जयपुर में आंधी-शाहपुरा में कांग्रेस की निर्विरोध प्रधान, अमरसर में भाजपा से जीती सदस्य को कांग्रेस ने बनाया उम्मीदवार

Jageshwar Prasad | Published:
जयपुर में प्रधान चुनाव: आंधी और शाहपुरा में कांग्रेस की निर्विरोध प्रधान, अमरसर में भाजपा की सदस्य अब कांग्रेस प्रत्याशी
Pradhan Elections in Jaipur: Congress candidates elected unopposed as Pradhans in Andhi and Shahpura; a BJP member in Amarsar has now become a Congress candidate.
जयपुर की 22 पंचायत समितियों में प्रधान चुनाव के बीच राजनीतिक समीकरण बदलने लगे हैं। आंधी और शाहपुरा में कांग्रेस ने निर्विरोध प्रधान बनाकर अपना खाता खोल लिया है। दोनों पंचायत समितियों में महिलाओं को नेतृत्व मिला है। वहीं, अमरसर में भाजपा के टिकट पर पंचायत समिति सदस्य का चुनाव जीतने वाली समोती देवी मीणा को कांग्रेस ने प्रधान पद का उम्मीदवार बनाकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।

सांगानेर पंचायत समिति में कांग्रेस और भाजपा ने अपने उम्मीदवार नहीं उतारे हैं। यहां आरएलपी प्रत्याशी सीमा चौधरी और निर्दलीय राजकुमार चौधरी के बीच मुकाबला है। जयपुर की 14 पंचायत समितियों में कांग्रेस, दो में भाजपा और एक में आरएलपी को स्पष्ट बहुमत मिला था। पांच पंचायत समितियों में किसी भी दल के पास बहुमत नहीं है। इन समितियों में अन्य दलों और निर्दलीय सदस्यों की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।



आंधी और शाहपुरा में कांग्रेस की निर्विरोध जीत

जयपुर में प्रधान चुनाव के शुरुआती नतीजे कांग्रेस के पक्ष में आए हैं। आंधी पंचायत समिति में माया देवी वर्मा और शाहपुरा में संतरा देवी निर्विरोध प्रधान चुनी गई हैं।



माया देवी वर्मा आंधी पंचायत समिति के वार्ड नंबर दो और संतरा देवी शाहपुरा के वार्ड नंबर चार से पंचायत समिति सदस्य का चुनाव जीती थीं। कांग्रेस ने दोनों को प्रधान पद का प्रत्याशी बनाया था। किसी अन्य प्रत्याशी के मैदान में नहीं होने से दोनों निर्विरोध निर्वाचित हो गईं।



अमरसर में भाजपा के टिकट पर जीतीं, कांग्रेस ने बनाया प्रधान प्रत्याशी

अमरसर पंचायत समिति में प्रधान चुनाव का राजनीतिक समीकरण बदल गया है। यहां भाजपा के टिकट पर पंचायत समिति सदस्य का चुनाव जीतने वाली समोती देवी मीणा को कांग्रेस ने प्रधान पद का प्रत्याशी बनाया है। उनके सामने आरएलपी की सुमित्रा देवी चुनाव मैदान में हैं।



अमरसर उन पांच पंचायत समितियों में शामिल है, जहां किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। ऐसे में भाजपा के टिकट पर निर्वाचित सदस्य को कांग्रेस का उम्मीदवार बनाए जाने से यहां का मुकाबला दिलचस्प हो गया है।



सांगानेर में कांग्रेस-भाजपा मैदान से बाहर, आरएलपी और निर्दलीय में मुकाबला

सांगानेर पंचायत समिति में प्रधान पद के लिए कांग्रेस और भाजपा ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा है। आरएलपी ने वार्ड नंबर पांच से निर्वाचित सीमा चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, वार्ड नंबर 15 से निर्वाचित राजकुमार चौधरी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया है।



सांगानेर पंचायत समिति के 15 वार्डों में आरएलपी ने आठ सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस और भाजपा को तीन-तीन सीटें मिली थीं, जबकि एक सीट निर्दलीय के खाते में गई थी।



प्रधान बनाने के लिए आठ सदस्यों का समर्थन जरूरी है। आरएलपी के पास अपने दम पर बहुमत है। अब देखना होगा कि पार्टी अपने सदस्य संख्या बल को प्रधान पद की जीत में बदल पाती है या नहीं।



पांच पंचायत समितियों में बहुमत का संकट

जयपुर जिले की 22 पंचायत समितियों में कुल 386 वार्ड हैं। पंचायत समिति सदस्य चुनाव में कांग्रेस ने सबसे ज्यादा 14 पंचायत समितियों में स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। भाजपा को दो और आरएलपी को एक पंचायत समिति में बहुमत मिला था।



