जयपुर के त्रिपोलिया बाजार में भीषण आग, 20 से ज्यादा दुकानें चपेट में; 15 दमकल गाड़ियां मौके पर

Jyoti Mahender Bhardwaj | Sept 17, 2026, 11:17 IST
जयपुर के त्रिपोलिया बाजार में भीषण आग, 20 दुकानें जलीं
जयपुर के त्रिपोलिया बाजार स्थित सेठी कॉम्प्लेक्स में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। 20 से ज्यादा दुकानें चपेट में आईं। मौके पर 15 से ज्यादा दमकल गाड़ियां पहुंचीं। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को वजह बताया गया है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • त्रिपोलिया बाजार में लगी भीषण आग, 20 दुकानें जलीं
  • जयपुर में आग बुझाने पहुंचीं 15 दमकल गाड़ियां
  • कार्टन से शुरू हुई आग ने लपेटा पूरा कॉम्प्लेक्स
  • फायर सेफ्टी उपकरण बंद मिलने से उठे सवाल
  • शॉर्ट सर्किट बना जयपुर की बड़ी आग की वजह

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के ऐतिहासिक त्रिपोलिया बाजार स्थित मणिहारों का कटला के सेठी कॉम्प्लेक्स में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई आग ने देखते ही देखते 20 से ज्यादा दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।



कपड़ों के कार्टन से शुरू हुई आग

जानकारी के अनुसार, सेठी कॉम्प्लेक्स की दूसरी मंजिल पर कपड़ों की दुकान के बाहर कार्टन में रखे सामान में आग लगी थी। धीरे-धीरे आग ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। प्रभावित दुकानों में कपड़ों के गोदाम, प्लास्टिक सामान और चूड़ी-बैंगल्स की दुकानें शामिल हैं।



आग तेजी से फैलने के कारण बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुकानों में रखे ज्वलनशील सामान के चलते आग पर काबू पाने में दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।



सुभाष चौक से चांदपोल तक दिखा धुआं

आग से उठने वाला धुआं सुभाष चौक से लेकर चांदपोल तक दिखाई दे रहा था। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर माणक चौक थाना स्थित है। धुआं उठता देखकर पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति संभालने में जुट गए।



सुबह करीब 8 बजे दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए 15 से ज्यादा दमकल गाड़ियां लगाई गईं। संकरी जगह और दुकानों में रखे सामान के कारण राहत कार्य में दिक्कतें सामने आईं।



बिजली बंद, फायर सेफ्टी उपकरणों की जांच

आग की घटना के बाद इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, बिल्डिंग में फायर सेफ्टी के लिए लगाए गए उपकरण बंद पड़े थे। इस कारण सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।



प्रशासन की ओर से घटनास्थल पर स्थिति का जायजा लिया गया और आग पर नियंत्रण पाने के प्रयास जारी रहे।



शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

माणक चौक थाना अधिकारी राकेश ख्यालिया ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में ज्यादातर कपड़ों की दुकानें हैं और बरामदों में रखा कपड़े का सामान आग की चपेट में आया।



पुलिस और नगर निगम प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। अधिकारियों के अनुसार, दुकान मालिक के पास फायर सेफ्टी से संबंधित एनओसी थी या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी।



फायर सेफ्टी व्यवस्था पर उठे सवाल

सेठी कॉम्प्लेक्स में लगी आग ने बाजारों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। संकरी गलियों और ज्वलनशील सामान वाली दुकानों के कारण ऐसे इलाकों में आग लगने पर राहत कार्य चुनौतीपूर्ण हो जाता है।



फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाने और नुकसान का आकलन करने की है। घटना में कितना आर्थिक नुकसान हुआ है, इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।



ये खबर भी पढे़:-

उपभोक्ता विवाद: मोतियाबिंद ऑपरेशन में नेग्लिजेंस, अब 6 लाख का मुआवजा देने का आदेश



राजस्थान निकाय-पंचायत चुनाव: OBC आरक्षण पर सरकार बोली- 50% सीमा में दिए गए पद



जयपुर डिजिटल अरेस्ट केस में तीसरा आरोपी गिरफ्तार, बुजुर्ग दंपती से ठगे थे 76 लाख



बीड़ पापड़ वन भूमि पर RIICO का कब्जा अवैध, NGT ने दिए 30 दिन में वापसी के आदेश





Tags:
  • दमकल
  • बिजली
  • फायर सेफ्टी
  • सुरक्षा व्यवस्था