मोनालिसा-फरमान के बीच आया फरमान का हमशक्ल, वायरल वीडियो का सच आया सामने - जानें पूरा मामला
News In Short
- मोनालिसा और फरमान खान के वायरल वीडियो में आया फरमान का हमशक्ल।
- वीडियो में हमशक्ल खुद को फरमान खान बताता है, लेकिन असल में वह अरविंद जोशी है।
- वायरल वीडियो में अरविंद जोशी ने मोनालिसा के लापता होने की अफवाह फैलाई।
- धमकी भरे कमेंट्स मिलने के बाद अरविंद जोशी ने वीडियो बनाकर मांगी माफी ।
- बालोतरा निवासी अरविंद जोशी ने सोशल मीडिया पर मजाक में बनाया था वीडियो।
News In Detail
Balotra: कुंभ वायरल गर्ल मोनालिसा और उनके पति फरमान खान इन दिनों सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। आए दिन इन दोनों से जुड़ा कोई न कोई विवाद सामने आता रहता है। ताजा मामला एक वायरल वीडियो का है, जिसने हाल ही में सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया। वीडियो में एक युवक खुद को 'फरमान खान' बताते हुए दावा कर रहा था कि मोनालिसा उसे छोड़कर फरार हो गई है। लेकिन जब इसकी पड़ताल की गई तो चौंकाने वाला सच सामने आया।
क्या था उस वायरल वीडियो में?
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में एक शख्स दिखा। उसने वीडियो में कहा, मोनालिसा का पता अजमेर में नहीं लग पाया है, मैं आज जोधपुर जा रहा हूं। किसी ने मोनालिसा को कहीं देखा है तो कोई भाई-बहन मुझे बताए। यह दावा करते हुए उस शख्स ने खुद को फरमान खान बताया। वीडियो वायरल होते ही लोगों के सैकड़ों कमेंट्स आए, किसी ने इसे फ्रॉड बताया तो किसी ने इसे बहरूपिये का काम करार दिया।
कौन है वो शख्स?
जब इस वीडियो ने तूल पकड़ा और मोनालिसा के लापता होने की अफवाह फैलने लगी, तो वीडियो बनाने वाले शख्स ने खुद सामने आकर अपनी असलियत बता दी। वह कोई फरमान नहीं, बल्कि राजस्थान के बालोतरा जिले का रहने वाला अरविंद कुमार जोशी है।
अरविंद ने एक और वीडियो जारी कर सफाई दी। उसने स्पष्ट किया कि वह कोई मुस्लिम युवक नहीं, बल्कि एक हिंदू है। उसने यह वीडियो महज मनोरंजन और मजाक के लिए बनाया था। उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि उसका यह छोटा सा मजाक खबरों की सुर्खियां बन जाएगा।
फॉलोवर्स बढ़ाने के चक्कर में पड़ा भारी
अरविंद जोशी ने बताया कि असली फरमान खान की वीडियो उसने सोशल मीडिया पर देखी थी। उसके कुछ दोस्तों ने उसे बताया कि उसका चेहरा फरमान से काफी मिलता-जुलता है। उन्होंने कहा, तू उसी के जैसा लगता है, अपना कोई वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दे, तेरे फॉलोवर्स बढ़ जाएंगे।
किसी और के कहने पर उसने 11 अप्रैल की रात करीब 9 बजे अपने यूट्यूब चैनल पर मोनालिसा के भाग जाने वाला वीडियो अपलोड कर दिया। कुछ ही घंटों में यह वीडियो आग की तरह वायरल हो गया।
जब हालात बिगड़े, तो पछताया
वीडियो के वायरल होने के बाद जब अरविंद को पता चला कि लोग धमकी भरे कमेंट कर रहे हैं और मामला हाथ से निकलता जा रहा है, तो उसने दोबारा एक और वीडियो बनाई। इस नए वीडियो में उसने मोनालिसा के भाग जाने की पूरी बात को मनगढ़ंत बताते हुए सफाई दी। उसने कहा, मैंने ये वीडियो मजाक-मजाक में बनाई थी, मुझे इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि यह इतना वायरल हो जाएगा और लोग धमकी देंगे।"
डरा-सहमा है आरोपी, कलेक्टर से मिलने की योजना
अरविंद जोशी ने बातचीत में यह भी बताया कि उसने अपनी गलती मानते हुए माफी मांग ली है। उसे सोशल मीडिया पर लगातार धमकी भरे कमेंट्स मिल रहे हैं, जिससे वह काफी डरा हुआ है। उसका कहना है कि वह जल्द ही इस पूरे मामले को लेकर अपने जिले के कलेक्टर से मिलेगा और पूरी सच्चाई रखेगा।
ये भी पढ़ें:-
सरकारी स्कूलों में डेढ़ लाख शिक्षकों की होगी भर्ती, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने किया बड़ा ऐलान
पंचायत-निकाय चुनाव नहीं, फिर भी तैयारी में फूंक दिए 30 करोड़, पैसों की बर्बादी पर उठे सवाल
आखिर क्यों भजनलाल के किसान ज्ञान और वसुंधरा राजे के दर्द पर मचा घमासान, जानिए पूरा मामला