जयपुर अग्निकांड: मानव अधिकार आयोग सख्त, कलेक्टर-कमिश्नर से 13 बिंदुओं पर मांगी रिपोर्ट

Mukesh Sharma | Published:
13 सवालों में घिरा सिस्टम
13 सवालों में घिरा सिस्टम
जयपुर के पुरोहितजी का कटला अग्निकांड पर मानव अधिकार आयोग ने सख्ती दिखाई है। आयोग ने कलेक्टर, निगम कमिश्नर और फायर सेफ्टी ऑफिसर को नोटिस भेज 13 बिंदुओं पर रिपोर्ट मांगी है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • सेठी कॉम्प्लेक्सअग्निकांड पर मानवअधिकार आयोग सख्त।
  • आयोग नेमांगे 13 बिंदुओं परजवाब, 9 अक्टूबरको अगली सुनवाई।
  • सेठीकॉम्प्लेक्स हादसे मेंफायर NOC तक नहीं मिली।
  • कलेक्टर-कमिश्नर और मुख्य अग्निशमन अधिकारी से मांगी डिटेल रिपोर्ट।
  • आग बुझाने में लगीपूरी व्यवस्था पर उठेसवाल।

जयपुर। पुरोहितजी का कटला के सेठी कॉम्प्लेक्स में लगी आग के बाद अब फायर सिस्टम से लेकर पानी के इंतजाम और एनओसी तक सवालों के घेरे में हैं। राजस्थान राज्य मानव अधिकार आयोग ने मामले में स्वतः संज्ञान लिया था। आयोग अध्यक्ष जस्टिस जीआर मूलचंदानी की अगुआई में टीम ने बीते हफ्ते मौके का मुआयना किया था।



जांच के दौरान बंद फायर सिस्टम, पानी की कमी और फायर टेंडर से जुड़ी कई खामियां सामने आईं थी। अब आयोग ने नगर निगम और जिला प्रशासन से 13 बिंदुओं पर पूरी रिपोर्ट मांगी है। मामले की अगली सुनवाई 9 अक्टूबर को होगी।



जयपुर अग्निकांड में राज्य मानव अधिकार आयोग सख्त

17 सितंबर को पुरोहितजी का कटला स्थित सेठी कॉम्प्लेक्स में भीषण आग लगी थी। आग ने कई दुकानों और गोदामों को अपनी चपेट में ले लिया था। तंग गलियों और पानी की परेशानी के कारण दमकल कर्मचारियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।



आयोग की टीम ने देखा था पूरा सिस्टम

आयोग अध्यक्ष जस्टिस जीआर मूलचंदानी ने अग्निकांड के बाद सेठी कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया था। इस दौरान जयपुर दक्षिण के पुलिस उपायुक्त करण शर्मा, एसडीएम, नगर निगम के अग्निशमन उपायुक्त और मुख्य अग्निशमन अधिकारी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे थे। टीम ने मौके पर फायर सेफ्टी सिस्टम देखा। अधिकारियों से आग बुझाने में हुई परेशानी और पानी के इंतजाम को लेकर सवाल किए थे।



निरीक्षण में सेठी कॉम्प्लेक्स की दूसरी मंजिल पर फायर पाइपलाइन के नोजल बंद मिले थे। उन पर सूखी फूल-मालाएं टंगी थीं। यानी जरूरत के समय सिस्टम काम करने की हालत में नहीं था।



कॉम्प्लेक्स के पास अग्निशमन विभाग की एनओसी भी नहीं मिली थी। आग के बाद कॉम्प्लेक्स में निर्माण से जुड़ी गड़बड़ियां भी सामने आई थीं। नगर निगम ने इस मामले में कार्रवाई की बात कही है।



घटनास्थल के करीब कोई चालू फायर हाइड्रेंट नहीं मिला था

राज्य मानव अधिकार आयोग को पता चला कि घटनास्थल के करीब डेढ़ से दो किलोमीटर के दायरे में कोई चालू फायर हाइड्रेंट या दूसरा पानी का स्रोत नहीं था। सबसे नजदीकी हाइड्रेंट घाटगेट फायर स्टेशन पर था। वहां से दमकलों को घने बाजार और ट्रैफिक के बीच से होकर घटनास्थल तक पहुंचना पड़ा।आग बुझाने के दौरान पानी की सप्लाई में रुकावट की बात भी सामने आई है। रिपोर्टों के मुताबिक पानी की आपूर्ति करीब 15 मिनट प्रभावित रही थी।



फायर टेंडर में गेज मीटर नहीं

घाटगेट फायर स्टेशन पर खड़े फायर टेंडरों की जांच में भी कमी मिली। गाड़ियों में पानी की मात्रा बताने वाला गेज मीटर नहीं था। इस कारण यह पता लगाने की व्यवस्था नहीं थी कि किस फायर टेंडर में कितना पानी मौजूद है। आयोग के सामने अधिकारियों ने आग बुझाते समय पानी का प्रेशर कम होने की बात भी मानी।



