अशोक चांदना की वाइफ की गाड़ी ने मचाया तांडव, हादसे में 3 घायल
समझें क्या है पूरा मामला
- जयपुर में तेज रफ्तार थार और एंडेवर की टक्कर।
- टक्कर के बाद ई-रिक्शा 50 फीट दूर जा गिरा।
- हादसे में तीन लोग गंभीर घायल, दो की हालत नाजुक।
- दोनों गाड़ियों के चालक वाहन छोड़कर फरार हुए।
- हादसे में घायल के 32 हजार रुपए भी गायब हुए।
राजस्थान में जयपुर के मानसरोवर थाना इलाके में रविवार देर रात मेट्रो स्टेशन चौराहे के पास एक भीषण हादसा हुआ। तेज रफ्तार दो लग्जरी गाड़ियां, एक काली थार और एक एंडेवर, आपस में टकरा गईं। इसके बाद अनियंत्रित होकर दोनों गाड़ियां सड़क पार कर रहे एक ई-रिक्शा से जा भिड़ीं। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा हवा में उछलकर करीब 50 फीट दूर जा गिरा और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ई-रिक्शा में सवार तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद दोनों गाड़ियों के चालक वाहन वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए।
गाड़ी की मिल्कियत को लेकर सार्वजनिक तौर पर उठ रहा सवाल
हादसे में शामिल एंडेवर गाड़ी का नंबर बूंदी जिले के हिंडोली से कांग्रेस विधायक अशोक चांदना के चुनावी हलफनामे में दर्ज गाड़ियों से मेल खाता है। और यह गाड़ी अशोक चांदना की पत्नी ललिता चांदना के नाम से रजिस्टर है। लेकिन हादसे के वक्त गाड़ी कौन चला रहा था, इसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
रात करीब 1 बजे हुआ हादसा
मानसरोवर थानाधिकारी सतीश चंद के मुताबिक हादसा रात करीब 1 बजे मानसरोवर मेट्रो स्टेशन चौराहे पर हुआ। तेज रफ्तार काले रंग की थार (नंबर RJ 60-CG-5986) और एंडेवर (नंबर RJ-08-UD-0008) आपस में जोरदार तरीके से टकरा गईं। टक्कर के बाद दोनों गाड़ियां अनियंत्रित हो गईं।
ई-रिक्शा सवार तीन यात्री हुए घायल
हादसे के वक्त पुरानी बस्ती निवासी बोदूराम उर्फ रामदेव कुल्फी की बुकिंग का काम खत्म कर ई-रिक्शा से घर लौट रहे थे। ई-रिक्शा में बोदूराम साहू के अलावा उमाशंकर शर्मा और मुकेश कुमार भी सवार थे। तीनों टक्कर की चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मानसरोवर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
दोनों चालक वाहन छोड़कर हुए फरार
हादसे के तुरंत बाद दोनों गाड़ियों के चालक अपने-अपने वाहन मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। इससे पुलिस के सामने चालकों की पहचान करना एक बड़ी चुनौती बन गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे के वक्त दोनों गाड़ियां कौन चला रहा था।
घायल के 32 हजार रुपए नकद भी हुए गायब
हादसे में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। परिवादी पोखरमल के मुताबिक हादसे के समय उनके भाई बोदूराम के पास कुल्फी के काम से मिले करीब 32 हजार रुपए नकद थे, जो घटना के बाद से गायब हैं। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
पुलिस में दर्ज हुई रिपोर्ट
मानसरोवर थाने में पुरानी बस्ती निवासी पोखर साहू ने अपने भाई बोदूराम के हादसे में घायल होने और नकदी गायब होने को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाधिकारी सतीश चंद ने इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की है। पुलिस अब हादसे में शामिल दोनों गाड़ियों के चालकों की पहचान करने में जुटी है।
ये खबर भी पढे़:-
निकाय चुनाव 2026: जमीनी कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर नेताओं के रिश्तेदारों पर दांव
खाटू श्याम जी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी का भीषण सड़क हादसा, 6 लोगों की दर्दनाक मौत
क्या BJP नेता रिछपाल मिर्धा हुए RLP में शामिल? वायरल फोटो ने मचाया सियासी बवाल
नगर निगम चुनाव में 80% से ज्यादा पुराने चेहरे हटाए, 9 पार्षदों ने बदल ली अपनी पार्टी