कोटा में फिर मेडिकल कोचिंग छात्रा ने की सुसाइड, दोस्त से लिए थे 100 रुपए उधार, फिर खाया जहरीला पदार्थ

Purshottam Kumar Joshi | Feb 13, 2026, 18:20 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान के कोटा में फिर एक कोचिंग छात्रा ने सुसाइड कर ली। मध्यप्रदेश के छतरपुर की रहने वाली जूही पटेल नीट की तैयारी कर रही थी। बताया जा रहा है कि उसने एक युवक से 100 रुपये उधार लेकर जहरीला पदार्थ खरीदा और फिर उसे खा लिया।

News in Short

  • नीट की तैयारी कर रही जूही पटेल ने कोटा में सुसाइड की।
  • मध्य प्रदेश में छतरपुर रहने वाली थी जूही, 3 महीने पहले आई थी।
  • मृतका ने एक दिन पहले स्थानीय युवक से 100 रुपये उधार मांगे थे।
  • अस्पताल में इलाज के दौरान जूही ने जहरीला पदार्थ खाने की बात की।
  • पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, शव का पोस्टमार्टम किया गया।

News in Detail

देशभर में कोचिंग हब के रूप में मशहूर राजस्थान के कोटा में नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा ने जहरीला पदार्थ खाकर सुसाइड कर ली। वह मध्य प्रदेश (एमपी) में छतरपुर की रहने वाली थी। जूही नीट (National Eligibility cum Entrance Test) की तैयारी करने के लिए तीन महीने पहले ही कोटा आई थी। जानकारी में सामने आया है कि जूही पटेल ने यह कदम तब उठाया जब उसने एक दिन पहले अपने दोस्त से 100 रुपये उधार लिए थे।



आत्महत्या से पहले की स्थिति

जूही पटेल ने करीब तीन महीने पहले कोटा आकर मेडिकल की तैयारी शुरू की थी। वह कोटा के बसंत विहार इलाके में एक पीजी में रहकर निजी कोचिंग संस्थान से ऑनलाइन क्लास और सेल्फ स्टडी कर रही थी। जूही अपने परिवार से लगातार संपर्क में थी, लेकिन उसने किसी भी प्रकार के तनाव की बात नहीं की थी। अचानक शुक्रवार को आत्महत्या से उसके परिवारजन और दोस्त गहरे सदमे में है।



जूही नहीं थी मानसिक तनाव में

जूही के पिता अर्जुन पटेल ने बताया कि वह अपनी बेटी से लगातार बात करते थे और किसी भी प्रकार के मानसिक तनाव की जानकारी नहीं दी थी। उन्होंने यह भी बताया कि वह अपनी बेटी से हाल ही में बात कर रहे थे। वह हमेशा की तरह सामान्य थीं। इस घटना की जानकारी मिलते ही परिवार तुरंत मध्य प्रदेश से कोटा आया।



अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

घटना के बाद जूही की तबीयत बिगड़ने पर उसे उसके मकान मालिक और स्थानीय परिचितों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में जूही ने बताया कि उसने जहरीला पदार्थ खा लिया है। उसकी तबीयत इतनी बिगड़ी कि उसे बचाया नहीं जा सका। जूही के स्थानीय जानकार गौरव शर्मा ने बताया कि उसने देर शाम 100 रुपये मांगे थे, जो उसने जूही को दे दिए थे।



पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई

घटना के बाद दादाबाड़ी थाना पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी परिजनों को दी और शव का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान के बाद परिवार को शव सौंपा गया। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।



सुसाइड की घटनाएं और कोटा का मामला

कोटा कुछ वर्षों से आत्महत्या के मामलों के लिए चर्चा में रहा है। छात्र अपने करियर की सफलता के लिए यहां आते हैं, लेकिन मानसिक दबाव और तनाव के कारण कई बार आत्महत्या जैसे कदम उठा लेते हैं। इस घटना ने फिर से कोटा के कोचिंग सेंटरों में बढ़ते मानसिक दबाव और तनाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



मध्य प्रदेश में सर्दी का असर कम, राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर, ऐसा है छत्तीसगढ़ का मौसम



Tags:
  • राजस्थान
  • मध्य प्रदेश
  • कोटा
  • पुलिस
  • कोचिंग
  • आत्महत्या
  • जहरीला पदार्थ
  • नीट