28 साल बाद बाड़ोली के घटेश्वर महादेव मंदिर लौटेगी नटराज प्रतिमा, 1998 में चोरी होकर लंदन पहुंची थी ऐतिहासिक धरोहर
ASI ने प्रतिमा को चित्तौड़गढ़ से बाड़ोली लाकर मंदिर में दोबारा स्थापित करने की तैयारी शुरू कर दी है।
यह खुशखबरी एएसआई की क्षेत्रीय निदेशक टी. श्रीलक्ष्मी ने दी। वे विश्व धरोहर सप्ताह के मौके पर बाड़ोली मंदिर परिसर में बने नए व्याख्या केंद्र का उद्घाटन करने पहुंची थीं। हालांकि, प्रतिमा को वापस लाने और मंदिर में स्थापित करने की तारीख अभी सामने नहीं आई है।
फरवरी 1998 में मंदिर से हुई थी चोरी
घटेश्वर महादेव मंदिर से फरवरी 1998 में भगवान शिव के नटराज स्वरूप की प्राचीन पत्थर की प्रतिमा चोरी हो गई थी। यह प्रतिमा प्रतिहार शैली की दुर्लभ कलाकृति है। इसकी ऊंचाई करीब चार फीट बताई जाती है। चोरी के बाद असली प्रतिमा की जगह नकली प्रतिमा रखे जाने की बात सामने आई थी। स्थानीय लोगों ने प्रतिमा की बरामदगी के लिए आंदोलन भी किया।
शुरुआत में पुलिस और स्थानीय स्तर पर प्रतिमा की तलाश चलती रही। नवंबर 1998 में रावतभाटा के पास परमाणु बिजलीघर के नजदीक एक दूसरी नटराज प्रतिमा मिली थी। इसे पहले असली प्रतिमा समझा गया, लेकिन बाद में जांच में यह नकली निकली। वर्ष 2003 में राजस्थान पुलिस ने ऑपरेशन ब्लैक होल के तहत मूर्ति तस्करी के नेटवर्क की पड़ताल की। इसी जांच में पता चला कि असली प्रतिमा भारत से बाहर ले जाकर लंदन पहुंचा दी गई थी।
लंदन के निजी संग्रहकर्ता के पास थी प्रतिमा
जांच में सामने आया कि चोरी की गई प्रतिमा लंदन के एक निजी कला संग्रहकर्ता जॉन कासमिन के पास थी। भारतीय उच्चायोग और ब्रिटिश अधिकारियों के संपर्क के बाद संग्रहकर्ता ने वर्ष 2005 में प्रतिमा भारतीय उच्चायोग को सौंप दी। इसके बाद यह लंदन स्थित इंडिया हाउस में रखी गई।
हालांकि, प्रतिमा के असली होने की आधिकारिक पुष्टि में भी समय लगा। अगस्त 2017 में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के विशेषज्ञों की टीम ने इंडिया हाउस पहुंचकर प्रतिमा की जांच की। विशेषज्ञों ने पुराने रिकॉर्ड और तस्वीरों का मिलान किया। जांच में पुष्टि हुई कि यह वही प्रतिमा है, जो 1998 में बाड़ोली के घटेश्वर महादेव मंदिर से चोरी हुई थी।
इसके बाद 30 जुलाई 2020 को प्रतिमा भारत लौट आई और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण को सौंप दी गई। पहले इसे दिल्ली में रखा गया और फिर चित्तौड़गढ़ लाया गया। अब इसे उसके मूल मंदिर में वापस स्थापित करने की तैयारी है।
नटराज की मुद्रा में छिपा है सृष्टि का रहस्य
यह प्रतिमा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि भारतीय शिल्पकला का महत्वपूर्ण नमूना भी है। नटराज रूप में भगवान शिव को नृत्य करते हुए दिखाया गया है। इस स्वरूप को सृष्टि के निर्माण, संरक्षण और संहार के चक्र का प्रतीक माना जाता है। प्रतिमा की दुर्लभ नृत्य मुद्रा, जटाओं की सजावट और पत्थर पर की गई बारीक नक्काशी इसे खास बनाती है।
विशेषज्ञ इसे प्रतिहार काल की कला परंपरा से जुड़ी महत्वपूर्ण धरोहर मानते हैं। बाड़ोली का मंदिर समूह भी इसी काल की स्थापत्य शैली के लिए जाना जाता है। एएसआई के स्मारक सर्वेक्षण में घटेश्वर मंदिर को दसवीं शताब्दी का प्रतिहार शैली का मंदिर बताया गया है।
अब सुरक्षा के साथ होगी पुनर्स्थापना
करीब तीन दशक बाद प्रतिमा के मूल मंदिर में लौटने से बाड़ोली की ऐतिहासिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी। लेकिन इसके साथ सुरक्षा भी बड़ी जिम्मेदारी होगी। जिस प्रतिमा को अंतरराष्ट्रीय तस्करी के जरिए देश से बाहर ले जाया गया था, उसे दोबारा चोरी से बचाना जरूरी होगा।
अब सबकी नजर एएसआई की अगली कार्रवाई पर है। प्रतिमा कब चित्तौड़गढ़ से बाड़ोली पहुंचेगी और मंदिर में स्थापना की प्रक्रिया कब पूरी होगी, इसकी आधिकारिक तारीख का इंतजार है। प्रतिमा की वापसी सिर्फ एक पुरानी मूर्ति का अपने स्थान पर लौटना नहीं है, बल्कि राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत के एक महत्वपूर्ण हिस्से की घर वापसी भी है।