पार्षदों पर पुलिस का 'पहरा'? मंडावा से नीमराना तक कांग्रेस के आरोप, बाड़ेबंदी वाले होटल में पहुंचे 50 पुलिसकर्मी
समझें क्या है पूरा मामला
- पार्षदों पर पुलिस का पहरा? कांग्रेस के गंभीर आरोप
- मंडावा होटल में पहुंचे 50 पुलिसकर्मी, विवाद गहराया
- कांग्रेस के पास बहुमत, फिर भी दबाव का आरोप
- गहलोत-डोटासरा का हमला, भाजपा ने आरोप नकारे
- 21 सितंबर से पहले तेज हुई बोर्ड बनाने की जंग
राजस्थान में निकाय चुनाव के नतीजे आने के बाद अब महापौर, सभापति और नगरपालिका अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर सियासी खींचतान तेज हो गई है। कांग्रेस ने झुंझुनूं के मंडावा से लेकर नीमराना, कापरेन, धोद, लोसल और दूनी तक अपने और समर्थित पार्षदों पर पुलिस-प्रशासन के जरिए दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं।
सबसे ज्यादा विवाद झुंझुनूं में सामने आया है। यहां मलसीसर नगरपालिका के कांग्रेस पार्षदों की बाड़ेबंदी वाले मंडावा के एक होटल में 16 सितंबर को 50 से ज्यादा पुलिसकर्मी पहुंचे और कमरों की तलाशी ली। कांग्रेस ने इसे बोर्ड गठन से पहले पार्षदों पर दबाव बनाने की कोशिश बताया।
हालांकि पुलिस ने राजनीतिक दबाव के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि एक पार्षद के परिजनों की शिकायत और एसडीएम के सर्च वारंट के आधार पर कार्रवाई की गई थी।
पहले समझिए मंडावा का गणित
मंडावा नगरपालिका में कुल 25 वार्ड हैं। निकाय चुनाव में कांग्रेस ने 16 सीटें जीती हैं। भाजपा के खाते में 6 और निर्दलीयों के खाते में 3 सीटें आई हैं। बोर्ड बनाने के लिए 13 पार्षदों का समर्थन चाहिए। यानी कांग्रेस बहुमत के आंकड़े से तीन सीट आगे है और उसे बोर्ड बनाने के लिए किसी निर्दलीय पार्षद के समर्थन की जरूरत नहीं है।
इसी बीच कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि मंडावा में उसके और कांग्रेस समर्थित पार्षदों के घरों पर पुलिस पहुंच रही है। पार्टी ने चार थानों की पुलिस द्वारा दबिश दिए जाने का आरोप लगाया है।
मलसीसर के पार्षद, होटल मंडावा में
मंडावा में सामने आया दूसरा मामला मलसीसर नगरपालिका से जुड़ा है। दोनों घटनाक्रमों को अलग-अलग समझना जरूरी है। मलसीसर में अध्यक्ष चुनाव से पहले कांग्रेस के पार्षदों को मंडावा के फतेहपुर बाइपास रोड स्थित एक होटल में ठहराया गया था।
16 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे 50 से ज्यादा पुलिसकर्मी होटल पहुंचे। पुलिस ने एक-एक कमरे को खुलवाकर तलाशी ली। इस दौरान मंडावा विधायक रीटा चौधरी भी होटल में मौजूद थीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार के दबाव में पुलिस कांग्रेस के जीते हुए पार्षदों को होटल से उठाने पहुंची थी। चौधरी ने इसे जनादेश को प्रभावित करने की कोशिश बताया।
वार्ड-3 के पार्षद की तलाश में पहुंची थी पुलिस
झुंझुनूं ग्रामीण डीएसपी नरेंद्र सिंह के मुताबिक मलसीसर नगरपालिका के वार्ड नंबर-3 के पार्षद संतु नाई के परिजनों ने शिकायत दी थी कि उन्हें बंधक बनाकर रखा गया है।
शिकायत में अलग-अलग संभावित जगहों की जानकारी दी गई थी। इसके बाद मलसीसर एसडीएम ने सर्च वारंट जारी किया और उसी के आधार पर पुलिस ने मंडावा के होटल की तलाशी ली।
दिलचस्प यह रहा कि जिस संतु नाई की तलाश में पुलिस होटल पहुंची थी, वे वहां मिले ही नहीं। पुलिस के मुताबिक किसी दूसरे पार्षद को भी हिरासत में नहीं लिया गया। पुलिस अब शिकायत में बताई गई दूसरी जगहों की जांच कर रही है।
कांग्रेस बोली- पुलिस को राजनीतिक हथियार मत बनाइए
