अलवर में स्कूल जा रही छात्रा का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म, आक्रोशित ग्रामीणों ने फूंकी आरोपियों की गाड़ी

Jageshwar prasad | Apr 25, 2026, 12:53 IST
Photograph: (the sootr)
अलवर में स्कूल जा रही 15 वर्षीय छात्रा का अपहरण कर तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने हाथ बांधकर और आंखों पर पट्टी बांधकर किडनेप किया। ग्रामीणों के आक्रोश को देख आरोपी गाड़ी छोड़कर भागे। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

News In Short

  • अलवर में पैदल स्कूल जा रही 11वीं की छात्रा का बदमाशों ने किया अपहरण।
  • अपहरण के बाद तीन आरोपियों ने अज्ञात जगह ले जाकर छात्रा का किया गैंगरेप।
  • आरोपियों ने आपत्तिजनक वीडियो बनाए और पीड़िता को भाई की हत्या की धमकी दी।
  • ग्रामीणों की भीड़ देख आरोपी गाड़ी छोड़ भागे, जिसे लोगों ने आग के हवाले किया।
  • पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को दबोचा।

News In Detail

Alwar: राजस्थान के अलवर जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक वारदात सामने आई है। स्कूल जा रही 11वीं कक्षा की एक 15 वर्षीय मासूम छात्रा को दरिंदों ने अपनी हवस का शिकार बनाया। वारदात के बाद जब आरोपी छात्रा को वापस छोड़ने आए, तो ग्रामीणों के भारी आक्रोश को देखकर उन्हें अपनी गाड़ी छोड़कर भागना पड़ा। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों की गाड़ी को आग के हवाले कर दिया।



दिनदहाड़े अपहरण और आंखों पर पट्टी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार (23 अप्रैल) की सुबह करीब 8 बजे जब छात्रा पैदल अपने स्कूल जा रही थी, तभी घात लगाए बैठे अपराधियों ने इस साजिश को अंजाम दिया। रास्ते में एक गाड़ी रुकी, जिसमें से दो युवक उतरे और छात्रा को जबरन अंदर खींच लिया।



मासूम बचाने की गुहार न लगा पाए और रास्ता न देख पाए, इसके लिए हैवानों ने उसके हाथ रस्सी से बांध दिए और आंखों पर पट्टी बांध दी। रास्ते में एक और साथी इस घिनौने कृत्य में शामिल हुआ। तीनों दरिंदे उसे एक अज्ञात कमरे में ले गए, जहां बारी-बारी से उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया गया।



वीडियो बनाकर दी भाई को भी जान से मारने की धमकी

दरिंदगी यहीं नहीं रुकी। आरोपियों ने पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। मासूम को डराने के लिए उन्होंने धमकी दी कि यदि उसने किसी को कुछ बताया, तो उसके भाई को भी जान से मार दिया जाएगा।



ग्रामीणों का आक्रोश

वारदात के बाद आरोपी छात्रा को वापस उसी जगह छोड़ने आए, जहां से उसका अपहरण किया गया था। लेकिन तब तक वहां ग्रामीणों की भीड़ जमा हो चुकी थी। भीड़ को देखकर आरोपियों के हाथ-पांव फूल गए और वे छात्रा व अपनी गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर भाग खड़े हुए। बेकाबू भीड़ ने आरोपियों की गाडी को आग के हवाले कर दिया।



पुलिस की कार्रवाई और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। पुलिस ने गैंगरेप और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।



मुख्य आरोपी, जिसकी उम्र करीब 24 वर्ष है और जो दौसा जिले का निवासी है, उसे हिरासत में ले लिया गया है। दो अन्य आरोपियों की पहचान और उनके बालिग होने की जांच की जा रही है।



पीड़िता के सिर से पहले ही उठ चुका है पिता का साया

अलवर में गैंगरेप हृदयविदारक इसलिए है क्योंकि पीड़िता के पिता का पहले ही देहांत हो चुका है। घर की आर्थिक और सामाजिक स्थिति से जूझ रहे इस परिवार को अब इस दुखद घटना ने तोड़ दिया है। फिलहाल, शुक्रवार को न्यायालय में पीड़िता के बयान दर्ज करवा दिए गए हैं और पुलिस उपाधीक्षक मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं।



ये भी पढ़ें:-

राघव चड्ढा पर बोले गहलोत- पहले भ्रष्टाचार के आरोप लगाओ, फिर भाजपा में आते ही केस खत्म



नीमराना औद्योगिक क्षेत्र में बड़ा भीषण अग्नि कांड, 4 लोग जिंदा जले, 2 लापता



IPL मैच के टिकटों को लेकर तोड़फोड़, राजस्थान रॉयल्स के फाड़े पोस्टर, पुलिस ने युवाओं पर चलाई लाठियां



जयपाल हत्याकांड में कोर्ट का फैसला, पूर्व विधायक के भाई सहित 9 दोषी करार, 2 आरोपी बरी



Tags:
  • राजस्थान
  • अपहरण
  • गैंगरेप
  • सामूहिक बलात्कार
  • अलवर में गैंगरेप