जयपुर निकाय चुनाव: बीजेपी की लिस्ट आते ही टिकट कटने पर रो पड़ीं अंजलि गौतम

Jageshwar prasad | Aug 31, 2026, 13:29 IST
वार्ड 149 से टिकट कटने पर रो पड़ीं अंजलि गौतम, लगाया जी-हजूरी का आरोप
जयपुर नगर निगम चुनाव 2026 के लिए बीजेपी की प्रत्याशी सूची जारी होते ही बगावत और असंतोष के सुर मुखर हो गए हैं। वार्ड 149 से टिकट कटने से नाराज महिला दावेदार अंजलि गौतम रो पड़ीं और पार्टी पर जी-हजूरी करने वालों को तरजीह देने का आरोप लगाया।

समझें क्या है पूरा मामला

  • जयपुर निकाय चुनाव में बीजेपी की लिस्ट आते ही हंगामा शुरू।
  • बीजेपी की बागी दावेदार का छलका दर्द, धमकियां मिलने का दावा।
  • टिकट कटने पर रो पड़ीं अंजलि, लगाया जी-हजूरी का आरोप।
  • बालमुकुंद आचार्य के विरोध के बावजूद विमल अग्रवाल को टिकट।
  • नामांकन के अंतिम दिन जयपुर में राजनीतिक घमासान।

राजस्थान में आयोजित हो रहे नगरीय निकाय चुनाव 2026 के तहत जयपुर नगर निगम के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) की वार्ड प्रत्याशी सूची जारी होते ही सियासी माहौल गरमा गया है।



नामांकन के अंतिम दिन जहां प्रत्याशी पर्चा दाखिल करने पहुंच रहे हैं, वहीं दोनों प्रमुख दलों, बीजेपी और कांग्रेस में अंदरूनी कलह और विरोध प्रदर्शन की तस्वीरें सामने आ रही हैं।



टिकट न मिलने पर रो पड़ीं अंजलि गौतम, लगाए गंभीर आरोप

बीजेपी की लिस्ट जारी होने के बाद वार्ड नंबर 149 से दावेदारी कर रहीं अंजलि गौतम जब नामांकन फॉर्म भरने पहुंचीं, तब उन्हें अपना टिकट कटने की जानकारी मिली। इसके बाद वे मीडिया के सामने ही रो पड़ीं और उन्होंने पर्चा नहीं भरा।



अंजलि गौतम ने पार्टी नेतृत्व पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, बीजेपी में जमीन पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर 'भाई साहब-भाई साहब करके जी-हजूरी करने वालों को मौका दिया जा रहा है। सच्चे कार्यकर्ताओं का इस्तेमाल सिर्फ रैलियों में भीड़ दिखाने के लिए किया जाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अब उन्हें धमकियां दी जा रही हैं।



हवामहल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

उधर, हवामहल विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी की प्रत्याशी घोषणा से पहले ही कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार सुबह कार्यकर्ताओं ने जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा का पुतला फूंका और विरोध जताया। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं का आरोप था कि पार्टी द्वारा टिकट वितरण में अल्पसंख्यक समुदाय की अनदेखी की जा रही है।



विधायक बालमुकुंद आचार्य के विरोध पर भारी पड़ा सर्वे

बीजेपी की सूची में वार्ड नंबर 135 का टिकट भारी खींचतान का केंद्र बना रहा। हवामहल से बीजेपी विधायक बालमुकुंद आचार्य और शहर अध्यक्ष अमित गोयल विमल अग्रवाल को फिर से मैदान में उतारने के पक्ष में नहीं थे।



हालांकि, पार्टी के आंतरिक सर्वे में विमल अग्रवाल का नाम सबसे आगे होने के कारण बीजेपी प्रदेश नेतृत्व ने स्थानीय नेताओं के विरोध को दरकिनार करते हुए विमल अग्रवाल को ही सिंबल आवंटित किया।



इसके साथ ही बीजेपी ने पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल, सुनील कोठारी और कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए नीरज अग्रवाल जैसे बड़े चेहरों को भी पार्षद प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतारा है, जबकि कई निवर्तमान पार्षदों के पत्ते साफ कर दिए गए हैं।



ये भी पढ़ें:-

उदयपुर में नगर निगम चुनाव नामांकन शुरू, भाजपा के दिनेश भट्ट ने भरा पहला नामांकन



निकाय चुनाव: विधायकों की मनमर्जी पर कांग्रेस का अंकुश, बदला टिकट वितरण पैटर्न



जयपुर निगम चुनाव, कैंडिडेट की सुविधा के लिए 15 केंद्रों पर खुलेंगे नामांकन ऑफिस



निकाय चुनाव टिकट: बीजेपी टिकट फॉर्मूला, अब चार परीक्षा से गुजरना होगा



Tags:
  • बीजेपी विधायक बालमुकुंद आचार्य
  • बीजेपी की लिस्ट
  • निकाय चुनाव
  • नामांकन