टाइगर श्रॉफ फायरिंग में जंगी एप का इस्तेमाल, विदेश से गैंगस्टर दे रहे थे निर्देश
बिना मोबाइल नंबर और ईमेल के बन जाता है अकाउंट
जंगी एप डाउनलोड करने के बाद लॉगिन के लिए मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी की जरूरत नहीं होती। एप कुछ ही सेकेंड में डाउनलोड हो जाता है और यूजर को 10 अंकों का एक यूनिक नंबर मिल जाता है। यही नंबर उसकी पहचान बन जाता है।
अकाउंट बनाते समय नाम की जगह कुछ भी लिखा जा सकता है। इसके बाद भी अकाउंट बन जाता है। इस एप पर चैट डिलीट करने के करीब 20 सेकेंड बाद वह सर्वर से भी हट जाती है। ऐसे में बातचीत का रिकॉर्ड मिलना मुश्किल हो जाता है।
सिग्नल एप छोड़कर जंगी एप पर आए गैंगस्टर
राजू ठेहट और सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में विदेश में बैठे गैंगस्टरों ने सिग्नल एप का इस्तेमाल किया था। पुलिस के मुताबिक, जांच एजेंसियों की नजर इस एप पर बढ़ने और रिकॉर्ड मिलने की आशंका के बाद गैंगस्टरों ने बातचीत के लिए जंगी एप का इस्तेमाल शुरू कर दिया।
पुलिसकर्मियों का कहना है कि जंगी एप से बातचीत का रिकॉर्ड नहीं मिल पाता। ऐसे में स्थानीय गुर्गे तो गिरफ्तार हो जाते हैं, लेकिन विदेश में बैठे मास्टरमाइंड तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। हथियारों की तस्करी जैसे मामलों में भी इस एप का इस्तेमाल किया जा रहा है।
झारखंड में सटोरिए की हत्या की तैयारी कर रहा था महेश नायक
सीकर पुलिस ने 16-17 अक्टूबर के बीच लॉरेंस गैंग के शूटर महेश नायक को नेहरू पार्क के पास से गिरफ्तार किया था। उसके पास से दो पिस्तौल, कारतूस और मैगजीन बरामद हुई थीं।
जांच में सामने आया कि महेश नायक विदेश में बैठे गैंगस्टर राहुल मीणा के संपर्क में था। उसके कहने पर वह झारखंड गया था, जहां उसे हथियार मिले थे। वहां एक बड़े सटोरिए की लोकेशन मिलने के बाद उसकी हत्या की योजना थी, लेकिन लोकेशन नहीं मिली तो वह वापस सीकर आ गया।
पुलिस के मुताबिक, दिल्ली के बदमाश प्रशांत ने महेश की बातचीत गैंग के रोहित मीणा से करवाई थी। रोहित ने ही महेश के मोबाइल में जंगी एप डाउनलोड करवाया था। इसके बाद वह इसी एप के जरिए निर्देश ले रहा था।
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में भी इसी एप का इस्तेमाल
टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के मामले में जांच के दौरान जंगी एप का इस्तेमाल सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात में शामिल आरोपी कुणाल के एक दोस्त ने उसकी बातचीत मास्टरमाइंड अनिल पंडित से करवाई थी।
इसके बाद अनिल ने जंगी एप के जरिए संपर्क करना शुरू किया। रेहान और ऋतिक भी इस बातचीत से जुड़े। जांच में सामने आया कि शूटर्स को हथियारों की सप्लाई, लोकेशन और दूसरे निर्देश इसी एप के जरिए दिए गए थे।
जंगी एप से विदेश में बैठे गैंगस्टर दे रहे निर्देश
पुलिस जांच में सामने आया है कि विदेश में बैठे गैंगस्टर जंगी एप के जरिए भारत में अपने लोकल गुर्गों से संपर्क कर रहे हैं। इसी एप पर हथियारों की सप्लाई, लोकेशन और वारदात से जुड़े निर्देश दिए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि जंगी एप 18 दिसंबर 2024 को भारत में बैन हो चुका है। इसके बावजूद यह गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। दुनिया भर में इसके करीब 5 करोड़ से ज्यादा यूजर्स बताए जा रहे हैं। इस एप पर यूजर की वास्तविक पहचान पता करना भी मुश्किल है।
बिना सिम कार्ड और वाई-फाई से भी चलता है एप
जंगी एप को चलाने के लिए मोबाइल में सिम कार्ड होना जरूरी नहीं है। इंटरनेट कनेक्शन होने पर यह एप वाई-फाई से भी चल सकता है। पुलिस के मुताबिक, अपराधी वारदात के समय मोबाइल में सिम कार्ड नहीं रखते। वे किसी दूसरे व्यक्ति या अनजान जगह के इंटरनेट कनेक्शन से एप चलाकर बातचीत करते हैं। इससे उनकी पहचान और लोकेशन पता करना मुश्किल हो जाता है।
यह खबर क्यों जरूरी है
जंगी एप का इस्तेमाल गैंगस्टरों के बीच बातचीत और वारदात की प्लानिंग में होने से पुलिस के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है। स्थानीय बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद भी विदेश में बैठे मास्टरमाइंड तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है।
टाइगर श्रॉफ फायरिंग और सीकर में शूटर की गिरफ्तारी के मामलों में इस एप का इस्तेमाल सामने आने से जांच एजेंसियां इसके जरिए होने वाले संपर्कों पर ध्यान दे रही हैं।
आगे क्या?
पुलिस दोनों मामलों में जंगी एप के जरिए हुई बातचीत और संपर्कों की जांच कर रही है। पूछताछ के बाद विदेश में बैठे गैंगस्टरों और स्थानीय गुर्गों के नेटवर्क से जुड़े नए खुलासे हो सकते हैं।