विधायक जी फर्जी डिग्री से बने थे टीचर, 5 साल वेतन लिया, अब FIR

Jageshwar prasad | Jun 13, 2026, 11:10 IST
डिग्री घोटाला में फंसे BAP विधायक जयकृष्ण पटेल
राजस्थान के बागीदौरा से BAP विधायक जयकृष्ण पटेल पर SOG ने फर्जी डिग्री से शिक्षक बनने का केस दर्ज किया है। पटेल ने तीन राज्यों से एक सत्र में डिग्री ली थी। पहले ACB ने रिश्वत में पकड़ा था और 3 महीने जेल में रहे थे।

समझें क्या है पूरा मामला

  • BAP बागीदौरा विधायक जयकृष्ण पटेल पर फर्जी डिग्री का मामला दर्ज।
  • तीन राज्यों से एक ही सत्र में ली बीए की डिग्री।
  • जिन दो यूनिवर्सिटी से डिग्री ली, वे 2015 में बंद हो चुकी हैं।
  • पांच साल तक सरकारी शिक्षक रहे, लाखों का वेतन उठाया।
  • इससे पहले ACB ने रिश्वत लेते हुए भी किया था गिरफ्तार।

राजस्थान के बागीदौरा विधानसभा क्षेत्र (बांसवाड़ा) से भारत आदिवासी पार्टी यानी BAP के विधायक जयकृष्ण पटेल पर SOG ने फर्जी डिग्री से सरकारी शिक्षक बनने का मामला दर्ज किया है। पटेल ने राजस्थान, गुजरात और सिक्किम तीन राज्यों से एक ही सत्र में बीए की डिग्री ली थी।



उन्होंने पांच साल तक सरकारी खजाने से लाखों रुपए वेतन उठाया। इससे पहले साल 2025 में ACB ने उन्हें विधानसभा में सवाल पूछने के बदले रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। वे करीब तीन महीने जेल में रहे थे।



कौन हैं जयकृष्ण पटेल?

जयकृष्ण पटेल बांसवाड़ा जिले की आनंदपुरी तहसील के कानेला गांव के रहने वाले हैं। कॉलेज की राजनीति में सक्रिय रहे और राजकुमार रोत के साथ काम किया। पहले BTP (Bharatiya Tribal Party) में थे, फिर BAP में शामिल हुए। साल 2024 में बागीदौरा से दूसरी बार चुनाव लड़ा और जीते।



तीन राज्यों से डिग्री लेने का फर्जीवाड़ा

SOG के ADG विशाल बंसल के अनुसार, पटेल ने एक ही सत्र में तीन अलग-अलग राज्यों की यूनिवर्सिटी से डिग्री हासिल की। उन्होंने साल 2007 में उदयपुर की सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में रेगुलर छात्र के तौर पर बीए में दाखिला लिया। द्वितीय वर्ष में अंग्रेजी में फेल भी हो गए।



इसी दौरान सिक्किम की EIILM यूनिवर्सिटी (Eastern Institute for Integrated Learning in Management University) से 73.85 प्रतिशत अंकों के साथ बीए की डिग्री बनवा ली। 2012 में गुजरात की कालोरेक्स टीचर्स यूनिवर्सिटी से भी एक और बीए डिग्री ली।



दोनों यूनिवर्सिटी हो चुकी हैं बंद

EIILM यूनिवर्सिटी और कालोरेक्स टीचर्स यूनिवर्सिटी दोनों को राज्य सरकार और UGC ने फर्जी तरीके से डिग्री बांटने के कारण साल 2015 में बंद करा दिया था। यानी जिन यूनिवर्सिटी से डिग्री ली, वे ही फर्जी निकलीं।



चुनावी शपथ पत्र में भी डिग्री दिखाई

विधायक पटेल ने बागीदौरा विधानसभा चुनाव 2023 और उपचुनाव में भरे शपथ पत्र में गुजरात की कालोरेक्स यूनिवर्सिटी की 2012 की डिग्री दर्शाई थी।



