जयपुर की 212 ग्राम पंचायतों में वोटिंग जारी, 11 बजे तक 19.28% मतदान; दूदू सबसे आगे

Ashish Bhardwaj | Oct 24, 2026, 13:53 IST
पंचायत चुनाव में वोटिंग जारी
राजस्थान में गांवों की सरकार चुनने के लिए मतदान हो रहा है। जयपुर जिले की 212 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए सुबह 7 बजे वोटिंग शुरू हो गई है। सुबह 11 बजे तक जिले में 19.28 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा।

जयपुर जिले में दूदू पंचायत समिति क्षेत्र में सबसे ज्यादा 20.38 प्रतिशत वोट पड़े, जबकि चौमूं में सबसे कम 18.73 प्रतिशत मतदान हुआ। जोबनेर में 20.03 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। इसके बाद ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना शुरू होगी और देर रात तक नतीजे आने की उम्मीद है।



आठ पंचायत समितियों की 212 ग्राम पंचायतों में चुनाव

जयपुर जिले में पहले चरण के तहत गोविंदगढ़, चौमूं, किशनगढ़-रेनवाल, जोबनेर, झोटवाड़ा, सांभरलेक, दूदू और मौजमाबाद पंचायत समिति क्षेत्रों में मतदान हो रहा है। इन क्षेत्रों की 212 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच चुने जाएंगे।



जिला निर्वाचन शाखा के मुताबिक, इन चुनावों के लिए कुल 7 लाख 43 हजार 640 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 3 लाख 84 हजार 195 पुरुष और 3 लाख 59 हजार 445 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदाता अपने गांव के सरपंच और वार्ड पंच को चुनने के लिए वोट डाले जा रहे हैं।



सरपंच पद के लिए 1,525 उम्मीदवार मैदान में

जिले की 212 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए कुल 2,119 नामांकन पत्र मिले थे। जांच के बाद 2,108 नामांकन वैध पाए गए। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1,525 उम्मीदवार मैदान में रह गए। यानी किसी भी ग्राम पंचायत में सरपंच का चुनाव निर्विरोध नहीं हुआ है। सभी 212 पंचायतों में सीधा मुकाबला होगा।



आठ पंचायत समितियों में सरपंच पद के उम्मीदवारों की संख्या अलग-अलग है। चौमूं की 34 ग्राम पंचायतों में सबसे ज्यादा 301 प्रत्याशी मैदान में हैं। जोबनेर की 28 ग्राम पंचायतों में 232, गोविंदगढ़ की 27 ग्राम पंचायतों में 210 और मौजमाबाद की 27 ग्राम पंचायतों में 185 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।



किशनगढ़-रेनवाल की 26 ग्राम पंचायतों में 184, सांभर की 26 ग्राम पंचायतों में 157, दूदू की 25 ग्राम पंचायतों में 136 और झोटवाड़ा की 19 ग्राम पंचायतों में 120 उम्मीदवार सरपंच पद के लिए मैदान में हैं।



डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने परिवार के साथ डाला वोट

राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा (Prem Chand Bairwa) ने भी पंचायत चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वे अपने पैतृक गांव श्रीनिवासपुरा पहुंचे, जो मौजमाबाद पंचायत समिति क्षेत्र में आता है। यहां उन्होंने बूथ संख्या 92 पर परिवार के साथ मतदान किया।




बैरवा के साथ उनकी पत्नी नारायणी देवी, बेटे चिन्मय कुमार और बेटी पूजा भी मौजूद रहे। मतदान के बाद उन्होंने सेल्फी पॉइंट पर तस्वीर भी खिंचवाई।




बैलेट पेपर से मतदान, शाम को शुरू होगी गिनती

इस बार सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव में EVM की जगह बैलेट पेपर का इस्तेमाल हो रहा है। मतदाता दो अलग-अलग मतपत्रों के जरिए वोट डाल रहे हैं। एक मतपत्र सरपंच उम्मीदवार के लिए और दूसरा वार्ड पंच के लिए है।



मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। इसके तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतपत्रों की गिनती शुरू की जाएगी। पहले वार्ड पंच और फिर सरपंच पद के मतों की गिनती होगी। जहां हार-जीत का अंतर कम रहेगा, वहां दोबारा गिनती की मांग से परिणाम में देरी हो सकती है।




नतीजों पर गांवों की नजर

चुनाव में इस बार मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है। सभी 212 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए उम्मीदवार मैदान में हैं। अब मतदाताओं की भागीदारी और शाम तक होने वाली वोटिंग पर नजर रहेगी।



मतगणना पूरी होने के बाद गांवों को अपने नए सरपंच और वार्ड पंच मिलेंगे। वहीं, रविवार 25 अक्टूबर को निर्वाचित वार्ड पंच अपने बीच से उपसरपंच का चुनाव करेंगे। इस चुनाव में आम मतदाता सीधे वोट नहीं डालेंगे।



Tags:
  • prem chand bairwa
  • EVM
  • दूदू पंचायत समिति
  • जयपुर जिले
  • जिला निर्वाचन शाखा
  • मतदान
  • डॉ. प्रेमचंद बैरवा
  • पंचायत चुनाव