अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल से शिफ्ट हुआ पप्पू, कड़ी सुरक्षा के बीच ट्रांसफर

Jageshwar prasad | Jul 14, 2026, 18:43 IST
जगन की हत्या के बाद भाई पप्पू की जेल बदली, दौसा भेजा गया
जगन गुर्जर हत्या के बाद भाई पप्पू गुर्जर को अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल से दौसा जेल शिफ्ट किया गया। ग्रामीणों के आंदोलन के बाद राजस्थान प्रशासन ने 5 मांगें मानीं थीं।

समझें क्या है पूरा मामला

  • डकैत जगन गुर्जर हत्याकांड के बाद उसके भाई पप्पू की जेल बदली।
  • अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल से दौसा सेंट्रल जेल शिफ्ट किया पप्पू।
  • परिजनों की मांग के अनुसार कड़ी सुरक्षा में हुआ ट्रांसफर।
  • धौलपुर में आंदोलन के बाद प्रशासन ने मानी थी पांच मांगें।
  • जगन की हत्या के बाद से बढ़ा था पप्पू की सुरक्षा का खतरा।

डकैत जगन गुर्जर की अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में 29 जून को हत्या के बाद उसके भाई पप्पू गुर्जर की सुरक्षा को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में भारी चिंता थी। परिवार लगातार मांग कर रहा था कि पप्पू को उसी जेल में न रखा जाए।



आखिरकार मंगलवार सुबह करीब 9 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच पप्पू गुर्जर को अजमेर से दौसा की सेंट्रल जेल ले जाया गया।



परिवार की मांग पर हुई शिफ्टिंग

जेल अधीक्षक पारस जांगिड़ ने बताया कि जेल मुख्यालय ने सोमवार को पप्पू गुर्जर को ट्रांसफर करने के आदेश जारी किए। मंगलवार सुबह जिला पुलिस से अतिरिक्त जाप्ता मिलने के बाद शिफ्टिंग की कार्रवाई पूरी की गई। पूरे रास्ते कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।



4 जुलाई को तबीयत बिगड़ी थी

जगन की हत्या के कुछ दिन बाद 4 जुलाई को पप्पू गुर्जर को जेल में खाना खाने के बाद सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। जेल के डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार किया।



रात 10:45 बजे पुलिस की भारी सुरक्षा में उसे जवाहरलाल नेहरू अस्पताल ले जाया गया जहां जांच के बाद वापस जेल भेज दिया गया। उस समय से ही परिजनों की सुरक्षा चिंता बढ़ गई थी।



12 जुलाई को थी आंदोलन की चेतावनी

12 जुलाई को जगन गुर्जर की बारहवीं की रस्म के बाद परिजनों और डांग क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों ने बाड़ी की तरफ कूच कर बड़े आंदोलन की चेतावनी दे दी। परिवार ने 5 प्रमुख मांगें रखी थीं जो पूरी नहीं हुई थीं।



आधी रात कलेक्टर ने रोका आंदोलन

माहौल बिगड़ता देख धौलपुर कलेक्टर श्रीनिधि बीटी और एसपी खुद आधी रात को गजपुरा चौराहे पर पहुंचे। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से बात की।



5 प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद बाड़ी के थानाधिकारी (SHO) देवेंद्र शर्मा को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया। इसके बाद देर रात ग्रामीण शांत होकर भवुतीपुरा लौट गए।



जगन की हत्या

29 जून 2026 को अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में भरतपुर के कुलदीप जघीना हत्याकांड के आरोपी विष्णु जाट ने तौलिए से गला दबाकर डकैत जगन गुर्जर की हत्या की थी। 1 जुलाई को धौलपुर के डांग स्थित भवुतीपुरा गांव में उनका अंतिम संस्कार हुआ था।



ये भी पढ़ें:-

जगन गुर्जर की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा- गला दो बार दबाया गया



जगन गुर्जर के भाई का सनसनीखेज आरोप- पहले नशीली दवा दी, फिर की गई हत्या



चाचा की भी हो सकती है हत्या, जगन गुर्जर के बेटे ने उठाए सवाल, मांगी CBI जांच



कौन है विष्णु जाट, जिसने डकैत जगन गुर्जर को अजमेर जेल में मार डाला



Tags:
  • जगन गुर्जर
  • अजमेर
  • दौसा
  • विष्णु जाट
  • डकैत जगन गुर्जर की हत्या
  • पप्पू गुर्जर