पुष्कर मेले में इस बार लगान जैसा क्रिकेट, 60 किमी घोड़ों की रेस,धार्मिक कार्यक्रमों का होगा आयोजन

Jyoti Mahender Bhardwaj | Oct 07, 2026, 12:56 IST
पुष्कर मेला 2026 में लगान क्रिकेट और घोड़ों की रेस
पुष्कर मेला 2026 में कई नए कार्यक्रमों के साथ आयोजित किया जाएगा। मेले के दौरान पारंपरिक खेलों के साथ नए मुकाबले भी होंगे। 23 नवंबर को लगान स्टाइल क्रिकेट मैच और घोड़ों की फिटनेस रेस का आयोजन होगा। इसके अतिरिक्त ऊंटनी के दूध की प्रतियोगिता भी कराई जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था और सजावट पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

पुष्कर मेला 2026 इस बार कई नए कार्यक्रमों के साथ आयोजित होगा। मेले में पारंपरिक खेलों के साथ घोड़ों और ऊंटों से जुड़े नए मुकाबले होंगे। सबसे बड़ा आकर्षण 23 नवंबर को होने वाला लगान स्टाइल क्रिकेट मैच रहेगा। पहली बार घोड़ों की फिटनेस रेस भी कराई जाएगी, जिसमें घोड़ा और राइडर 60 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे।



मेले में ऊंटनी के दूध की प्रतियोगिता कराने पर भी चर्चा चल रही है। इसमें तय प्रक्रिया के तहत सबसे ज्यादा दूध देने वाली ऊंटनी को देखा जाएगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले पशुपालक को सम्मानित करने की तैयारी है।



पुष्कर मेले की अनौपचारिक शुरुआत 10 नवंबर से होगी। 17 नवंबर को पूजा, फ्लैग होस्टिंग और नगाड़ा वादन के साथ मेले का औपचारिक आगाज होगा। इसके बाद 24 नवंबर तक अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।



जिला प्रशासन ने 17 से 24 नवंबर तक होने वाले कार्यक्रमों का कैलेंडर तैयार कर लिया है। मेला तीन चरणों में आयोजित होता है, जिसमें पशु मेला, सांस्कृतिक मेला और धार्मिक मेला शामिल हैं।




17 से 24 नवंबर तक पुष्कर में खेल, संस्कृति और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा

17 नवंबर को सुबह 10 बजे मेला ग्राउंड में पूजा, फ्लैग होस्टिंग और नगाड़ा वादन होगा। इसके बाद स्कूल की छात्राओं की मांडना प्रतियोगिता और ग्रुप डांस कराया जाएगा। सुबह 11 बजे स्थानीय खिलाड़ियों और विदेशियों के बीच चक दे राजस्थान फुटबॉल मैच होगा।



शाम 6 बजे पुष्कर सरोवर के घाटों पर दीपदान, रंगोली, महाआरती और पुष्कर अभिषेक होगा। शाम 6.30 बजे वॉइस ऑफ पुष्कर और राजस्थानी लोक कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।



18 से 22 नवंबर तक पारंपरिक खेलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी

18 नवंबर को सुबह 10 बजे स्थानीय और विदेशी प्रतिभागियों के बीच लंगड़ी टांग, सतोलिया और गिल्ली-डंडा जैसे पारंपरिक खेल होंगे। सुबह 11.30 बजे ऊंट सजावट और ऊंट डांस प्रतियोगिता होगी। शाम 6.30 बजे वॉइस ऑफ पुष्कर और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।



19 नवंबर को सुबह 10 बजे स्थानीय और विदेशी प्रतिभागियों के बीच कबड्डी मैच होगा। इसके बाद सुबह 11.30 बजे घोड़ा डांस प्रतियोगिता होगी। दोपहर 1 बजे पंचायत समिति स्तर की ग्रामीण खेल प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें रस्साकसी, वॉलीबॉल और कबड्डी शामिल हैं। शाम 7 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।



20 नवंबर को सुबह 9 बजे गुरुद्वारा से मेला ग्राउंड तक स्पिरिचुअल वॉक और प्रोसेशन निकाला जाएगा। दोपहर 1 बजे इंटर पंचायत समिति ग्रामीण खेल होंगे। शाम 4 बजे पुष्कर के शिल्पग्राम में फूड एंड क्राफ्ट फेस्टिवल का उद्घाटन होगा। शाम 6 बजे पुष्कर सरोवर पर महाआरती और शाम 7 बजे मेला ग्राउंड में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।



21 नवंबर को सुबह 10.30 बजे विदेशी पर्यटकों के लिए पगड़ी बांधने और तिलक प्रतियोगिता होगी। सुबह 11 बजे मूंछ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। दोपहर 12 बजे पंचायत समिति ग्रामीण खेलों का फाइनल होगा। शाम को महाआरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।



22 नवंबर को सुबह 10.30 बजे मेला ग्राउंड में महिलाओं के लिए मटका रेस होगी। सुबह 11.30 बजे म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता होगी। शाम 6 बजे पुष्कर सरोवर पर महाआरती और शाम 7 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।




