पाली में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति नहीं होने से 60 पम्प बंद, ऑपरेटरों ने कलक्ट्रेट पर किया विरोध प्रदर्शन
News In Short
पाली जिले में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति में कमी से 60 पेट्रोल पम्प बंद रहे।
कई पम्पों पर पेट्रोल खत्म होने के कारण वाहन चालकों को बिना ईंधन के लौटना पड़ा।
पेट्रोल पम्प संचालकों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर आपूर्ति की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
पम्प संचालकों का आरोप, कम्पनियां समय पर नहीं कर रही है आपूर्ति।
पम्पों के बंद रहने से संचालकों को हो रहा है भारी आर्थिक नुकसान ।
News In Detail
पाली जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति में कमी के कारण स्थिति बिगड़ चुकी है। पेट्रोल पम्पों पर कम्पनियों से पर्याप्त आपूर्ति न होने की वजह से वाहन चालक बिना ईंधन के ही लौटने पर मजबूर हो रहे हैं। जिले में करीब 60 पेट्रोल पम्प बंद है। इससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कहीं पेट्रोल की कमी थी, तो कहीं डीजल खत्म हो गया था। इस स्थिति ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
पम्प संचालकों का विरोध प्रदर्शन
इस संकट से नाराज पेट्रोल पम्प संचालक कलक्ट्रेट पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। संचालकों का आरोप है कि पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति करने वाली कम्पनियां समय पर ईंधन नहीं भेज रही हैं और बार-बार संपर्क करने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। एक पेट्रोल पम्प संचालक ने बताया कि उनके पम्प पर पेट्रोल खत्म हो चुका है और वे केवल डीजल वाहनों को ही सेवा दे पा रहे हैं। इसके बावजूद कम्पनी से कोई जवाब नहीं मिला।
कई पम्प कई दिनों तक बंद रहे
सुमेरपुर के रामनगर स्थित पेट्रोल पम्प संचालक रमेश अग्रवाल ने बताया कि उनका पम्प करीब ढाई दिन तक पूरी तरह से बंद रहा। बाद में सीमित मात्रा में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति हुई, जिससे थोड़ी राहत मिली, लेकिन समस्या का हल नहीं हुआ। वहीं पाली के नया गांव स्थित पम्प संचालक पीयूष भाटी ने बताया कि उनका पम्प एक दिन तक बंद रहा।
पम्प संचालकों का हो रहा है नुकसान
मारवाड़ जंक्शन के पेट्रोल पम्प संचालक सुरेश ने बताया कि उनका पम्प पिछले चार दिनों से बंद है। उन्होंने कहा कि कम्पनी द्वारा कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा, जबकि पम्प संचालकों ने अग्रिम राशि पहले ही जमा कर दी थी। पम्प संचालकों का कहना है कि कम्पनियां टैंकर भेजने से पहले पम्पों के पूरी तरह से ड्राई होने का इंतजार करती हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है।
पम्प संचालकों द्वारा जिला कलक्टर को ज्ञापन
पाली जिला पेट्रोल पम्प एसोसिएशन के अध्यक्ष कार्तिकेय श्रोत्रिय ने बताया कि कम्पनियां पम्प पूरी तरह से ड्राई होने के बाद ही ऑर्डर लेकर टैंकर भेज रही हैं, जिससे पम्प संचालकों को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने जिला कलक्टर को ज्ञापन देकर समय पर पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आने वाले समय में इस तरह की समस्याओं से बचा जा सके।
ये भी पढे़:-
परिवहन विभाग के थ्री डिजिट फर्जीवाड़े में नए-नए खुलासे, वाहनों के मालिक और चेसिस नंबर बदले
राजू ठेहट हत्याकांड, ट्रायल में देरी के चलते आरोपी सरजीत सिंह को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत
परिवहन विभाग के थ्री डिजिट फर्जीवाड़े में नए-नए खुलासे, वाहनों के मालिक और चेसिस नंबर बदले