करौली में ट्रांसफार्मर देने के बदले रिश्वत लेते डिस्कॉम कर्मचारी गिरफ्तार
समझें क्या है पूरा मामला
- करौली में ट्रांसफार्मर के बदले रिश्वत लेते डिस्कॉम कर्मचारी गिरफ्तार।
- 9 हजार की रिश्वत मांगी, 8 हजार लेते ACB ने दबोचा।
- AEN कार्यालय परिसर में हुई एसीबी की ट्रैप कार्रवाई।
- आरोपी की पैंट की जेब से बरामद हुई रिश्वत की रकम।
- जला ट्रांसफार्मर बदलवाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप।
करौली। राजस्थान के करौली जिले के हिंडौन सिटी में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने जयपुर डिस्कॉम के एक कर्मचारी को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जगदीश बैरवा के रूप में हुई है। वह सहायक अभियंता कार्यालय ए-द्वितीय, जयपुर डिस्कॉम, हिंडौन सिटी में टेक्नीशियन प्रथम और सहायक स्टोर कीपर के पद पर कार्यरत है।
एसीबी के अनुसार, आरोपी पर जले हुए बिजली ट्रांसफार्मर के बदले नया ट्रांसफार्मर जारी करवाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत के आधार पर पहले रिश्वत मांगने का सत्यापन कराया गया। पुष्टि होने के बाद एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई की।
नया ट्रांसफार्मर देने के बदले मांगे 9 हजार रुपए
जानकारी के अनुसार, परिवादी का बिजली ट्रांसफार्मर जल गया था। नया ट्रांसफार्मर प्राप्त करने के लिए पुराने जले हुए ट्रांसफार्मर को संबंधित कार्यालय में जमा कराना था।
आरोप है कि इसी प्रक्रिया के तहत नया ट्रांसफार्मर जारी करने के बदले टेक्नीशियन जगदीश बैरवा ने 9 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। रिश्वत मांगने से परेशान परिवादी ने एसीबी चौकी करौली में शिकायत दी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी अधिकारियों ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। इस दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर कार्रवाई की योजना बनाई गई।
AEN कार्यालय परिसर में पकड़ा गया आरोपी
एसीबी के अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को आरोपी ने परिवादी को रिश्वत की रकम लेकर सहायक अभियंता कार्यालय परिसर में बुलाया था। परिवादी ने आरोपी को 8 हजार रुपए दिए।
रकम देने के बाद परिवादी के इशारा करते ही एसीबी की टीम ने मौके पर दबिश दी और जगदीश बैरवा को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान रिश्वत की रकम आरोपी की पैंट की सामने वाली दाहिनी जेब से बरामद की गई।
एसीबी की कार्रवाई के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रिश्वत मांगने और ट्रांसफार्मर जारी करने के मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला
यह कार्रवाई एसीबी भरतपुर रेंज के अधिकारियों की निगरानी में की गई। ट्रैप दल का नेतृत्व एसीबी करौली के पुलिस निरीक्षक जगदीश भारद्वाज ने किया।
एसीबी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
यह खबरें भी पढ़ें...
राजस्थान में मानसून की विदाई तेज, जैसलमेर में पारा 40.5 डिग्री; 25 सितंबर को बारिश के आसार
जोधपुर नगर निगम चुनाव 2026: महापौर प्रत्याशी नामांकन पर 'आपत्ति वॉर'!
निकाय प्रमुख चुनाव से पहले बढ़ा तनाव, डोटासरा बोले- खून-खराबा हुआ तो कौन जिम्मेदार?
जोधपुर निगम चुनाव: 51 के जादुई आंकड़े की रसाकशी में पार्षद का अपहरण, FIR से गरमाई सियासत