कांग्रेस ने इन घटनाओं को प्रदेश में निकाय बोर्ड बनाने की राजनीति से जोड़ दिया है। पार्टी का आरोप है कि चुनाव में जहां भाजपा के पास पर्याप्त संख्या नहीं है, वहां कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों को प्रभावित करने के लिए पुलिस-प्रशासन का इस्तेमाल किया जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आरोप लगाया कि राजस्थान में निकाय बोर्ड बनाने के लिए पुलिस-प्रशासन का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्दलीय और दूसरे दलों के पार्षदों को पैसे का लालच दिया जा रहा है और नहीं मानने वालों पर दबाव बनाया जा रहा है।
गहलोत ने कहा कि करोड़ों रुपए खर्च कर बनने वाले मेयर-चेयरमैन बाद में इसकी वसूली जनता के कामों से करेंगे। उन्होंने इसे जनता की जेब पर सीधा असर डालने वाला बताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी आरोप लगाया है कि अलग-अलग निकायों में कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों को डराकर भाजपा के पक्ष में लाने की कोशिश की जा रही है।
नीमराना में थाने तक पहुंचा मामला
अलवर संभाग के नीमराना में भी अध्यक्ष चुनाव से पहले विवाद सामने आया है। यहां एक महिला पार्षद के परिजन और एक होटल संचालक को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद मामला गरमा गया।
कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों ने पुलिस थाने का घेराव किया। विधायक ललित यादव भी धरने पर बैठे। कांग्रेस ने इस घटनाक्रम को भी पार्षदों पर दबाव बनाने के आरोपों से जोड़ा है।
धोद-लोसल और दूनी में भी आरोप
कांग्रेस की ओर से सीकर जिले के धोद और लोसल तथा टोंक जिले की दूनी नगरपालिका में भी अपने और समर्थित पार्षदों पर पुलिस के जरिए दबाव बनाने के आरोप लगाए गए हैं।
दूनी में कांग्रेस ने अपनी अध्यक्ष प्रत्याशी और निर्वाचित पार्षदों को पुलिस के जरिए परेशान करने का आरोप लगाया है। वहीं अलग-अलग मामलों में पुलिस और प्रशासन की ओर से कार्रवाई को शिकायत या कानूनी प्रक्रिया से जुड़ा बताया गया है।
भाजपा ने आरोपों को किया खारिज
कांग्रेस के प्रदेशव्यापी आरोपों पर भाजपा की ओर से भी जवाब आया है। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि दोनों दल निर्दलीयों का समर्थन हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हार के बाद इस तरह के आरोप लगा रही है।
21 सितंबर से पहले असली लड़ाई संख्या की
पार्षदों के चुनाव के बाद अब अगली लड़ाई निकाय प्रमुख की कुर्सी की है। 21 सितंबर को महापौर, सभापति और नगरपालिका अध्यक्ष के चुनाव होने हैं। इसी वजह से नतीजों और अध्यक्ष चुनाव के बीच का समय राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हो गया है।
कहीं पार्षदों की बाड़ेबंदी हो रही है तो कहीं निर्दलीयों का समर्थन जुटाया जा रहा है। इसी बीच पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई ने नया विवाद खड़ा कर दिया है।
मंडावा में मामला इसलिए और दिलचस्प है क्योंकि कांग्रेस के पास 25 में से 16 पार्षद हैं, जबकि बहुमत के लिए सिर्फ 13 की जरूरत है। ऐसे में कांग्रेस का सवाल है कि स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद उसके पार्षदों और समर्थकों पर कथित दबाव क्यों बनाया जा रहा है।
ये भी पढे़:-
उपभोक्ता विवाद: मोतियाबिंद ऑपरेशन में नेग्लिजेंस, अब 6 लाख का मुआवजा देने का आदेश
राजस्थान निकाय-पंचायत चुनाव: OBC आरक्षण पर सरकार बोली- 50% सीमा में दिए गए पद
जयपुर डिजिटल अरेस्ट केस में तीसरा आरोपी गिरफ्तार, बुजुर्ग दंपती से ठगे थे 76 लाख
बीड़ पापड़ वन भूमि पर RIICO का कब्जा अवैध, NGT ने दिए 30 दिन में वापसी के आदेश