मुठभेड़ के बाद लॉरेंस गैंग का शार्प शूटर गिरफ्तार, 3 साथी विदेशी हथियारों संग पकड़े गए

thesootr Desk | Apr 16, 2026, 19:03 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान के श्रीगंगानगर में पुलिस स्थापना दिवस के दिन गुरुवार को लॉरेंस गैंग के शार्प शूटर संजीव उर्फ चादर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यहां से तीन अन्य गुर्गों को भी विदेशी हथियारों के साथ दबोचा गया है।

News In Short

  • पुलिस स्थापना दिवस पर पुलिस को श्रीगंगानगर में मिली बड़ी कामयाबी।
  • श्रीगंगानगर पुलिस ने लॉरेंस गैंग के साथी संजीव उर्फ चादर को मुठभेड़ में किया घायल।
  • पुलिस ने चादर के तीन साथियों को विदेशी हथियारों के साथ किया था गिरफ्तार।
  • संजीव उर्फ चादर पर 9 गंभीर मामले पहले से दर्ज, रंगदारी वसूलने में संलिप्त था।
  • चादर लॉरेंस बिश्नोई के भाई आरजू बिश्नोई के साथ मिलकर अपराधों को अंजाम देता था।

News In Detail

Sri Ganganagar: राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर श्रीगंगानगर पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए रंगदारी वसूलने वाले शातिर बदमाश संजीव उर्फ चादर को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। इससे पहले पुलिस ने उसके तीन अन्य साथियों को भी भारी मात्रा में विदेशी हथियारों के साथ दबोचा था।



तीन संदिग्धों को हथियार समेत दबोचा

कहानी शुरू होती है 15 अप्रैल की देर रात से। जवाहरनगर थाना प्रभारी पुलिस इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह राठौड़ और उनकी टीम एसएसबी रोड पर गश्त कर रही थी। अचानक उनकी नज़र मोटरसाइकिल सवार 3 युवकों पर पड़ी, जो आधी रात के वक्त संदिग्ध अंदाज में घूम रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।



तलाशी में उनके पास से सर्बिया निर्मित जस्तावा एम-57 विदेशी पिस्तौल और 14 जीवित कारतूस बरामद हुए। हैरानी की बात यह थी कि इनमें से 6 कारतूस पिस्तौल की मैगजीन में पहले से लोड थे। मानो कोई बड़ी वारदात करने ही निकले थे। गिरफ्तार आरोपियों में सादुलशहर निवासी वरुण बगल (32) , रोहिड़ावाली (हिंदूमलकोट) निवासी देवदत्त बिश्नोई (29) और खैरपुर (फाजिल्का, पंजाब) निवासी राहुल (22) हैं।



पूछताछ में हुआ खुलासा

तीनों को हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि वे तो महज बैकअप थे। असली खिलाड़ी उनका चौथा साथी संजीव उर्फ चादर था, जो इस वक्त उद्योग विहार की तरफ किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए हथियार लेकर जा रहा था।



यह सूचना मिलते ही पूरे शहर में तत्काल नाकाबंदी का आदेश जारी कर दिया गया। सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया। सदर थाना प्रभारी पुलिस इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र ढील और उनकी टीम ने हनुमानगढ़ मार्ग पर उद्योग विहार से सूरतगढ़ बाईपास जाने वाली सड़क पर नाकाबंदी लगा दी।



मुठभेड़ में चादर घायल

आज तड़के करीब 3:30 बजे पुलिस ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को आते देखा। रुकने का इशारा किया तो बदमाश ने बिना वक्त गंवाए पुलिस पर फायर कर दिया। गोली सीधे पुलिस की गाड़ी में जा लगी। लेकिन पुलिस टीम पहले से सतर्क थी। जवाबी कार्रवाई में चली पुलिस की गोली ने बदमाश के एक पैर को घायल कर दिया। वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घायल अवस्था में ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।



घायल बदमाश की पहचान संजीव उर्फ चादर उर्फ संजू (30) के रूप में हुई, जो रोहिड़ावाली, थाना हिंदूमलकोट का रहने वाला था। उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है। फिलहाल वह पुलिस हिरासत में है।



चादर पर पहले से दर्ज हैं 9 मुकदमे

पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने बताया कि संजीव उर्फ चादर कोई साधारण बदमाश नहीं है। वह कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई आरजू बिश्नोई के साथ मिलकर काम करता था। उसका काम धनाढ्य व्यक्तियों को रंगदारी के लिए धमकाना और रंगदारी न मिलने पर टारगेट फायरिंग करना है। उसके खिलाफ राजस्थान और हरियाणा के विभिन्न थानों में 9 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वह कई हथियारों, हत्या के प्रयास और रंगदारी के मामलों में वांछित था।



स्थापना दिवस पर गैंगस्टरों को करारा जवाब

श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह हमारी टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का नतीजा है। जवाहरनगर थाने की सूचना के बाद हमने पूरे शहर का घेरा बना लिया था। सदर थाने की टीम ने बहादुरी से मुठभेड़ की। यह राजस्थान पुलिस के स्थापना दिवस पर अपराधियों को दिया गया एक करारा जवाब है।



ये भी पढ़ें:-

एंटीबायोटिक 'Killmed 625 LB' जांच में फेल, पूरे प्रदेश में जारी किया अलर्ट



गर्भवती महिला से छेड़छाड़ का आरोपी राहुल गुर्जर पहुंचा कोर्ट के शरण में, मुरैना में किया सरेंडर



RPSC: पशु चिकित्सा अधिकारी और सहायक कृषि अभियंता की परीक्षा 19 अप्रैल को, एडमिट कार्ड हुए जारी



4 लाख मजदूर, 6500 फैक्ट्रियां, आखिर क्यों विरोध प्रदर्शन में सुलग रही राजस्थान की सबसे बड़ी उद्योग नगरी



Tags:
  • लॉरेंस गैंग
  • लॉरेंस बिश्नोई
  • लॉरेंस
  • कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई
  • मुठभेड़
  • श्रीगंगानगर
  • पुलिस स्थापना दिवस