ACB की बड़ी कार्रवाई: 20 हजार की घूस लेते लेखा सहायक गिरफ्तार, BCMO फरार
समझें क्या है पूरा मामला
- पाली के रोहट BCMO कार्यालय में ACB ने लेखा सहायक को 20 हजार की रिश्वत लेते किया गिरफ्तार।
- आरोपी ने गाड़ी का बिल पास करने और टेंडर जारी रखने के बदले घूस मांगी थी।
- शिकायत के बाद ACB ने गोपनीय सत्यापन कर रविवार को जाल बिछाकर कार्रवाई की।
- रिश्वत की रकम दफ्तर की दराज से बरामद की गई, जिसे आरोपी ने छुपाया था।
- बीसीएमओ डॉक्टर हार्दिक राजपुरोहित फरार हैं, जिनकी तलाश में ACB की टीम दबिश दे रही है।
पाली के रोहट ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी ACB ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। लेखा सहायक देवकीनंदन शर्मा को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। घूस की रकम दफ्तर की दराज में छुपाई गई थी, जिसे ACB ने बरामद कर लिया। BCMO डॉक्टर हार्दिक राजपुरोहित कार्रवाई की भनक लगते ही फरार हो गए और उनकी तलाश जारी है।
गाड़ी का बिल पास करने को मांगी थी घूस
परिवादी ने पाली द्वितीय ACB चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक रोहट स्थित BCMO कार्यालय में उसकी गाड़ी टेंडर पर लगी हुई है। लेखा सहायक देवकीनंदन शर्मा अप्रेल से जून तक के बकाया बिल पास करने और टेंडर निरंतर चालू रखने की एवज में 20 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत में BCMO डॉक्टर हार्दिक राजपुरोहित की संलिप्तता का भी जिक्र था।
गोपनीय सत्यापन के बाद बिछाया जाल
ACB रेंज जोधपुर के DIG यानी उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन में पाली द्वितीय इकाई के प्रभारी और ASP यानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देरावर सिंह की टीम ने पहले गोपनीय सत्यापन कराया। रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद रविवार को जाल बिछाया गया।
दराज में छुपाए रिश्वत के नोट
परिवादी ने जैसे ही देवकीनंदन शर्मा को 20 हजार रुपए दिए, वैसे ही ACB टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी ने घूस की रकम BCMO कार्यालय की नई इमारत के पहले तल पर रखी एक लकड़ी की दराज में छुपा दी थी। ACB ने इसे वहीं से बरामद किया।
भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं
ACB के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने कार्रवाई की पुष्टि की। उनके मुताबिक शिकायत मिलते ही पूरी प्रक्रिया अपनाई गई और आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
BCMO फरार
कार्रवाई की भनक लगते ही BCMO डॉक्टर हार्दिक राजपुरोहित मौके से फरार हो गए। जोधपुर ACB की टीम ने फरार डॉक्टर के आवास पर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन वे अभी तक पकड़ में नहीं आए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
ये खबर भी पढे़:-
NEET री-एग्जाम में हिजाब पहनी छात्रा को रोका, हंगामे के बाद जानें क्या हुआ?
RE-NEET एग्जाम : कलेक्टर और 24 RAS अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
जयपुर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू, जानें टाइमटेबल और स्टॉपेज
सांवलिया सेठ के दरबार में चढ़ावे की गिनती जारी, रकम 32 करोड़ के पार