जयपुर में वेडिंग सीजन के बीच नए नोटों की मारामारी, बैंक से गायब गड्डियां फुटपाथ पर मिल रहीं; जानिए किस नोट का क्या दाम

Jageshwar Prasad | Published:
जयपुर की छोटी और बड़ी चौपड़ के फुटपाथ पर नोट बिक रहे हैं। नोट जितना छोटा, दाम उतना ज्यादा है।
Currency notes are being sold on the footpaths at Chhoti Chaupar and Badi Chaupar in Jaipur. The smaller the denomination of the note, the higher its price.
जयपुर में वेडिंग सीजन शुरू हो गया है। शादी समारोहों की तैयारियां तेज हो गई हैं। ऐसे में शगुन और नेगचार के लिए नए नोटों की भारी मारामारी है। लोग नए नोटों के लिए बैंकों के चक्कर लगा रहे हैं। बैंक से उन्हें भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) जाने को कहा जा रहा है। लेकिन वहां भी लोगों को निराशा मिल रही है।

पड़ताल में टोंक रोड रामबाग स्थित आरबीआई दफ्तर के बाहर कोई काउंटर नहीं मिला। वहां मिले व्यक्ति ने बताया कि नए नोट चाहिए तो छोटी या बड़ी चौपड़ जाना होगा। वहां जाने पर फुटपाथ पर नोट बिकते मिले। खास बात यह रही कि नोट जितना छोटा, उसकी कीमत उतनी ही ज्यादा है।



हर साल दीपावली से पहले बैंकों में नए नोटों की खेप आती है। इसके बावजूद ये गड्डियां बैंकों से गायब हैं। आशंका है कि ये गड्डियां बिचौलियों के जरिए बाजार में पहुंचती हैं। शादी के सीजन में इन पर मोटा प्रीमियम वसूला जाता है।



छोटी और बड़ी चौपड़ में 15 से ज्यादा दुकानें, मोलभाव नहीं

जयपुर की छोटी चौपड़ और बड़ी चौपड़ में नए नोट बदलने की 15 से ज्यादा दुकानें और ठिकाने हैं। यहां मोलभाव नहीं होता। हर जगह एक ही तरह की ऊंची कीमत मांगी जाती है।



छोटी चौपड़ का हाल

यहां नए नोट देने वालों ने 1, 2 और 5 रुपए के नोटों की गड्डियां न होने की बात कही। 10 रुपए के 100 नोट (1 हजार रुपए मूल्य) वाली गड्डी के 1 हजार 500 रुपए मांगे गए। एक अन्य व्यक्ति ने दो से ज्यादा गड्डियां देने से मना कर दिया। उसने बड़ी चौपड़ जाने की सलाह दी। वहां 10 से 15 दुकानदारों के पास ज्यादा गड्डियां मिलने की बात कही गई।



बड़ी चौपड़ का हाल

यहां माणक चौक थाने के सामने फूल बेचने वालों के पास गड्डियों का लेन-देन दिखा। 1 रुपए के 100 नोट की गड्डी के 1 हजार 900 से 2 हजार रुपए तक मांगे गए। 2 रुपए के नोट नहीं मिले। 5 रुपए के 100 नोट (500 रुपए मूल्य) की गड्डी के 4 हजार 500 रुपए मांगे गए। 10 रुपए की गड्डी के 1 हजार 450 रुपए मांगे गए। 20 रुपए के नोटों की गड्डी के 2 हजार 400 रुपए मांगे गए। वहीं 50 और 100 रुपए के नोटों की गड्डी पर 200 रुपए अतिरिक्त मांगे गए।




किस नोट की गड्डी का क्या चल रहा दाम?

बाजार में नए नोटों की गड्डियों की कीमत में बड़ा अंतर दिख रहा है। छोटे नोटों के लिए लोगों को दोगुने से भी ज्यादा पैसे देने पड़ रहे हैं।



नोट का मूल्यगड्डी में कुल राशि (100 नोट)बाजार में मांगा गया दाम
1 रुपए100 रुपए1 हजार 900 – 2 हजार रुपए
2 रुपए200 रुपएउपलब्ध नहीं
5 रुपए500 रुपए4 हजार 500 रुपए
10 रुपए1 हजार रुपए1 हजार 450 – 1 हजार 500 रुपए
20 रुपए2 हजार रुपए2 हजार 400 रुपए
50 रुपए5 हजार रुपए5 हजार 200 रुपए

नोटों के दुरुपयोग पर अपील, अधिक दाम वसूलने पर कानून साफ नहीं

एक विशेषज्ञ ने इस पूरे मामले पर कानूनी स्थिति बताई। उन्होंने कहा कि नोटों की मूल कीमत से ज्यादा पैसा वसूलने पर स्पष्ट कानूनी प्रावधान नहीं हैं।



भारतीय रिजर्व बैंक ने 12 मार्च 2008 को लोगों से नोटों का सम्मान करने की अपील की थी। आरबीआई ने कहा था कि नोटों से माला न बनाएं। पांडाल या पूजा स्थलों की सजावट में नोट न लगाएं। शादी या अन्य समारोहों में नोटों की बारिश न करें।



ऐसा करने से नोट खराब और विकृत होते हैं। उनकी उम्र भी कम हो जाती है। आरबीआई ने नोटों को संप्रभु राष्ट्र और जनता का प्रतीक बताया था। इनके दुरुपयोग से बचने की सलाह दी थी। लेकिन ब्लैक में ऊंची कीमत पर नोट बेचने को लेकर स्पष्ट कानून न होने से दुकानदारों और बिचौलियों पर सीधा शिकंजा नहीं कस पा रहा है।




शादी के सीजन में आम परिवारों की जेब पर असर

शादी-ब्याह में नेगचार, शगुन और बन्ना-बन्नी के लिए छोटे नोटों की परंपरा पुरानी है। बैंकों से नोट न मिलने के कारण परिवारों को मजबूरी में बाजार का रुख करना पड़ता है।



कई बार लोग कम बजट या मोलभाव न होने के कारण महंगे दामों पर गड्डियां खरीदने से बचते हैं। इससे शादी की तैयारियों में जुटे परिवारों की परेशानी बढ़ गई है।



Tags:
  • New notes black market Jaipur
  • जयपुर में नए नोटों की कालाबाजारी
  • Wedding season currency shortage
  • शादी सीजन में नोटों की किल्लत
  • New currency notes premium price
  • नए नोट ब्लैक जयपुर
  • नए नोट कालाबाजारी
  • शादी सीजन नोट
  • आरबीआई नोट कमी
  • नोट बिचौलिये जयपुर