नर्सिंग ऑफिसर भर्ती में बोनस अंकों पर हाईकोर्ट सख्त, 8 विशेषज्ञ तय करेंगे अभ्यर्थियों की पात्रता

Mukesh Sharma | Published:
नर्सिंग ऑफिसर भर्ती में विषय विशेषज्ञों की कमेटी बनाने के निर्देश
Instructions issued to form a committee of subject experts for the recruitment of nursing officers
राजस्थान में नर्सिंग ऑफिसर भर्ती-2023 में बोनस अंक नहीं मिलने से परेशान अभ्यर्थियों को हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने राज्य सरकार को आठ सदस्यीय विशेषज्ञ कमेटी बनाने के निर्देश दिए हैं। यह कमेटी तय करेगी कि सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं में संविदा पर काम करने वाले अभ्यर्थियों ने नर्सिंग ऑफिसर के समान काम किया था या नहीं।

जस्टिस अनूप कुमार ढांढ की एकलपीठ ने बलदेव प्रसाद सहित अभ्यर्थियों की 42 याचिकाओं पर 27 अक्टूबर 2026 को यह आदेश दिया। कोर्ट ने साफ कहा कि वह हर विषय की विशेषज्ञ नहीं है। अलग-अलग सरकारी योजनाओं में किए गए काम की तुलना नर्सिंग ऑफिसर की जिम्मेदारियों से करना तकनीकी मामला है। इसका फैसला चिकित्सा और नर्सिंग क्षेत्र के विशेषज्ञ ही कर सकते हैं।



5 मई 2023 को निकली थी भर्ती

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने 5 मई 2023 को नर्सिंग ऑफिसर के पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। इसमें सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं और विभिन्न संस्थाओं में समान काम करने वाले संविदाकर्मियों को अनुभव के आधार पर बोनस अंक देने का प्रावधान था।



इसके तहत सामान्य पात्र अभ्यर्थियों को एक साल के अनुभव पर 10, दो साल पर 20 और तीन साल या उससे अधिक अनुभव पर अधिकतम 30 बोनस अंक मिलने थे।



कोविड काल में काम करने वाले संविदा, अस्थायी और अन्य श्रेणी के कर्मचारियों के लिए अलग व्यवस्था थी। उन्हें दो साल से कम अनुभव पर 15, दो से तीन साल से कम अनुभव पर 20 और तीन साल या उससे अधिक अनुभव पर 30 बोनस अंक देने का प्रावधान था।



अनुभव प्रमाण पत्र होने के बावजूद नहीं मिले अंक

भर्ती में शामिल अभ्यर्थियों का कहना था कि उन्होंने NHM, RMRS, 108 एम्बुलेंस और दूसरी सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं में नर्सिंग ऑफिसर के समान काम किया है। उनके पास विभाग की ओर से जारी अनुभव प्रमाण पत्र भी हैं। इसके बावजूद विभाग ने उनके अनुभव को बोनस अंकों के योग्य नहीं माना।



बोनस अंक नहीं मिलने से कई अभ्यर्थियों का नाम 6 दिसंबर 2024 को जारी अंतिम मेरिट सूची में शामिल नहीं हुआ। इसके बाद बलदेव प्रसाद समेत कई अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में याचिकाएं दायर कीं।



सरकार ने क्यों किया बोनस अंकों का विरोध?

राज्य सरकार ने अदालत में अभ्यर्थियों की मांग का विरोध किया। सरकार का कहना था कि किसी सरकारी योजना में काम करने भर से बोनस अंक पाने का अधिकार नहीं मिल जाता। इसके लिए यह देखना जरूरी है कि संबंधित कर्मचारी ने वास्तव में नर्सिंग ऑफिसर की निर्धारित जिम्मेदारियां निभाई हैं या नहीं।



सरकार ने नर्स ग्रेड प्रथम और द्वितीय के काम का विवरण भी अदालत के सामने रखा। इसमें मरीजों की देखभाल, इंजेक्शन देना, जांच के लिए ब्लड सैंपल लेना, ICU और इमरजेंसी में ड्यूटी, रिकॉर्ड तैयार करना और संक्रमण रोकने जैसे काम शामिल हैं।




8 सदस्यीय कमेटी में ये अधिकारी होंगे शामिल

हाईकोर्ट ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख शासन सचिव को तीन सप्ताह के भीतर कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं। इसमें कुल आठ सदस्य होंगे।



कमेटी में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख शासन सचिव, निदेशक (अराजपत्रित), राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान (SIHFW) के निदेशक, भर्ती के नोडल अधिकारी संयुक्त निदेशक, SMS मेडिकल कॉलेज जयपुर के प्रिंसिपल, JLN मेडिकल कॉलेज अजमेर के प्रिंसिपल, झालावाड़ मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल और राजस्थान नर्सिंग काउंसिल के रजिस्ट्रार शामिल होंगे।




छह सप्ताह में रिपोर्ट, फिर सरकार लेगी फैसला

कमेटी प्रत्येक याचिकाकर्ता के नियुक्ति पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र, जॉब डिस्क्रिप्शन और वास्तव में किए गए काम की जांच करेगी। अभ्यर्थियों को अपना पक्ष रखने और दस्तावेज पेश करने का मौका भी दिया जाएगा।



कमेटी को आदेश की प्रमाणित प्रति मिलने के छह सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट देनी होगी। इसके बाद राज्य सरकार को अगले चार सप्ताह में बोनस अंकों की पात्रता पर अंतिम निर्णय लेना होगा।




अगर किसी अभ्यर्थी का अनुभव नर्सिंग ऑफिसर के काम के समकक्ष पाया जाता है और वह दूसरी योग्यताएं भी पूरी करता है, तो उसकी नियुक्ति पर मेरिट के अनुसार विचार करना होगा। वहीं, जिन अभ्यर्थियों का अनुभव कमेटी के दायरे में नहीं आएगा, वे दोबारा हाईकोर्ट जा सकेंगे।



अदालत ने याचिकाकर्ताओं के पक्ष में पहले से चल रहे अंतरिम आदेश को भी कमेटी की रिपोर्ट आने तक या दो महीने तक जारी रखने के निर्देश दिए हैं। अब अभ्यर्थियों की नजर कमेटी की रिपोर्ट और सरकार के अंतिम फैसले पर है।

Tags:
  • राजस्थान हाईकोर्ट
  • नर्सिंग ऑफिसर भर्ती 2023
  • बोनस अंक विवाद
  • हम हर विषय के एक्सपर्ट नहीं
  • विशेषज्ञ कमेटी बनाने के निर्देश
  • संविदा कर्मियों को बोनस अंक
  • Rajasthan Nursing Officer Recruitment 2023
  • Nursing Officer bonus marks