23 नवंबर को लगान स्टाइल क्रिकेट और 24 नवंबर को मेले का समापन होगा

23 नवंबर को सुबह 11 बजे मेला ग्राउंड में लगान फिल्म की तर्ज पर क्रिकेट मैच होगा। यह मैच पुष्कर मेले के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेगा। शाम 6 बजे पुष्कर सरोवर पर महाआरती और शाम 7 बजे राजस्थानी सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।



24 नवंबर को सुबह 10.30 बजे क्लोजिंग सेरेमनी, मेगा कल्चरल इवेंट और पुरस्कार वितरण होगा। इसमें ग्रुप डांस, कला जत्था यात्रा, मटका रेस और टग ऑफ वॉर सहित अन्य कार्यक्रम होंगे। शाम 6 बजे पुष्कर सरोवर पर महाआरती के साथ मेले का समापन होगा।



पहली बार पुष्कर मेले में 60 किमी एंड्योरेंस राइडिंग और रेवाल चाल प्रतियोगिता होगी

इस बार पुष्कर मेले में पहली बार घोड़ों की फिटनेस रेस कराई जाएगी। इसमें घोड़ा और राइडर 60 किलोमीटर की दूरी पूरी करेंगे। पूरी राइड को 20-20 किलोमीटर के तीन लूप में बांटा जाएगा।



हर लूप के बाद घोड़े की हार्ट बीट, डिहाइड्रेशन और फिटनेस की जांच होगी। राइडर का स्टेमिना भी देखा जाएगा। मेडिकल रूप से अनफिट पाए जाने पर घोड़े को राइडिंग से बाहर कर दिया जाएगा।




रेवाल चाल में मारवाड़ी घोड़ों की रफ्तार और सहनशक्ति परखी जाएगी

पुष्कर मेले में पहली बार रेवाल चाल प्रतियोगिता भी होगी। करीब एक किलोमीटर की इस प्रतियोगिता में मारवाड़ी घोड़ों की खास चाल, रफ्तार और सहनशक्ति देखी जाएगी। घोड़े और राइडर को बिना थकान के तय दूरी पूरी करनी होगी। इसके अलावा ट्रिक राइडिंग भी आयोजित की जाएगी। इसमें राइडर घोड़े के साथ अलग-अलग करतब दिखाएंगे।



ऊंटनी के दूध की प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा दूध देने वाली ऊंटनी को चुना जाएगा

कैमल पोलो और ऊंट से जुड़ी पारंपरिक प्रतियोगिताओं के साथ ऊंटनी के दूध की प्रतियोगिता कराने पर भी चर्चा है। इसमें तय प्रक्रिया के तहत यह देखा जाएगा कि किस ऊंटनी ने सबसे ज्यादा दूध दिया।



बेहतर प्रदर्शन करने वाले पशुपालक को सम्मानित करने की तैयारी है। पशुपालन विभाग की ओर से गाय और ऊंटों से जुड़ी अन्य प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी।



पुष्कर मेले में इस बार सुरक्षा व्यवस्था पर भी खास ध्यान दिया जाएगा। 52 घाटों पर खतरे वाले स्थानों में चेतावनी साइन और रस्सियां लगाई जाएंगी। सिविल डिफेंस, एसडीआरएफ, स्वयंसेवक और मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे।



भीड़ नियंत्रण के लिए मेले के दौरान वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू होगी। अजमेर शहर से घाटी की ओर जाने और हाईवे से पुष्कर आने के लिए अलग-अलग मार्ग तय किए जाएंगे। मेले की गतिविधियों पर CCTV से नजर रखी जाएगी। व्यवस्था संभालने के लिए 2000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। इसके अलावा मेले के दौरान एक स्थायी पुलिस चौकी भी बनाई जाएगी।



पुष्कर को देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए खास तरीके से सजाया जाएगा। ब्रह्मा मंदिर और बाजारों में विशेष सजावट की जाएगी। पर्यटन विभाग सोशल मीडिया और दूसरे माध्यमों से मेले का प्रचार कर रहा है।



कई देशों के पर्यटकों को मेले में आने का न्योता भी दिया जाएगा। स्थानीय और राजस्थानी कलाकारों को भी मंच दिया जाएगा, ताकि पर्यटकों को राजस्थान की लोक संस्कृति, नृत्य, गायन और कला देखने को मिले।




बॉलीवुड नाइट होगी, लेकिन सिंगर का नाम अभी तय नहीं

पुष्कर मेले में इस बार बॉलीवुड नाइट भी आयोजित की जाएगी। इसमें किस बॉलीवुड सिंगर को बुलाया जाएगा, इसे लेकर प्रशासन स्तर पर चर्चा चल रही है। अभी कलाकार का नाम तय नहीं हुआ है। नाम तय होने के बाद बॉलीवुड नाइट की तारीख भी घोषित की जाएगी।

Tags:
  • पुष्कर मेला
  • लगान स्टाइल क्रिकेट
  • घोड़ों की फिटनेस रेस
  • एंड्योरेंस राइडिंग
  • रेवाल चाल प्रतियोगिता
  • ऊंटनी दूध प्रतियोगिता
  • पुष्कर मेला 2026
  • Pushkar Mela
  • Endurance Riding
  • Lagan Cricket