भाई माधवराव सिंधिया को किया याद, राजे ने सुनाया रेल कनेक्टिविटी से जुड़ा अनसुना किस्सा

Jageshwar prasad | May 12, 2026, 15:11 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने अपने बड़े भाई स्वर्गीय माधवराव सिंधिया को याद करते हुए एक अनसुनी कहानी सुनाई। यह कहानी झालावाड़ के रेल कनेक्टिविटी को लेकर थी।

News In Short

  • पूर्व सीएम वसुंधरा राजे अपने बड़े भाई स्वर्गीय माधवराव को याद कर हुईं भावुक।
  • राजे ने माधवराव से जुड़ी झालावाड़ के रेल कनेक्टिविटी को लेकर कहानी साझा की।
  • कहा, झालावाड़ में आज जो पैसेंजर ट्रेनें दौड़ रही हैं, उनके पीछे उनके बड़े भाई का योगदान।
  • दादा ने अपनी छोटी बहन की फरमाइश पर झालावाड़ के लिए विशेष रेल बजट आवंटित किया।
  • सांसद और विधायक कोष का अधिकांश हिस्सा स्कूलों के जीर्णोद्धार पर खर्च किया जाएगा।

News In Detail

Jhalawar: राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे अपने बड़े भाई स्वर्गीय माधवराव सिंधिया को याद करते हुए भावुक हो गई। उन्होंने अपने पुत्र सांसद दुष्यंत सिंह की जन संवाद यात्रा के पांचवें चरण का शुभारंभ करते हुए बड़े भाई स्वर्गीय माधवराव सिंधिया का जिक्र करते हुए झालावाड़ के रेल कनेक्टिविटी की अनसुनी कहानी साझा की।



​भाई-बहन के प्रेम की गवाह बनी झालावाड़ की रेल

​खानपुर तहसील के राजपुरा गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए वसुंधरा राजे ने पुरानी यादों के झरोखे खोले। उन्होंने बताया कि झालावाड़ में आज जो पैसेंजर ट्रेनें दौड़ रही हैं, उनके पीछे उनके बड़े भाई और तत्कालीन केंद्रीय रेल मंत्री माधवराव सिंधिया की बहन के प्रति ममता और क्षेत्र के प्रति लगाव था।



​राजे ने भावुक स्वर में कहा, जब मैं यहां से सांसद थी, तब मैंने एक बहन के नाते दादा (माधवराव सिंधिया) से झालावाड़ के लिए रेल मांगी थी। मैं चाहती थी कि मेरे क्षेत्र के लोग भी रेल का सफर करें और विकास की मुख्यधारा से जुड़ें। उन्होंने कहा कि दादा ने अपनी छोटी बहन की इस फरमाइश को टाला नहीं और पहली बार झालावाड़ के लिए विशेष रेल बजट आवंटित किया। आज स्टेशन पर गूंजती रेल की सीटियाँ उसी अटूट प्रेम और विश्वास की गवाह हैं।



46 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण

केवल यादें ही नहीं, राजे ने क्षेत्र के विकास के लिए अपना संकल्प भी दोहराया। सांसद दुष्यंत सिंह और पूर्व विधायक नरेंद्र नागर की मौजूदगी में उन्होंने 46 करोड़ रुपए की राशि के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। यह बजट मुख्य रूप से जिले की सड़कों, बिजली व्यवस्था और पेयजल सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर खर्च किया जाएगा।



​शिक्षा और सुरक्षा पर कड़ा रुख

​राजे ने शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण नीतिगत बदलाव की घोषणा की। उन्होंने निर्देश दिए कि अब सांसद और विधायक कोष (MP-MLA Fund) का अधिकांश हिस्सा स्कूलों के पुनर्निर्माण और जीर्णोद्धार पर खर्च किया जाएगा।



जिले के कई स्कूल भवन जो जर्जर और असुरक्षित स्थिति में हैं, उन्हें तुरंत चिन्हित करने के आदेश दिए गए हैं। राजे ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और असुरक्षित भवनों के मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।



​किसानों और जनता को बड़ी राहत

पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत झालावाड़ के लिए 500 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है, जिससे किसानों को उनके नुकसान की भरपाई में बड़ी राहत मिलेगी।



​वहीं, सांसद दुष्यंत सिंह की 'जन संवाद यात्रा' की सफलता के आंकड़े साझा करते हुए उन्होंने बताया कि पिछले चार चरणों में मिले 2043 आवेदनों में से 1375 समस्याओं का जिला प्रशासन के समन्वय से त्वरित निस्तारण किया जा चुका है।



ये भी पढ़ें:-

RPSC SI भर्ती परीक्षा 2021 20 सितंबर को होगी दोबारा आयोजित; आयोग ने जारी की डेट



कृषि विज्ञान भर्ती परीक्षा 2022: पेपर लीक मामले में पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष शिव सिंह राठौड़ को SOG का नोटिस



NEET UG 2026 परीक्षा रद्द: CBI करेगी धांधली की जांच, जानें दोबारा कब होगी परीक्षा



आयुष अधिकारी भर्ती 2025: आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी अभ्यर्थियों की कॉमन मेरिट पर विवाद



Tags:
  • सांसद दुष्यंत सिंह
  • पूर्व सीएम वसुंधरा राजे
  • प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना
  • माधवराव सिंधिया
  • शिलान्यास
  • लोकार्पण
  • झालावाड़