आयोग ने फायर स्टेशन की लॉगबुक भी देखी। इसमें 17 सितंबर को सुबह 8:17 बजे फायर टेंडर रवाना होने की एंट्री मिली। लेकिन आग की सूचना फायर स्टेशन को ठीक कितने बजे मिली, इसका समय रजिस्टर में दर्ज नहीं था। आयोग ने इस पर भी जवाब मांगा है।



राजस्थान सरकार ने भी शुरू कराई जांच

अग्निकांड के बाद राज्य सरकार ने भी हाईलेवल जांच के आदेश दिए हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र कुमार मीणा को कथित लापरवाही और विभागीय आदेशों के उल्लंघन के मामले में सस्पेंड किया गया है। सहायक अग्निशमन अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई हुई है। स्वायत्त शासन विभाग के सचिव रवि जैन ने भी सेठी कॉम्प्लेक्स पहुंचकर नुकसान और अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली थी।



इन 13 बिंदुओं पर अधिकारियों से मांगा जवाब

राज्य मानव अधिकार आयोग ने नगर निगम आयुक्त, जयपुर जिला मजिस्ट्रेट, अग्निशमन उपायुक्त और मुख्य अग्निशमन अधिकारी को नोटिस देकर डिटेल रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने इन बिंदुओं पर जवाब तलब किया है-



  • जयपुर में कुल कितने फायर स्टेशन चल रहे हैं।
  • परकोटा क्षेत्र में पानी की उपलब्धता कितनी है।
  • फायर हाइड्रेंट कहां-कहां हैं और कितने चालू हैं।
  • फायर टेंडरों की पानी रखने की क्षमता कितनी है।
  • फायर टेंडरों में गेज मीटर क्यों नहीं लगे हैं।
  • फायर स्टेशन की लॉगबुक का पूरा रिकॉर्ड दिया जाए।
  • ऊंची इमारतों के लिए हाइड्रोलिक सीढ़ी और दूसरे आधुनिक साधन कितने हैं।
  • 17 सितंबर को आग की सूचना ठीक कितने बजे मिली।
  • पहली दमकल घटनास्थल पर कितने बजे पहुंची।
  • आग पर पहली वाटर स्ट्रीम कितने बजे शुरू हुई।
  • सेठी कॉम्प्लेक्स के पास फायर NOC क्यों नहीं थी।
  • NOC नहीं होने पर भवन मालिक के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई।
  • जयपुर के दूसरे कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में फायर सेफ्टी नियमों और एनओसी की क्या स्थिति है।

आयोग बोला- सुरक्षा में चूक गंभीर

मानव अधिकार आयोग ने माना है कि आग जैसी घटनाएं लोगों की जान और संपत्ति के साथ उनके बुनियादी अधिकारों को भी प्रभावित करती हैं। खासकर परकोटे जैसे घने बाजारों में बिना पर्याप्त फायर सेफ्टी के दुकानें चलना बड़ा खतरा है। आयोग ने जिला प्रशासन और नगर निगम से भविष्य के लिए ठोस प्लान तैयार करने को कहा है। परकोटा क्षेत्र में जरूरत के हिसाब से फायर हाइड्रेंट बनाने पर भी रिपोर्ट मांगी गई है। मामले की अगली सुनवाई मानव अधिकार आयोग की खंडपीठ के सामने 9 अक्टूबर को होगी।



FAQ

  1. जयपुर के सेठी कॉम्प्लेक्स में आग कब लगी थी और मानव अधिकार आयोग ने क्या कदम उठाया?
    17 सितंबर को सेठी कॉम्प्लेक्स में भीषण आग लगी थी। राजस्थान राज्य मानव अधिकार आयोग ने इस पर स्वतः संज्ञान लेते हुए मौके का निरीक्षण किया था और नगर निगम व प्रशासन से 13 बिंदुओं पर रिपोर्ट मांगी है।
  2. शुरुआती जांच में क्या बड़ी खामियां सामने आईं?
    फायर पाइपलाइन के नोजल बंद मिले, कॉम्प्लेक्स के पास फायर NOC नहीं थी, आसपास कोई चालू फायर हाइड्रेंट नहीं था और फायर टेंडरों में पानी की मात्रा बताने वाला गेज मीटर तक नहीं लगा था।
  3. इस मामले में अब तक क्या कार्रवाई हुई है?
    राज्य सरकार ने हाईलेवल जांच के आदेश दिए हैं और मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र कुमार मीणा को लापरवाही के आरोप में सस्पेंड किया गया। मानव अधिकार आयोग की अगली सुनवाई 9 अक्टूबर को होगी।

यह खबरें भी पढ़ें...



4 करोड़ का सिस्टम फिर भी कटला जला: बाजार बंद, व्यापारियों ने पूछा- टैक्स लेते तो सुरक्षा कहां?



जयपुर अग्निकांड: फायर बाइक डाक पहुंचा रही, परकोटे में 3.90 करोड़ का सिस्टम ठप



जयपुर अग्निकांड में 2 अधिकारी सस्पेंड, मंत्री खर्रा बोले- अभी और होगी कार्रवाई



जयपुर में PAC की बैठक: केसी वेणुगोपाल ने उठाया SC/ST स्कॉलरशिप का मुद्दा





Tags:
  • राजस्थान
  • जयपुर
  • मानव अधिकार आयोग
  • अग्निकांड