तस्कर दोस्तों ने शादी के जश्न में उड़ाए नोट, दुल्हा बने पुलिस जवान को धोना पड़ा नौकरी से हाथ
News in Short
- झालावाड़ के भालता थाने में कार्यरत सिपाही अशोक विश्नोई ने अपनी शादी में मादक पदार्थ तस्करों को बुलाया।
- शादी के दौरान तस्करों ने डांस किया और डांसर पर नोटों की बारिश की, जिसका वीडियो और फोटो वायरल हुआ।
- वायरल वीडियो के बाद पुलिस अधीक्षक ने सिपाही अशोक विश्नोई को बर्खास्त कर दिया।
- सिपाही की शादी में 8 अपराधी शामिल थे, जिनमें तस्कर और अन्य अपराधी शामिल थे।
- एसपी के अनुसार शामिल तस्करों के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें मादक पदार्थों के तस्करी के मामले शामिल हैं।
News in Detail
राजस्थान में झालावाड़ जिले में कार्यरत पुलिस जवान अशोक विश्नोई की शादी में नशा तस्कर और अपराधी शामिल हुए। शादी में तस्करों ने डांस के दौरान नोट उड़ाए। शादी के जश्न का वीडियो और फोटो वायरल हो गए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बड़ी कार्रवाई कर जवान अशोक विश्नोई को बर्खास्त कर दिया।
शादी में तस्करों की मौजूदगी
पुलिस सूत्रों के अनुसार नागौर में 1 और 2 फरवरी को पुलिस जवान अशोक विश्नोई की हुई शादी में मादक पदार्थ तस्करों समेत 8 अपराधी शामिल हुए। इनमें झालावाड़ का पप्पू तंवर, दुर्गालाल तंवर, रमेश तंवर, रामगोपाल तंवर, रामबाबू, अतीक मोहम्मद, मांगीलाल भील और चैन सिंह तंवर शामिल थे। शादी के इस कार्यक्रम में अपराधियों ने डांस किया और डांसर पर नोट भी बरसाए।
एसपी का कार्रवाई पर सख्त रुख
एसपी अमित कुमार ने इस मामले की जांच करवाई और पाया कि सिपाही ने हार्डकोर अपराधियों को आमंत्रित किया था। इसके बाद शनिवार को एसपी ने अशोक विश्नोई को सेवा से बर्खास्त कर दिया। अशोक विश्नोई दिसम्बर 2015 में सिपाही के रूप में भर्ती हुआ था।
वायरल वीडियो और फोटो से गई नौकरी
अशोक विश्नोई की शादी में तस्करों के शामिल होने के बाद वहां के वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इन वीडियो में तस्कर डांसर पर नोट लुटाते हुए नजर आए, जो पुलिस कार्रवाई के लिए एक बड़ा सबूत बन गया।
पुलिस रिकॉर्ड में कई प्रकरण
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सिपाही के शादी समारोह में शामिल तस्करों के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। पप्पू तंवर के खिलाफ 6 मामले, रामबाबू और अतीक मोहम्मद के खिलाफ 5-5 मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कई मामले दर्ज हैं।
सूरज की धूप से लेकर सर्द रातों तक, आज एमपी, सीजी और राजस्थान के मौसम में दिखेगा उतार-चढ़ाव