क्या परिवार के पैसे का विवाद हत्या का कारण बन सकता है? 72 वर्षीय दादा की हत्या का मामला

Jyoti Mahender Bhardwaj | Sept 29, 2026, 16:26 IST
पेंशन के पैसों पर हत्या
डाकोड़ा गांव में एक रिटायर्ड हेड कॉन्स्टेबल गोवर्धन सिंह की हत्या उनके पोते अंकित ने की। हत्या पेंशन और फसल के पैसे के विवाद के कारण हुई थी। हत्या के बाद अंकित ने CCTV और DVR को निकालकर सबूत मिटाने की कोशिश की। शव को 500 मीटर दूर फेंक दिया गया था, जिसके लिए अंकित के पिता को भी जांच में लाया गया है।

समझें पूरा मामला

  • बानसूर के डाकोड़ा गांव में 72 वर्षीय रिटायर्ड हेड कॉन्स्टेबल गोवर्धन सिंह की हत्या हुई।
  • पुलिस के मुताबिक, पेंशन और फसल के पैसों को लेकर पोते अंकित का दादा से विवाद था।
  • आरोपी ने कथित तौर पर घर में घुसकर कुल्हाड़ी और लाठी से हमला किया।
  • हत्या के बाद CCTV और DVR हटाए गए और शव को करीब 500 मीटर दूर ले जाकर फेंक दिया गया।
  • पुलिस ने अंकित को गिरफ्तार किया है और उसके पिता सुंदर सिंह से भी पूछताछ जारी है।

बानसूर थाना क्षेत्र के डाकोड़ा गांव में रिटायर्ड हेड कॉन्स्टेबल की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, पेंशन और फसल के पैसे नहीं देने को लेकर हुए विवाद में पोते ने अपने 72 वर्षीय दादा की कुल्हाड़ी और लाठी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी CCTV कैमरा और DVR निकालकर मौके से फरार हो गया।



पुलिस ने मामले में मृतक के पोते अंकित को गिरफ्तार किया है। वहीं, उसके पिता सुंदर सिंह को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद शव को घर से करीब 500 मीटर दूर ले जाकर फेंक दिया गया था।



21 सितंबर को हुई थी हत्या

थाना प्रभारी राजेश कुमार के अनुसार, नीमराना निवासी दरियाब सिंह ने 22 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसके पिता गोवर्धन सिंह (72) की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी है। उनका शव घर से करीब 500 मीटर दूर पड़ा मिला था।



सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव का बानसूर उप जिला अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। जांच के दौरान पुलिस को परिवार के लोगों से पूछताछ में कई अहम सुराग मिले।



पेंशन और फसल के पैसों को लेकर था विवाद

गोवर्धन सिंह के दो बेटे दरियाब सिंह और सुंदर सिंह नीमराना में रहते हैं। वर्ष 2023 में उनकी पत्नी की मौत हो गई थी। इसके बाद गोवर्धन ने बानसूर थाना क्षेत्र के डाकोड़ा गांव में जमीन खरीदी और वहीं रहने लगे।



पुलिस जांच में सामने आया कि गोवर्धन सिंह अपने बेटों को पेंशन के पैसे नहीं देते थे। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। इसके अलावा फसल से मिलने वाले पैसों को लेकर भी पोते अंकित का अपने दादा से विवाद बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में पुलिस को सुंदर सिंह के बेटे अंकित पर शक हुआ। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो पुलिस के मुताबिक उसने हत्या करना कबूल कर लिया।



दीवार फांदकर घर में घुसा था आरोपी

पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को गोवर्धन सिंह ने अपने बेटों और पोतों को बाजरे की कटाई के लिए डाकोड़ा बुलाया था। 20 सितंबर को फसल काटने के बाद परिवार के लोग वापस नीमराना चले गए।



अगले दिन यानी 21 सितंबर को अंकित ने घर पर बताया कि वह भिवाड़ी में मोहनराम बाबा तपोभूमि जा रहा है। इसके बाद वह शाम को डाकोड़ा पहुंचा और दीवार फांदकर घर के अंदर घुस गया।



पुलिस के मुताबिक, मौका देखकर अंकित ने कुल्हाड़ी से गोवर्धन सिंह के सिर पर दो बार वार किया। हमले के दौरान कुल्हाड़ी की लकड़ी टूट गई। इसके बाद उसने वहां पड़ी लाठी से भी दादा पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण गोवर्धन सिंह की मौत हो गई।



हत्या के बाद मां को दी जानकारी

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद अंकित ने अपनी मां को फोन कर वारदात की जानकारी दी। मां ने उसे नीमराना आने के लिए कहा। इसके बाद 22 सितंबर की सुबह अंकित के पिता सुंदर सिंह और उसकी मां डाकोड़ा पहुंचे। पुलिस का आरोप है कि सुंदर सिंह ने शव को घर से करीब 500 मीटर दूर ले जाकर फेंक दिया। इसके बाद सुंदर सिंह ने अपने बड़े भाई दरियाब सिंह और गांव के लोगों को गोवर्धन सिंह की हत्या की जानकारी दी।



CCTV और DVR भी निकालकर ले गया

वारदात के बाद आरोपी ने घर में लगे CCTV कैमरे और DVR भी निकाल लिए, ताकि हत्या से जुड़े सबूत मिटाए जा सकें। पुलिस ने जांच के दौरान CCTV और DVR बरामद कर लिए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की पूरी योजना कैसे बनाई गई थी और वारदात के बाद सबूत मिटाने में कौन-कौन लोग शामिल थे।



पुलिस की जांच जारी

मामले में पुलिस ने अंकित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके पिता सुंदर सिंह से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे पेंशन और फसल के पैसों को लेकर चल रहे विवाद के साथ-साथ वारदात के बाद शव को ठिकाने लगाने और CCTV-DVR हटाने की पूरी कड़ी की जांच कर रही है।



Tags:
  • cctv
  • dvr
  • dvr -
  • पुलिस की जांच
  • पेंशन
  • हेड कॉन्स्टेबल