जबकि साल 2010 में सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में बीए फाइनल परीक्षा दे रहे थे और 2011 में सिक्किम की डिग्री भी बता रखी है। एक ही समय में तीन जगह पढ़ाई संभव नहीं है।



5 साल वेतन लिया, फिर इस्तीफा दिया

इसी फर्जी डिग्री के दम पर जयकृष्ण पटेल ने सरकारी शिक्षक की नौकरी हासिल की। पांच साल तक सरकारी खजाने से लाखों रुपए वेतन उठाया। साल 2023 में विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने सरकारी नौकरी से इस्तीफा दे दिया।



रिश्वत में भी पकड़ाए थे

फर्जी डिग्री मामले से पहले ही जयकृष्ण पटेल विवादों में घिर चुके थे। 4 मई 2025 को ACB ने उन्हें विधायक आवास से गिरफ्तार किया था। आरोप था कि उन्होंने विधानसभा में खान से जुड़े तीन सवाल पूछे थे और उन्हें वापस लेने के बदले 10 करोड़ रुपए मांगे थे। फिर सौदा 2.50 करोड़ रुपए में तय हुआ था।



शिकायतकर्ता रवींद्र सिंह ने 4 अप्रैल 2025 को ACB से संपर्क किया था। ACB ने विधायक का मोबाइल सर्विलांस पर लिया। 15 अप्रैल को शिकायतकर्ता ने एक लाख रुपए दिए। 4 मई को विधायक ने जयपुर बुलाया, पार्किंग में कार में बैठकर पैसे गिने और उसी शाम ACB ने गिरफ्तार कर लिया।



यह राजस्थान में पहला मामला था जब किसी विधायक को रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।



आगे क्या हो सकता है

कानूनी जानकारों के अनुसार, जांच में फर्जीवाड़ा प्रमाणित होने पर विधायक पर धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने के मामले में कड़ी कार्रवाई हो सकती है। विधायकी पर भी खतरा बन सकता है।



FAQ

  1. BAP विधायक जयकृष्ण पटेल पर SOG ने क्या केस दर्ज किया है?
    SOG ने विधायक जयकृष्ण पटेल के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि उन्होंने फर्जी बीए डिग्री के दम पर सरकारी शिक्षक की नौकरी हासिल की और 5 साल तक वेतन लिया।
  2. BAP विधायक जयकृष्ण पटेल ने कितनी और कहां-कहां से डिग्री ली थी?
    पटेल ने एक ही समय में तीन राज्यों से डिग्री ली। सुखाड़िया यूनिवर्सिटी उदयपुर में रेगुलर छात्र थे, साथ ही EIILM यूनिवर्सिटी सिक्किम और कालोरेक्स टीचर्स यूनिवर्सिटी गुजरात से भी बीए की डिग्री हासिल की। दोनों यूनिवर्सिटी को UGC ने 2015 में बंद करा दिया था।
  3. क्या BAP विधायक जयकृष्ण पटेल पहले भी गिरफ्तार हो चुके हैं?
    हां, 4 मई 2025 को ACB ने उन्हें विधानसभा में सवाल वापस लेने के बदले रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। यह राजस्थान में पहला मामला था जब किसी विधायक को रिश्वत लेते पकड़ा गया। वे करीब तीन महीने जेल में रहे।


ये भी पढ़ें:-

झूठी शिकायतों से RTU स्टाफ को डराता था महंत देवानंद हत्याकांड का आरोपी



सफाई में लापरवाही पड़ी भारी, बूंदी के 12 अधिकारी निलंबित



चिकित्सा मंत्री फिर विवाद में आए, बोले-आप पता करो, महिलाएं चलते आईं या नाचते



पूर्व मंत्री महेश जोशी को झटका, गिरफ्तारी को अवैध बताने वाली याचिका खारिज



Tags:
  • भारत आदिवासी पार्टी
  • acb
  • फर्जी डिग्री
  • BAP
  • SOG
  • बागीदौरा विधायक जयकृष्ण पटेल