जयपुर में 2 करोड़ के पन्ना रत्न चोरी, गुजरात की महिला गिरफ्तार; 200 CCTV कैमरों से मिला सुराग

Jyoti Mahender Bhardwaj | Oct 19, 2026, 11:28 IST
गुजरात की महिला गिरफ्तार
जयपुर के परकोटे में ई-रिक्शा से व्यापारी के बैग से 2 करोड़ रुपए से अधिक के पन्ना रत्न चोरी हुए। पुलिस ने करीब 200 CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर गुजरात की महिला को गिरफ्तार किया। आरोपी से चोरी के सभी 13 पैकेट बरामद हुए; पुलिस अन्य वारदातों और साथियों की जानकारी जुटा रही है।

जयपुर के परकोटे में ई-रिक्शा में व्यापारी के साथ बैठकर उसके बैग से 2 करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत के रत्न चोरी करने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गुजरात की रहने वाली है। पुलिस ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर महिला का सुराग लगाया। उसके कब्जे से चोरी किए गए पन्ना रत्नों के सभी 13 पैकेट बरामद किए गए हैं।



डीसीपी करण शर्मा ने बताया कि 15 अक्टूबर को एक जेमस्टोन ब्रोकर ने माणक चौक थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। व्यापारी अलग-अलग कारोबारियों से रत्नों के पैकेट लेकर दोपहर करीब 2:21 बजे गोपालजी के रास्ते से ई-रिक्शा में सांगानेरी गेट की तरफ जा रहा था। इसी दौरान उसके साथ बैठी महिला ने बैग से रत्नों के 13 पैकेट चुरा लिए और रास्ते में उतर गई।



बार-बार ई-रिक्शा बदलने से हुआ शक

मामले की जांच के लिए एसएचओ राकेश ख्यालिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सबसे पहले उस ई-रिक्शा का पता लगाया गया, जिसमें व्यापारी सफर कर रहा था। इसके बाद फुटेज के जरिए महिला की गतिविधियों पर नजर रखी गई।



जांच के दौरान एक महिला बार-बार ई-रिक्शा बदलती दिखाई दी। इससे पुलिस को उस पर शक हुआ। पुलिस ने उसकी गतिविधियों का पीछा किया तो पता चला कि वारदात के बाद वह शहर के बाहरी इलाके सायपुरा की कच्ची झुग्गी-झोपड़ियों में छिप गई थी। इसके बाद पुलिस ने मुखबिरों की मदद से उसकी पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।



2 करोड़ से ज्यादा के पन्ना रत्न बरामद

पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए रत्नों के 13 पैकेट बरामद किए हैं। इनमें 11.52 कैरेट के दो एमरल्ड राउंड, 144.66 कैरेट की चार एमरल्ड मणियां और 11 अन्य पैकेट में 942.52 कैरेट के एमरल्ड शामिल हैं। इनकी बाजार कीमत 2 करोड़ रुपए से अधिक बताई गई है। महिला को शिनाख्त परेड के लिए बापर्दा गिरफ्तार किया गया है। यानी उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है, ताकि पहचान परेड की प्रक्रिया प्रभावित न हो।



जौहरी बाजार में व्यापारियों की करती थी रेकी

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गुजरात से जयपुर आकर झुग्गी-झोपड़ियों में रह रही थी। वह खरीदार बनकर जौहरी बाजार और दूसरे बाजारों में व्यापारियों की दुकानों पर जाती थी। वहां व्यापारियों और रत्न दलालों की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद उनका पीछा करती थी।



पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच की जा रही है कि उसने पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं और इस चोरी में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से अन्य वारदातों और संभावित गिरोह के बारे में भी जानकारी मिल सकती है।



Tags:
  • जयपुर रत्न चोरी
  • जयपुर चोरी मामला
  • गुजरात की महिला गिरफ्तार
  • 2 करोड़ के पन्ना रत्न
  • माणक चौक थाना
  • जौहरी बाजार चोरी
  • जयपुर पुलिस
  • सीसीटीवी से खुलासा
  • Jaipur Emerald Theft
  • Jaipur Crime News