दुकानदार ने 10 रुपए लेकर दी छोटे कप में चाय, मामला एसपी ऑफिस पहुंचा

Jageshwar prasad | Jul 17, 2026, 12:44 IST
5 रुपये की चाय पर बवाल, मामला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा
कोटा में 10 रुपए लेकर छोटे कप में चाय देने पर एक बुजुर्ग और दुकानदार के बीच विवाद हो गया। बुजुर्ग ने इसकी शिकायत सीधे जिला पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय में की है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • कोटा में 5 रुपए की चाय पर विवाद, मामला SP ऑफिस पहुंचा।
  • 10 रुपए लेकर छोटे कप में चाय दी, बुजुर्ग ने किया विरोध।
  • दुकानदार ने कहा- पीनी है तो पियो नहीं तो फेंक दो, गाली-गलौज भी की।
  • बुजुर्ग ने लगाई न्याय की गुहार, दुकानदार पर सट्टे का भी लगाया आरोप।

कोटा शहर से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां महज 5 रुपए की चाय को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला सीधे जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुंच गया।



भीमगंज मंडी थाना क्षेत्र में एक दुकानदार ने 10 रुपए लेकर छोटे कप में चाय दे दी। इस पर एक 60 वर्षीय बुजुर्ग ने विरोध किया तो दुकानदार ने उनके साथ गाली-गलौज की। बुजुर्ग ने दुकानदार पर सट्टे का कारोबार चलने का भी आरोप लगाया है।



12 जुलाई की देर रात हुआ विवाद

भीमगंज मंडी थाना इलाके के संजय नगर कच्ची बस्ती निवासी 60 वर्षीय नन्हे खां 12 जुलाई की देर रात करीब 3:30 बजे चाय पीने दुकान पर गए। उन्होंने दुकानदार को 10 रुपए देकर चाय मांगी। लेकिन दुकानदार ने उन्हें छोटे कप में चाय थमा दी।



बुजुर्ग ने विरोध करते हुए कहा कि 10 रुपए में बड़े कप में चाय मिलती है। इस पर दुकानदार भड़क गया। उसने बदतमीजी करते हुए कहा, पीनी है तो पियो, नहीं तो फेंक दो। जब बुजुर्ग ने चाय फेंक दी तो दुकानदार ने उनके साथ गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी।



सट्टे का भी लगाया आरोप

बुजुर्ग नन्हे खां ने अपनी शिकायत में दुकानदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि दुकानदार देर रात तक अवैध रूप से दुकान खोलता है। इसके साथ ही वह बड़े पैमाने पर क्रिकेट सट्टे का कारोबार भी संचालित करता है। पीड़ित ने पुलिस से आरोपी दुकानदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



SP कार्यालय में शिकायत

बुजुर्ग ने गुरुवार को सीधे एसपी कार्यालय में शिकायत दी है। भीमगंज मंडी थानाधिकारी रामविलास मीणा ने बताया कि शिकायत फिलहाल सीधे एसपी कार्यालय में दी गई है। वहां से थाने में आने के बाद मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।शिकायत पत्र



थानाधिकारी ने यह भी माना कि देर रात साढ़े तीन बजे तक दुकान खोलना नियमों के खिलाफ है। पुलिस सट्टे और देर रात दुकान खोलने के आरोपों की जांच करेगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



ये भी पढ़ें:-

देशी घी के मालपुए पर अड़े पंच, 43 परिवारों का हुक्का-पानी बंद



जेल में पनपी प्रेम कहानी, अब सजेगा शादी का मंडप, दो कैदियों का अनोखा मिलन



ऊंटनी की डिलीवरी पर भी खा गए घूस, ACB ने किए 2 कर्मचारी अरेस्ट



प्यार किया है तो चुकानी होगी कीमत, खाप पंचायत ने लगाया 21 लाख का जुर्माना



Tags:
  • कोटा
  • न्याय की गुहार
  • पुलिस अधीक्षक कार्यालय
  • सट्टे का कारोबार
  • चाय पर विवाद