आमेर गाइड हत्याकांड: स्थानीय विधायक की गैरमौजूदगी पर सवाल, भाजपा MLA बालमुकुंद ने कसा तंज
समझें क्या है पूरा मामला
- आमेर गाइड हत्याकांड में स्थानीय विधायक की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल।
- हवामहल MLA बालमुकुंद ने विधायक प्रशांत शर्मा पर कसा तंज।
- स्थानीय लोगों के मन में भी आमेर विधायक को लेकर गुस्सा।
- नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क की घटना से हुई तुलना।
- पारिवारिक शोक बताई जा रही स्थानीय MLA की गैरहाजिरी की वजह।
जयपुर के आमेर महल के बाहर टूरिस्ट गाइड मनीष सोनी की हत्या के बाद मंगलवार को हुए विरोध-प्रदर्शन के बीच स्थानीय विधायक प्रशांत शर्मा की गैरमौजूदगी भी चर्चा का मुद्दा बन गई। धरनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी घटना के बाद क्षेत्रीय विधायक को पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए था। इस दौरान हवामहल विधायक बालमुकुंद आचार्य भी आमेर पहुंचे और उन्होंने प्रशांत शर्मा की गैरमौजूदगी पर टिप्पणी की।
धरनास्थल पर उठे स्थानीय विधायक की गैरमौजूदगी पर सवाल
मनीष सोनी की मौत के बाद आमेर में लोगों में नाराजगी देखने को मिली। बाजार बंद रहे और बड़ी संख्या में लोग धरने पर बैठे। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने आमेर विधायक प्रशांत शर्मा के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर सवाल उठाए। लोगों का कहना था कि हत्या जैसी गंभीर घटना के बाद स्थानीय विधायक को पीड़ित परिवार से मिलना चाहिए था।
बालमुकुंद आचार्य ने प्रशांत शर्मा पर साधा निशाना
मनीष सोनी की SMS अस्पताल में इलाज के दौरान मौत के बाद BJP MLA बालमुकुंद आचार्य मंगलवार दोपहर आमेर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और धरनास्थल पर लोगों से बातचीत की।
इस दौरान जब उनसे आमेर विधायक प्रशांत शर्मा की गैरमौजूदगी को लेकर द सूत्र ने सवाल किया गया तो उन्होंने उन पर राजनीतिक तंज कसा। बालमुकुंद आचार्य ने आरोप लगाया कि प्रशांत शर्मा की भावनाएं एक समुदाय विशेष के लोगों से जुड़ी हैं और इसी वजह से वे ऐसी घटनाओं में सामने नहीं आते। इस संबंध में हमने आमेर विधायक से उनका पक्ष जानने की कोशिश की, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
नाहरगढ़ की घटना का भी दिया गया उदाहरण
आमेर विधायक प्रशांत शर्मा की गैरमौजूदगी को लेकर कुछ स्थानीय लोगों ने हाल ही में हुई नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क की घटना का भी जिक्र किया। उस घटना में बाघ के हमले में एक महिला की मौत हुई थी। लोगों के मुताबिक, उस समय आमेर विधायक मौके पर पहुंचे थे।
इसी आधार पर लोगों ने सवाल उठाया कि मनीष सोनी की हत्या के बाद विधायक घटनास्थल पर क्यों नहीं पहुंचे? हालांकि, दोनों घटनाओं की परिस्थितियां अलग हैं। इसलिए एक घटना में विधायक की मौजूदगी के आधार पर दूसरी घटना में उनकी गैरमौजूदगी की वजह तय करना उचित नहीं होगा।
विधायक प्रशांत शर्मा की गैरमौजूदगी को लेकर मिली जानकारी के मुताबिक, उनके परिवार में एक सदस्य का निधन हुआ है और परिवार शोक में है। बताया जा रहा है कि इसी वजह से वे मनीष सोनी के परिवार से मिलने नहीं पहुंच सके। हालांकि, इस संबंध में प्रशांत शर्मा का सीधा बयान सामने नहीं आया है।
पुलिस-प्रशासन पर भी बालमुकुंद ने उठाए सवाल
हवामहल विधायक बालमुकुंद आचार्य ने मनीष सोनी के परिवार से मुलाकात के दौरान पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने मामले में लापरवाही का आरोप लगाया और पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने की बात कही। वहीं, परिवार और प्रशासन के बीच बातचीत के बाद 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता पर सहमति बनी। इसके बाद विरोध-प्रदर्शन और धरना समाप्त कर दिया गया।
मनीष सोनी हत्याकांड के बाद आमेर विधायक की गैरमौजूदगी राजनीतिक बहस का मुद्दा जरूर बनी। एक तरफ स्थानीय लोगों ने इसे लेकर सवाल उठाए, वहीं बालमुकुंद आचार्य ने इस पर राजनीतिक टिप्पणी की।
दूसरी तरफ, विधायक प्रशांत शर्मा के परिवार में शोक की बात भी सामने आई है। ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी की वजह और उन पर लगाए गए राजनीतिक आरोपों को अलग-अलग देखना जरूरी है।
यह खबरें भी पढ़ें...
आमेर गाइड हत्याकांड: प्रशासन को सौंपा गया ज्ञापन, न्याय न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी
आमेर में गाइड की हत्या पर उबाल: बाजार-महल बंद, सड़क पर धरना; 50 लाख की मदद पर बनी सहमति
आमेर में टूरिस्ट गाइड की मौत पर बवाल, बाजार बंद: किले तक जीप ले जाने से रोका तो मारा था चाकू
बालमुकुंद आचार्य का बड़ा आरोप, देश विरोधी ताकतों के लिए काम रहे है असदुद्दीन ओवैसी