को जोड़ेगा।
सीएम ने लगभग 41 किमी लम्बे मेट्रो फेज-2 के मॉडल का भी अवलोकन किया।
इलेक्ट्रिक बस से मानसरोवर स्टेशन पहुंचे
मुख्यमंत्री इलेक्ट्रिक बस में बैठकर मेट्रो डिपो साइट से मानसरोवर मेट्रो स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने विण्डो से टिकट लिया और छोटी चौपड़ तक मेट्रो में सफर किया।
यात्रा के दौरान उन्होंने मेट्रो के कॉकपिट से फेज-2 के तहत खासाकोठी में बनने वाले इंटरचेंज मेट्रो स्टेशन की साइट का भी अवलोकन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री छोटी चौपड़ मेट्रो स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने आर्ट गैलेरी का अवलोकन किया।
फेज-3 और फेज-4 का काम भी जल्द
मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जयपुर में मेट्रो विस्तार बेहद जरूरी है। मेट्रो फेज-2 का वर्चुअल शिलान्यास के बाद 18 दिनों में ही सिविल कार्य की शुरूआत हो गई है।
उन्होंने कहा कि यह मेट्रो जयपुर की लाइफलाइन बनेगी। जरूरत के अनुरूप फेज-3 और फेज-4 का काम भी प्रारंभ किया जाएगा।
एयरपोर्ट क्षेत्र में भूमिगत स्टेशन
प्रहलादपुरा से टोडी मोड कॉरिडोर की कुल लागत 13 हजार 37 करोड़ रूपए से अधिक है। इस परियोजना में एयरपोर्ट क्षेत्र में भूमिगत स्टेशन भी शामिल होगा।
परियोजना के फेज-2 के पहले पैकेज में 918 करोड़ से अधिक की लागत के कार्यों के लिए एलओए (स्वीकृति पत्र) जारी भी हो चुका है।
ये खबर भी पढे़:-
ललित मोदी को मिली ED से बड़ी राहत, 16 साल बाद लौटेंगे भारत
जेल में कैदियों तक मोबाइल, तंबाकू-बीड़ी पहुंचाने की कोशिश, पुलिस ने की जांच शुरू
जयपुर बना सियासी अखाड़ा, भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, शहर बेहाल
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक रहेगी जंग, दिल्ली प्रोटेस्ट पर बोले सचिन पायलट