जोधपुर आयुर्वेद यूनिवर्सिटी में छात्राओं से छेड़छाड़ का मामला, आरोपी प्रोफेसर की अश्लील चैट सामने आई
आयुर्वेद यूनिवर्सिटी में छात्राओं से अश्लील हरकतों और यौन उत्पीड़न के आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर डॉक्टर अजीत सिंह चारण की इंस्टाग्राम चैट सामने आई है। आरोप है कि प्रोफेसर छात्राओं को अश्लील मैसेज भेजता था और उन पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालता था। बात नहीं मानने पर परीक्षा में फेल करने की धमकी भी देता था।
पुलिस ने असिस्टेंट प्रोफेसर चारण का मोबाइल जब्त कर लिया है। मोबाइल से इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप की पुरानी चैट भी वापस निकाली गई है। पुलिस के मुताबिक, जांच में छात्राओं को भेजे गए आपत्तिजनक मैसेज मिले हैं, जो उनके आरोपों से जुड़े अहम सबूत बन सकते।
छात्रा से कहा- किसी को पता नहीं चलेगा
सामने आई चैट के मुताबिक, आरोपी प्रोफेसर अजीत सिंह छात्रा पर मिलने का दबाव डालता था। वह छात्रा की ड्रेस और आंखों को लेकर आपत्तिजनक बातें करता था। उसने छात्रा से दोस्ती करने के लिए भी कहा था। चैट में प्रोफेसर ने छात्रा से परीक्षा की चिंता नहीं करने और उनकी बातचीत के बारे में किसी को पता नहीं चलने देने जैसी बातें भी कही थीं।
आरोप है कि प्रोफेसर छात्राओं पर भद्दे कमेंट करता था और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालता था। मना करने पर परीक्षा में फेल करने और करियर खराब करने की धमकी देता था। चैट में छात्राओं को प्रैक्टिकल परीक्षा में पास कराने को लेकर भी बातचीत सामने आई है।
प्रैक्टिकल फाइल दिखाने के दौरान की आपत्तिजनक टिप्पणी
शिकायत के अनुसार, फरवरी 2026 में प्रैक्टिकल फाइल दिखाने के दौरान आरोपी प्रोफेसर ने एक छात्रा के शरीर और आंखों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसके बाद उसने कथित तौर पर छात्रा का मोबाइल लेकर उसका फोन नंबर और इंस्टाग्राम आईडी हासिल कर ली। फिर सोशल मीडिया के जरिए परेशान करना शुरू कर दिया।
आरोप है कि प्रोफेसर छात्रा को अपने केबिन और कमरे में बुलाता था और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालता था। छात्रा के विरोध करने पर वह खुद को प्रिंसिपल का करीबी बताकर करियर बर्बाद करने की धमकी देता था।
पास कराने के नाम पर पैसे मांगने का भी आरोप
मामले में प्रैक्टिकल में पास कराने के नाम पर पैसे मांगने का आरोप भी सामने आया है। इंस्टाग्राम चैट में पैसों के लेनदेन को लेकर बातचीत होने की बात कही गई है। आरोपी कथित तौर पर छात्राओं को भरोसा दिलाता था कि वह और प्रिंसिपल मिलकर उन्हें पास करा सकते हैं।
प्रदर्शन के बाद दर्ज हुआ था मामला
10 अक्टूबर को छात्राओं ने यूनिवर्सिटी परिसर में आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ प्रदर्शन किया था। इसके अगले दिन यानी 11 अक्टूबर को थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई। मामला सामने आने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने आरोपी प्रोफेसर चारण को बर्खास्त कर दिया था। पुलिस ने भी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
थानाधिकारी परमेश्वरी के मुताबिक, जांच के दौरान आरोपी का मोबाइल जब्त किया गया और इंस्टाग्राम व वॉट्सऐप का डेटा रिकवर किया गया। इसमें छात्राओं को आपत्तिजनक संदेश भेजने के सबूत मिले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चैट सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपों की पड़ताल की जा रही है।