एसएमएस में तैयार हुआ एडवांस स्किन इंस्टीट्यूट, सरकार ने कहा, जल्द ही जनता को मिलेगा सस्ता इलाज

Ashish Bhardwaj | Mar 14, 2026, 18:57 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान में जयपुर के एसएमएस अस्प्ताल में एडवांस स्किन इंस्टीट्यूट तैयार हो गया है। इसे जल्द ही आम जनता के इलाज के लिए खोला जाएगा। लंदन की तर्ज पर संस्थान को तैयार किया स्किन इंस्टीट्यूट।

News In Short

  • जयपुर में तैयार हुआ अंतरराष्ट्रीय सुविधा वाला एडवांस स्किन इंस्टीट्यूट।
  • सरकार ने कहा, जल्द ही इसे आम मरीजों के लिए खोला जाएगा।
  • स्किन इंस्टीट्यूट को छह तरह की अत्याधुनिक मशीनों से लैस किया।
  • ऐसे संस्थान से मरुधरा में मिलेगा मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा।
  • लंदन की तर्ज पर संस्थान को तैयार किया स्किन इंस्टीट्यूट।

News In Detail

जागेश्वर प्रसाद @ जयपुर



राजस्थान में जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल (SMS) के नाम एक और उपलब्धि जुड़ने जा रही है। अब उसका अंतरराष्ट्रीय स्तर का इंस्टीट्यूट ऑफ डर्मेटोलॉजी बनकर तैयार हो चुका है। खास बात यह है कि इसे लंदन की तर्ज पर सबसे एडवांस संस्थान तैयार किया है, जहां त्वचा से जुड़ी गंभीर बीमारियों और कॉस्मेटिक समस्याओं का इलाज अब आम आदमी की जेब के दायरे में होगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने संस्थान का निरीक्षण कर इसे जल्द से जल्द जनता के लिए शुरू करने के निर्देश दे दिए हैं।



लाखों का इलाज अब मामूली दरों पर

अक्सर कॉस्मेटिक सर्जरी और एडवांस स्किन ट्रीटमेंट के लिए लोगों को निजी अस्पतालों में लाखों रुपये खर्च करने पड़ते है। लेकिन, अब SMS के इस नए इंस्टीट्यूट में ये तमाम सुविधाएं बहुत ही कम दरों पर मिलेंगी। सरकार का दावा है कि इस इंस्टीट्यूट में तमाम आधुनिक चिकित्सा उपकरण और सुविधाएं मरीजों को मिलेंगी।



क्या हैं 'सुपर' सुविधाएं?

संस्थान को आधुनिक केंद्र बनाने के लिए यहां 6 तरह की अत्याधुनिक लेजर मशीनें लगाई गई हैं:



अत्याधुनिक लेजर तकनीक: इसमें डायोड लेजर, फ्रेक्शनल CO2 लेजर, एक्साइमर और एनडी-याग लेजर जैसी मशीनें शामिल हैं, जो जन्मजात बीमारियों और कॉस्मेटिक सुधारों में काम आएंगी।



बिना सर्जरी के स्किन टाइटनिंग: यहां हाइफू (HIFU) मशीन के जरिए बिना किसी चीर-फाड़ के स्किन टाइटनिंग और झुर्रियां हटाने का इलाज होगा।



बालों की समस्या का समाधान: संस्थान में PRP (Platelet Rich Plasma) पद्धति से बाल उगाने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।



सफेद दाग और सोरायसिस का अंत: लेजर तकनीक और रेडियो फ्रीक्वेंसी के जरिए सफेद दाग और सोरायसिस जैसे पुराने चर्म रोगों का सटीक उपचार किया जाएगा।



क्यों है यह संस्थान खास?

विश्व स्तरीय मानक: तकनीकी और सुविधाओं के मामले में इसे लंदन के मशहूर स्किन संस्थानों की तर्ज पर विकसित किया गया है।



सस्ता और सुलभ: जो कॉस्मेटिक प्रोसीजर प्राइवेट क्लिनिक्स में आम इंसान की पहुंच से बाहर थे, उन्हें अब यहाँ सरकारी राहत के साथ उपलब्ध कराया जाएगा।



एक ही छत के नीचे सब कुछ: त्वचा की सामान्य एलर्जी से लेकर जटिल प्लास्टिक सर्जरी और लेजर ट्रीटमेंट तक, सब कुछ एक ही बिल्डिंग (चरक भवन) में मिलेगा।



मेडिकल टूरिज्म का केंद्र

सरकार को उम्मीद है कि जयपुर का यह नया इंस्टीट्यूट न केवल राजस्थान बल्कि पूरे देश के लिए 'मेडिकल टूरिज्म' का केंद्र बनेगा। अब स्किन केयर और ब्यूटी ट्रीटमेंट के लिए दिल्ली या विदेश जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। राजस्थान की जनता को अब अपने घर में ही विश्व स्तरीय इलाज मिल सकेगा।



ये भी पढे़:-

बालिका सैनिक स्कूलों में भर्ती का सुनहरा अवसर, 18 मार्च तक कर सकेंगे आवेदन



गुरुजी की ड्यूटी में एक और तड़का, अब ब्लैक बोर्ड के बाद संभालेंगे गैस सिलेंडर का लेखा-जोखा!



दिल्ली में शाह से किरोड़ीलाल की मुलाकात, शिष्टाचार या राजस्थान की राजनीति में होने वाला है कोई बड़ा खेल



अब 'कसूरी' नहीं, 'नागौरी' कहिए! नागौर की पान मेथी को मिली पहचान, 500 करोड़ के कारोबार की तैयारी



Tags:
  • जयपुर
  • अंतरराष्ट्रीय
  • चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग
  • सवाई मानसिंह अस्पताल
  • गायत्री राठौड़