अब जोमैटो पर नहीं मिलेगी जयपुर की मशहूर कचौरी और घेवर, व्यापारियों ने किया बहिष्कार
समझें क्या है पूरा मामला
- जयपुर की मशहूर मिठाइयां अब Zomato पर नहीं मिलेंगी।
- 60 मिठाई आउटलेट्स ने Zomato से तोड़ा नाता।
- हलवाई समिति ने लगाया मनमानी का आरोप।
- LMB समेत कई बड़े प्रतिष्ठानों ने बंद की ऑनलाइन डिलीवरी।
- विवाद सुलझने तक Zomato पर नहीं मिलेगी जयपुरी मिठाई।
राजस्थान में जयपुर की पहचान बने प्याज की कचौरी, घेवर और मावा मिठाई अब जोमैटो के जरिए घर तक नहीं पहुंचेंगे। श्री हलवाई समिति के अनुसार जयपुर के करीब 60 आउटलेट ने 7 सितंबर से जोमैटो पर अपने स्टोर अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिए हैं। समिति का आरोप है कि जोमैटो की मनमानी और शिकायतों का समाधान न होने के कारण यह कदम उठाना पड़ा।
एक महीने से चल रही थी बातचीत
समिति के मुताबिक पिछले एक महीने से जोमैटो से कई बार पत्राचार और संपर्क किया गया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद जोमैटो का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया।
जब तक समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक संबंधित मिठाई और हलवाई प्रतिष्ठानों की जोमैटो पर ऑनलाइन डिलीवरी उपलब्ध नहीं होगी। ऐसे में ग्राहकों को पारंपरिक पकवान अब संबंधित दुकानों से सीधे खरीदने होंगे।
इन बड़े नामों ने लिया फैसला
इस फैसले का असर उन ग्राहकों पर पड़ सकता है, जो प्रसिद्ध मिठाइयां और नमकीन ऑनलाइन मंगाते हैं। बहिष्कार करने वाली सूची में एलएमबी, सोढ़ानी स्वीट्स एंड नमकीन, भगत मिष्ठान भंडार, कानजी, कन्हैयालाल हलवाई सांगानेर, बॉम्बे मिष्ठान भंडार और रावत मिष्ठान भंडार जैसे प्रमुख प्रतिष्ठान शामिल हैं।
एलएमबी के मालिक अजय अग्रवाल ने बताया कि जोमैटो की मनमानी के कारण यह कदम उठाया गया है। उनका कहना है कि व्यापारियों ने लगातार अपनी समस्याएं कंपनी के सामने रखीं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। इसके बाद सामूहिक रूप से जोमैटो से नाता तोड़ने का फैसला लिया गया।
ऑनलाइन फूड डिलीवरी बाजार पर पड़ेगा असर
स्थानीय बाजार के साथ-साथ पर्यटक भी जयपुर की कचौरी और मिठाइयों को खासा पसंद करते हैं। फूड डिलीवरी सेवाओं ने इन पारंपरिक स्वादों को शहर के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई है।
ऐसे में प्रमुख दुकानों का एक साथ प्लेटफॉर्म छोड़ना ऑनलाइन फूड डिलीवरी बाजार के लिए भी एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। अगर यह विवाद जल्द नहीं सुलझा, तो जयपुर में मिठाई-नमकीन डिलीवरी के कारोबार का पूरा समीकरण बदल सकता है।
ये खबर भी पढे़:-
CM भजनलाल आज पाली और कोटा में करेंगे रोड शो, कार्यकर्ताओं को देंगे जीत का मंत्र
ग्रामीण LPG उपभोक्ताओं को राहत: मंत्रालय ने घटाई बुकिंग समय सीमा, जानें नियम
उम्मेद अस्पताल को मिली शाबाशी, डॉक्टरों की कमी दूर करने पर बनी रणनीति
मंत्री खींवसर ने हटाने को चलाई थी नोटशीट, अब जाकर रिलीव हुए इंजीनियर मुकेश शर्मा