केतन-सिया की राजस्थान में होनी थी वेडिंग, 17 करोड़ का था भारी-भरकम बजट

Ashish Bhardwaj | Jun 24, 2026, 20:12 IST
Photograph: (the sootr)
पुणे के लोहागढ़ किले में जिस बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की हत्या हुई, उसकी राजस्थान में शादी होनी थी। वेडिंग के लिए राजस्थान में होटल बुक हो चुके थे। यही वेडिंग केतन की मौत की वजह बन गई।

ऐसे समझें पूरा मामला

  • पुणे के लोहागढ़ किले में केतन अग्रवाल की मौत का कनेक्शन राजस्थान से जुड़ा।
  • सिया ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मंगेतर केतन को गहरी खाई में धकेल दिया।
  • हत्या से पहले केतन और सिया के परिवार ने वेडिंग का स्थल राजस्थान चुना था।
  • दोनों परिवारों ने डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए जयपुर में हेरिटेज होटल कराया था बुक।
  • शादी के आयोजन पर 17 करोड़ रुपए का भारी-भरकम बजट रखा गया था।

Udaipur: महाराष्ट्र में पुणे के ​लोहागढ़ किले में बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की मौत का कनेक्शन राजस्थान से जुड़ा है।



केतन की सिया के साथ जयपुर में ग्रैंड वेडिंग होने वाली थी। लेकिन, इसके पहले ही सिया ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मंगेतर केतन को गहरी खाई में धकेल दिया।



इस मामले में महाराष्ट्र पुलिस ने आरोपी सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने जब अपनी जांच आगे बढ़ाई तो साजिश का पर्दाफाश हुआ।



इस पूरी साजिश के केंद्र में थी राजस्थान में होने वाली डेस्टिनेशन वेडिंग। इसी के लिए हत्या का यह खेल रचा गया।



ऐसे हुआ केतन और सिया का रिश्ता

25 वर्षीय केतन अग्रवाल अमेरिका के बोस्टन से मास्टर्स की डिग्री पूरी कर लौटे थे। अपने पिता विशाल अग्रवाल के रियल एस्टेट बिजनेस में डायरेक्टर थे।



इसी साल फरवरी में केतन का परिवार कर्नाटक के गुलबर्गा में एक शादी में शामिल होने गया था। यहीं उनकी मुलाकात सिया गोयल के परिवार से हुई। दोनों परिवार 1990 के दशक से एक-दूसरे को जानते थे।


​


बातचीत इतनी तेजी से आगे बढ़ी कि 12 और 13 फरवरी को दोनों परिवारों ने रिश्ता तय किया और महज एक हफ्ते बाद 19 फरवरी को पुणे के एक होटल में केतन और सिया की सगाई हो गई।





केतन मर्डर


वेडिंग के लिए जयपुर में बुक कराया हेरिटेज होटल

इस रिश्ते को लेकर दोनों परिवार बेहद उत्साहित थे। नवंबर 2026 में राजस्थान में केतन और सिया की भव्य डेस्टिनेशन वेडिंग की पूरी प्लानिंग हो चुकी थी।



राजस्थान में जयपुर का हेरिटेज पैलेस इस वेडिंग के लिए बुक किया जा चुका था। इतना ही नहीं, मेहमानों को शाही अंदाज में राजस्थान पहुंचाने के लिए दो स्पेशल चार्टर्ड फ्लाइट्स तक बुक कर ली गई थीं।



केतन और उनके परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि जिस राजस्थान की शादी के वे सपने देख रहे हैं, उसकी आड़ में मौत का जाल बुना जा रहा है।



पहले उदयपुर, फिर जयपुर को लेकर बनी सहमति

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पहले शादी के लिए पहले उदयपुर के एक रिसॉर्ट (वेडिंग वेन्यु) बुक कराने की बात थी। मेहमानों के लिए पुणे से उदयपुर के लिए डायरेक्ट फ्लाइट नहीं होने पर वहां का कार्यक्रम टाल दिया।



बाद में दोनों परिवारों के बीच जयपुर में डेस्टिनेशन वेडिंग करने पर सहमति बनी। इस वेडिंग का कुल बजट लगभग 17 करोड़ बताया जा रहा है। इन परिवारों ने शादी पर दिल खोलकर खर्च करना तय किया था।