अमरसर, जालसू, मोजमाबाद, रामपुरा डाबड़ी और दूदू में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। इन पंचायत समितियों में प्रधान पद का फैसला अतिरिक्त समर्थन के आधार पर होगा।



पंचायत समिति चुनाव: स्पष्ट बहुमत की स्थिति

क्र.पार्टीस्पष्ट बहुमत वाली पंचायत समितियां
1कांग्रेस14
2भाजपा2
3आरएलपी1
4त्रिशंकु (किसी को बहुमत नहीं)5
कुल22

किस पार्टी को कहां मिला था बहुमत?

क्र.पार्टीसंख्यापंचायत समितियां
1कांग्रेस14फागी, आमेर, शाहपुरा, चाकसू, जमवारामगढ़, तूंगा, बस्सी, माधोराजपुरा, कोटखावदा, गोविंदगढ़, झोटवाड़ा, जोबनेर, किशनगढ़ रेनवाल, आंधी
2भाजपा2सांभरलेक, चौमूं
3आरएलपी1सांगानेर
4त्रिशंकु5अमरसर, जालसू, मोजमाबाद, रामपुरा डाबड़ी, दूदू
कुल22

जयपुर की पंचायत समितियों में किसे बनाया प्रधान पद का उम्मीदवार?

क्र.पंचायत समितिकांग्रेस प्रत्याशीभाजपा प्रत्याशीअन्य प्रत्याशी
1झोटवाड़ामोनिकापिंकी शर्मा—
2जमवारामगढ़दीपक कुमाररामकरण शर्मा—
3शाहपुरासंतरा देवी (निर्विरोध निर्वाचित)——
4आमेरकलावतीललिता गौरा—
5गोविंदगढ़सुमन यादवसंतरा—
6अमरसरसमोती देवी मीणा—सुमित्रा देवी (आरएलपी)
7बस्सीलालाराम सैनीरामफूल—
8तूंगारामफूल चंदआरती देवी—
9किशनगढ़ रेनवालपतासी देवी, मदन उर्फ पप्पूकुलदीप मीणा—
10दूदूसमंदनीरजअयोध्या देवी (आरएलपी)
11माधोराजपुराप्रियंका—गजेंद्र (आरएलपी)
12कोटखावदाअनोखी देवीमीरा देवी—
13रामपुरा डाबड़ीगीता मौर्यसुनीता—
14जालसूममता यादवकिशन देवी—
15मोजमाबादनंदू देवीनंदूमनसा चौधरी (आरएलपी)
16फागीकैलाश चंद चौधरी—महिपाल चौधरी (आरएलपी)
17चौमूंकिरण देवी मीणाराम गोपाल मीणा—
18आंधीमाया देवी वर्मा (निर्विरोध निर्वाचित)——
19जोबनेरकमला देवी——
20सांगानेर——सीमा चौधरी (आरएलपी), राजकुमार चौधरी (निर्दलीय)
21चाकसूजानकारी बाकीजानकारी बाकीजानकारी बाकी
22सांभरलेकजानकारी बाकीजानकारी बाकीजानकारी बाकी

जिला प्रमुख चुनाव के बाद अब प्रधान पदों पर नजर

जयपुर में 25 नवंबर को हुए जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस के यशवीर सूरा ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद अब पार्टी के सामने पंचायत समिति सदस्य चुनाव में मिले बहुमत को प्रधान पदों की जीत में बदलने की चुनौती है।



जिला प्रमुख चुनाव में प्रदेश के चूरू और ब्यावर में स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद पार्टियां अपना जिला प्रमुख नहीं बना पाई थीं। ऐसे में प्रधान चुनाव में भी निर्वाचित सदस्यों को एकजुट रखना राजनीतिक दलों के लिए महत्वपूर्ण है। जयपुर में 27 नवंबर को प्रधान चुनाव की प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद 28 नवंबर को उप प्रधान के चुनाव होंगे।



Tags:
  • जयपुर पंचायत समिति चुनाव
  • Jaipur Panchayat Samiti Elections
  • Congress Unopposed Pradhan
  • कांग्रेस निर्विरोध प्रधान
  • BJP Candidate Wins Congress
  • जयपुर पंचायत समिति प्रधान 2026
  • आंधी प्रधान निर्विरोध कांग्रेस
  • शाहपुरा प्रधान संतरा देवी
  • जयपुर त्रिशंकु पंचायत समिति
  • दूदू जालसू मोजमाबाद पंचायत समिति