पाकिस्तान का साथ देने वाले बयान पर मदन राठौड़ का पलटवार, बोले-माफी नहीं मांगूंगा, मेरे मुंह में शब्द मत ठूंसिए

Saurabh Mishra | Oct 16, 2026, 17:05 IST
पाकिस्तान का साथ देने वाले बयान पर मदन राठौड़ ने शुक्रवार को फिर सफाई दी।
पाकिस्तान को लेकर दिए बयान पर राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने शुक्रवार को जयपुर में फिर सफाई दी। उन्होंने कहा कि मैंने बात क्रिकेट मैच के संदर्भ में की थी और पाकिस्तान जब तक आतंकवाद बंद नहीं करता, उससे रिश्ते नहीं हो सकते। वो आतंक फैला रहा है। राठौड़ ने बयान को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाते हुए माफी मांगने से साफ इनकार कर दिया।

जयपुर। पाकिस्तान का साथ देने वाले बयान पर घिरे राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने शुक्रवार को फिर सफाई दी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत में आतंकवाद फैलाता है। जब तक वह आतंकवाद बंद नहीं करेगा, उससे रिश्ते नहीं हो सकते। राठौड़ ने दावा किया कि उन्होंने अमेरिका और पाकिस्तान के क्रिकेट मैच के संदर्भ में बात कही थी, लेकिन उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया।



उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस चाहें जो बोल ले, वह किसी भी सूरत में माफी नहीं मांगेंगे। गुरुवार को उनके बयान का वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने भाजपा को इस मुद्दे पर घेरा था।



भाजपा अध्यक्ष राठौड़ ने पाकिस्तान वाले बयान पर फिर दी सफाई

मदन राठौड़ (Madan Rathore) ने शुक्रवार को जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान पाकिस्तान को लेकर अपना रुख साफ किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ भारत के रिश्तों में लंबे समय से कटुता है। पाकिस्तान भारत में आतंक फैलाता है। जब तक वह ऐसी गतिविधियां बंद नहीं करता, दोनों देशों के बीच सामान्य रिश्ते नहीं हो सकते।



राठौड़ ने एक दिन पहले पाकिस्तान को लेकर दिए अपने बयान की सफाई में कहा कि भारत का नुकसान करने वालों के साथ खड़े होने का सवाल ही नहीं उठता। उनका कहना था कि भाजपा भारत विरोधी गतिविधियों का समर्थन नहीं करती।




माफी मांगने के सवाल पर मदन राठौड़ मीडिया से उलझे

बातचीत के दौरान पत्रकारों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ (BJP President Madan Rathore) से पूछा कि क्या वह पाकिस्तान को समर्थन देने वाले अपने बयान पर माफी मांगेंगे। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि उनके मुंह में जबरदस्ती शब्द डालने की कोशिश नहीं की जाए। उन्होंने उल्टा सवाल किया कि वह पाकिस्तान के साथ क्यों खड़े होंगे और माफी किस बात की मांगेंगे। राठौड़ ने कहा कि उन्होंने अपना पक्ष साफ कर दिया है। जो बात उन्होंने कही ही नहीं, उसे बार-बार उनके नाम से जोड़ना ठीक नहीं है।



आखिर गुरुवार को मदन राठौड़ ने क्या कहा था?

मदन राठौड़ के बयान पर विवाद की शुरुआत गुरुवार, 15 अक्टूबर को हुई। जयपुर में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चे की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें राठौड़ ने देशभक्ति और पाकिस्तान को लेकर अपनी बात रखी। इसी दौरान उन्होंने कहा था कि अगर भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट का मुकाबला हो और दुर्भाग्य से भारत उसे हार जाए तो उस वक्त जो पटाखे फोड़े, वो किसी भी सूरत में देशभक्त नहीं हो सकता। हां, मैं यह कहता हूं कि अगर अमेरिका और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हो रहा हो तो हम पाकिस्तान के साथ हैं क्योंकि वो हमारा पड़ोसी मुल्क है।




उनके भाषण का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने भाजपा के राष्ट्रवाद के दावों पर सवाल उठाए। दोनों दलों ने राठौड़ के बयान की आलोचना करते हुए भाजपा को घेरा।



राठौड़ बोले- हम भी मुसलमानों से प्रेम करते

विवाद बढ़ने पर मदन राठौड़ ने कहा कि उनका बयान युद्ध के बारे में नहीं, बल्कि क्रिकेट मैच के संदर्भ में था। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच का उदाहरण दिया गया था। उनका कहना था कि भारत के हारने पर पाकिस्तान की जीत का जश्न मनाने और पटाखे फोड़ने वालों को देशभक्त नहीं कहा जा सकता।



राठौड़ ने कहा कि इसी बातचीत के दौरान अमेरिका और पाकिस्तान के मैच का जिक्र आया था। उनके मुताबिक, भाषण का छोटा हिस्सा दिखाकर उसका मतलब बदल दिया गया। हालांकि, वायरल वीडियो में उनके पाकिस्तान के समर्थन की बात थी। इसी वजह से उनके मूल बयान और बाद में दी गई सफाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।




कांग्रेस पर पलटवार, राहुल गांधी का भी नाम लिया

इस विवाद में कांग्रेस द्वारा माफी मांगने की मांग को लेकर मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस के नेता अपने बयानों पर माफी क्यों नहीं मांगते? उन्होंने राहुल गांधी और मणिशंकर अय्यर का नाम लेते हुए मीडिया से सवाल किया कि उनके बयानों को लेकर ऐसी चर्चा क्यों नहीं होती। राठौड़ ने आरोप लगाया कि मीडिया क्रिकेट से जुड़ी बात को राजनीति से जोड़ रहा है। उन्होंने अपना पूरा भाषण दिखाने की मांग की।




कलाम की तारीफ को मुस्लिम प्रेम बताने पर भी सवाल

भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जिक्र करते हुए भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि क्या कलाम साहब की तारीफ नहीं करनी चाहिए? क्या किसी मुस्लिम की तारीफ करना मुस्लिम प्रेम है? क्या मुसलमान देशभक्त नहीं हो सकते? राठौड़ ने कहा कि मुसलमान भी इसी देश के नागरिक हैं। किसी मुस्लिम की तारीफ करने का मतलब पाकिस्तान का समर्थन करना नहीं है। हालांकि, बार-बार सफाई देने के बावजूद राठौड़ के बयान पर विवाद थमता नहीं दिख रहा।



विपक्ष इसे भाजपा के खिलाफ राजनीतिक मुद्दा बनाने में जुटा है। ऐसे में पंचायत चुनाव के बीच मदन राठौड़ का यह बयान भाजपा के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है। पार्टी को विपक्ष के सवालों का जवाब देने के साथ अपने प्रदेशाध्यक्ष के बयान का बचाव भी करना पड़ सकता है।

Tags:
  • madan rathore
  • मदन राठौड़
  • BJP President Madan Rathore
  • जयपुर
  • राजस्थान भाजपा
  • राहुल गांधी
  • भारत-पाकिस्तान मैच
  • कांग्रेस
  • भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़