रिपोर्ट बताती हैं कि बजट का एक बड़ा हिस्सा जयपुर के हेरिटेज होटल की बुकिंग, नामचीन शेफ, हाई-टेक सिक्योरिटी और कस्टमाइज्ड थीम डेकोरेशन पर खर्च होना था।





केतन-मर्डर


​सीसीटीवी फुटेज से खुला तीसरे का राज

​18 जून को लोहागढ़ किले से 350 मीटर गहरी खाई में गिरकर केतन की मौत हो गई। 21 जून को लोनावला रूरल पुलिस की टीम जांच के लिए किले पर पहुंची। सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो कहानी पूरी तरह बदल गई।



​फुटेज में केतन और सिया के ठीक पीछे एक संदिग्ध शख्स हुडी पहने नजर आया। कड़कती गर्मी के दिन भी उसने चेहरा छिपाने के लिए हुडी डाल रखी थी। पुलिस ने देखा कि सिया हर दो-तीन मिनट में पीछे मुड़कर उसे देख रही थी।



एक जगह सिया ने अपने चेहरे के पास हाथ ले जाकर कोई इशारा किया। हुडी वाले शख्स ने उसका जवाब दिया। बस यहीं से पुलिस का शक यकीन में बदल गया।





केतन मर्डर केस


​बयानों में बदलाव और कातिल बॉयफ्रेंड की एंट्री

​जांच में सामने आया कि वह हुडी वाला शख्स कोई और नहीं, बल्कि सिया का बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी था। वह पुणे में बीबीए की पढ़ाई कर रहा है।



सिया और चेतन पिछले साल अक्टूबर से रिलेशनशिप में थे। सिया ने इस शादी को रोकने के लिए केतन की हत्या का प्लान बनाया ताकि उसकी राजस्थान वाली शादी कभी न हो सके।



​पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की, तो सिया के बयानों का झूठ सामने आ गया। सिया ने पहले कहा कि फोटो खींचते वक्त केतन का पैर फिसल गया।



फिर उसने कहा कि वह थक कर बैठ गई थी। केतन जब उसे पानी की बोतल दे रहा था, तब उसका संतुलन बिगड़ गया। पुलिस को पता चला कि जिस जगह का दावा सिया कर रही थी, वहां बैठने की जगह ही नहीं थी और वह बेहद सुनसान इलाका था।



​चेतन भी इस साजिश में पूरी तैयारी के साथ आया था। उसने पुलिस को चकमा देने के लिए अपने सारे फोन घर छोड़ दिए थे। अपनी दुकान के एक कर्मचारी का मोबाइल साथ लाया था।



​लोहागढ़ में तीसरी बार मिली मौत

​जांच में यह भी चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि राजस्थान में सात फेरे लेने से पहले केतन और सिया का बाली (इंडोनेशिया) में एक भव्य प्री-वेडिंग फोटोशूट होना था।



लेकिन सिया इस शादी से किसी भी कीमत पर बचना चाहती थी। उसने केतन का पासपोर्ट ही छिपा दिया, जिसके चलते उन्हें मुंबई एयरपोर्ट से वापस लौटना पड़ा और बाली की ट्रिप कैंसिल हो गई।


​


इसके बाद सिया ने केतन को ठिकाने लगाने के लिए लोहागढ़ किले को चुना। वह 18 जून से पहले भी दो बार केतन को वहां ले गई थी, लेकिन मौका नहीं मिल पाया।



यहां तक कि एक बार उसने केतन को धक्का देने की कोशिश भी की थी। आखिरकार, तीसरी बार में वह और उसका बॉयफ्रेंड अपने खौफनाक इरादे में कामयाब हो गए।



ये खबर भी पढे़:-

चोर समझकर दो युवकों को बंधक बनाया, फिर किया अधमरा, आए थे ससुराल



8 प्रसूताओं की जिंदगी से खेलने वाली 25 दवाओं पर रोक, AIIMS को भेजी रिपोर्ट



राजस्थान में प्रसूता संकट गहराया, नागौर और डीडवाना में भी दो मौतें



जैश-ए-मोहम्मद की महिला स्लीपर सेल गिरफ्तार, ऑनलाइन किया था धर्म परिवर्तन




​

Tags:
  • राजस्थान
  • लोहागढ़ किले
  • केतन अग्रवाल
  • सिया गोयल
  • चेतन चौधरी