तीसरे चरण के 17 जिलों के टिकट 22 अक्टूबर को होंगे फाइनल, बेटे का टिकट होल्ड होने पर राजेंद्र राठौड़ नाराज

Jageshwar prasad | Oct 22, 2026, 12:37 IST
बीजेपी में टिकट बंटवारे को लेकर विवाद सामने आया। राजेंद्र राठौड़ बेटे का टिकट होल्ड होने पर नाराज हुए।
राजस्थान में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के लिए भाजपा में टिकट वितरण को लेकर सियासी घमासान तेज है। पार्टी मुख्यालय में बुधवार को रायशुमारी के दौरान वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ नाराज हो गए। वे चूरू जिला परिषद में अपने बेटे पराक्रम राठौड़ और बहू के लिए टिकट मांग रहे थे। सीएम भजनलाल शर्मा ने मामला संभाला।

राजस्थान में पंचायत चुनाव (Panchayat Election) के तीसरे चरण के लिए बीजेपी में टिकट बांटने की प्रक्रिया चल रही है। इस बीच पार्टी में टिकटों को लेकर रायशुमारी के दौरान वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ के नाराज होने की अटकलें हैं। बताया जा रहा है कि राठौड़ चूरू जिला परिषद में अपने बेटे पराक्रम राठौड़ और बहू के लिए टिकट मांग रहे थे।



भाजपा मुख्यालय में बुधवार को रायशुमारी के दौरान संगठन की ओर से कहा गया कि बहू का टिकट फाइनल करते हैं। बेटे के टिकट को फिलहाल होल्ड पर रख लेते हैं। इस पर राठौड़ ने नाराजगी जताई।



उन्होंने कहा कि बेटे के टिकट को आरसीए (RCA – Rajasthan Cricket Association) में भी होल्ड पर रख लिया था। कब तक होल्ड पर रखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि एक ही परिवार में कई जगह तीन-तीन टिकट दिए गए हैं। हालांकि इस बात की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है।



सीएम भजनलाल शर्मा ने तुरंत संभाला मामला

बैठक में मौजूद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए मामले को संभाल लिया। उन्होंने राजेंद्र राठौड़ से कहा कि आप वरिष्ठ नेता हैं। आपकी राय को महत्व दिया जाएगा। इसके बाद राठौड़ मान गए।




एक ही परिवार से टिकट पर सवाल

बैठक के दौरान संगठन का मानना था कि शेखावाटी अंचल बीजेपी के लिए इतना आसान नहीं है। एक ही परिवार से टिकट देने पर क्षेत्र में नाराजगी भी हो सकती है। इस पर राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि उन्हें पता है कि उनके क्षेत्र में चुनाव कैसे जीतना है। उन्होंने कहा कि उन्होंने और जगह जाकर भी चुनाव जिताए हैं।




बेटे-बहू ने किया नामांकन

वहीं चूरू में पंचायत चुनाव के लिए बुधवार को जिला परिषद सदस्य पदों के लिए 20 नामांकन पत्र जमा हुए। इनमें भाजपा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह राठौड़ और बहू कनिका सिंह ने भी नामांकन किया।



कनिका सिंह ने वार्ड 23 से और पराक्रम सिंह ने वार्ड 39 से नामांकन दाखिल किया है। अब देखना यह होगा कि पार्टी इन दोनों को टिकट देती है या नहीं।




ब्यावर में भी टिकट होल्ड

भाजपा मुख्यालय में रायशुमारी के दौरान संगठन जब ब्यावर जिला परिषद को लेकर टिकट फाइनल कर रहा था, तब वार्ड 13 से दो रिटायर्ड पुलिस अधिकारियों ने अपने परिजनों के लिए टिकट मांगा।



रायशुमारी के दौरान इनमें से एक पुलिस अधिकारी के खिलाफ दर्ज किसी आपराधिक मामले की एफआईआर (FIR – First Information Report) संगठन के सामने रखी गई। ऐसे में वार्ड 13 में विवाद बढ़ने पर फिलहाल पार्टी ने यहां की टिकट को होल्ड पर रखा है।




17 जिलों के टिकट आज होंगे फाइनल

तीसरे चरण के 17 जिलों के टिकट फाइनल करने के लिए संगठन ने पहले दो दिन तय किए थे। लेकिन फेस्टिवल सीजन को देखते हुए सभी जिलों के टिकट बुधवार को ही फाइनल किए जा रहे हैं। केवल जिन सीटों पर विवाद की स्थिति है, उन पर गुरुवार को मंथन हो सकता है।



ब्यावर, डीडवाना-कुचामन, टोंक, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, सलूंबर, चूरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, खैरथल-तिजारा, बालोतरा, बूंदी, भरतपुर, डीग, धौलपुर और सवाई माधोपुर जिलों की टिकट बुधवार को फाइनल होनी हैं।

Tags:
  • पंचायत चुनाव
  • Panchayat Election
  • Rajasthan Cricket Association
  • पराक्रम राठौड़
  • मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
  • राजेंद्र राठौड़
  • चूरू में पंचायत चुनाव
  • भाजपा मुख्यालय