राजस्थान को मिली एक और अमृत भारत एक्सप्रेस, इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
News In Short
- रेलवे ने जोधपुर - मऊ तक अमृत भारत एक्सप्रेस को नियमित करने का फैसला किया है।
- पहले होली स्पेशल ट्रेन के रूप में चलाई गई थी, लेकिन अच्छे यात्रीभार के कारण इसे स्थायी कर दिया गया।
- यह ट्रेन रविवार को जोधपुर से और मंगलवार को मऊ से चलेगी होगी।
- ट्रेन का ठहराव राजस्थान के जयपुर, फुलेरा, मकराना, भरतपुर सहित कई स्टेशनों पर रहेगा।
- इस से राजस्थान और उत्तर प्रदेश के यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
News In Detail
रेलयात्रियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। भारतीय रेलवे ने राजस्थान को दूसरी अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात दी है। होली पर्व के दौरान चलाई गई राजस्थान के जोधपुर- उत्तर प्रदेश के मऊ स्पेशल ट्रेन को अब नियमित कर दिया गया है। इसे अब जोधपुर-मऊ अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में संचालित किया जाएगा।
होली स्पेशल ट्रेन को मिला नियमित दर्जा
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 04823/04824 जोधपुर-मऊ होली स्पेशल ट्रेन को यात्रियों की अच्छी संख्या को देखते हुए नियमित किया गया है। अब इस ट्रेन का संचालन 14809/14810 जोधपुर-मऊ अमृत भारत एक्सप्रेस के नाम से किया जाएगा। इस संबंध में रेल मंत्रालय की ओर से आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। नई व्यवस्था के अनुसार यह ट्रेन रविवार को जोधपुर से और मंगलवार को मऊ से रवाना होगी।
इन प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा ठहराव
जोधपुर-मऊ अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख स्टेशनों पर रखा गया है। इससे छोटे शहरों के यात्रियों को भी सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा।
राजस्थान में यह ट्रेन पीपर रोड जंक्शन, गोटन, मेड़ता रोड जंक्शन, रेन, डेगाना जंक्शन, मकराना जंक्शन, कुचामन सिटी, नावां सिटी, फुलेरा जंक्शन, जयपुर जंक्शन, बांदीकुई जंक्शन, मंडावर महवा रोड, खेड़ली, नदबई और भरतपुर स्टेशनों पर रुकेगी।
इसके बाद ट्रेन उत्तर प्रदेश में प्रवेश करते हुए मथुरा, कासगंज, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या और आजमगढ़ स्टेशनों पर भी ठहराव करेगी। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इन स्टेशनों पर ठहराव से क्षेत्रीय यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
राजस्थान में पहले से चल रही है मदार-दरभंगा अमृत भारत ट्रेन
राजस्थान में इससे पहले भी एक अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन संचालित हो रही है। यह ट्रेन मदार (अजमेर) और दरभंगा (बिहार) के बीच चलती है। इस साप्ताहिक रेल सेवा की शुरुआत पिछले साल 3 अक्टूबर को की गई थी। यह ट्रेन हर शुक्रवार रात 9:25 बजे मदार से रवाना होकर रविवार रात 12:45 बजे दरभंगा पहुंचती है।
वापसी में यह ट्रेन रविवार सुबह 4:15 बजे दरभंगा से चलकर सोमवार दोपहर 1:20 बजे मदार पहुंचती है।
ये भी पढ़े:-
एएसआई को बंधक बना मारपीट, साइबर आरोपियों को पकड़ने गई थी पुलिस
गेहूं के कट्टे को खोला तो निकले 15 लाख के जेवर, व्यापारी की नेकदिली ने जीत लिया सबका दिल