विधायक का मारपीट मामला: सचिन पायलट बोले-सच आना चाहिए सामने, सख्त कार्रवाई की मांग
News In Short
- पायलट ने श्रीगंगानगर में विधायक के मारपीट मामले को निंदनीय बताया।
- कांग्रेस नेता पायलट ने कहा, इस मामले की होनी चाहिए उच्च स्तरीय जांच।
- आरयूआईडीपी इंजीनियर ने विधायक पर लगाए मारपीट और प्रताड़ना के आरोप।
- पायलट ने कहा कि वीडियो और तस्वीरों में दिख रही बर्बरता गंभीर।
- कांग्रेस नेता अंकुर मगलानी ने विधायक सेवा केंद्र को बताया यातना केंद्र।
News In Detail
राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने भाजपा विधायक जयदीप बिहानी और अधिकारियों के बीच मारपीट के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है। मामले में पहले विधायक ने अधिकारी-कर्मचारियों पर अपने साथ मारपीट करने के आरोप लगाए गए थे। बाद में अधिकारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके विधायक व उनके समर्थकों पर पिटाई करने के आरोप लगाए हैं।
निष्पक्ष जांच कराने की मांग
अब पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी मामले में निष्पक्ष जांच की मांग कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि हाल ही में श्रीगंगानगर में भाजपा विधायक से जुड़े मामले में अधिकारियों पर मारपीट के गंभीर आरोप सामने आए थे। इसके बाद कुछ अधिकारियों की गिरफ्तारी भी हुई थी।
पायलट ने कहा है कि एईएन जगनलाल बैरवा ने जमानत मिलने के बाद प्रेस वार्ता में विधायक पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। इनमें अभद्र भाषा का इस्तेमाल, कपड़े फाड़ने, प्रताड़ित करने और मारपीट के सबूत के तौर पर शरीर पर चोट के निशान दिखाए हैं।
पायलट बोले-मामला गंभीर
पायलट ने कहा कि वीडियो और तस्वीरों में संबंधित कर्मचारी के साथ बर्बरता और गंभीर चोटें स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं। यह अत्यंत निंदनीय है। यह पूरा प्रकरण गंभीर प्रकृति का है। इसकी उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे। इससे आम जनता का कानून व्यवस्था पर भरोसा बना रहेगा।
मगलानी भी आगे आए
राजस्थान कांग्रेस की कार्यसमिति के सदस्य और श्रीगंगानगर से विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी रहे अंकुर मगलानी ने कहा है कि भाजपा विधायक जयदीप बिहानी मानसिक स्थिति बेहतर प्रतीत नहीं होती हैं। विधायक और उनके गुर्गों ने आरयूआईडीपी के सहायक अभियंता जगन्नाथ बैरवा, परियोजना प्रबंधक शाहनवाज हसन और एलएंडटी के योजना प्रबंधक सोहम परमार के साथ कथित तौर पर मारपीट की है।
विधायक सेवा केंद्र को बताया यातना केंद्र
मगलानी ने कहा कि इस घटना ने फिर साबित कर दिया है कि विधायक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। मगलानी ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि विधायक बिहाणी ने स्वामी दयानंद मार्ग पर अपने निवास के पास स्थित एक दुकान में बनाए गए यातना केंद्र को एसडी कॉलेज परिसर में स्थानांतरित कर दिया है। इसे विधायक सेवा केंद्र का नाम दे रखा है।
उन्होंने कहा कि अपने घर के समीप बने इस यातना केंद्र में शहर के एक प्रतिष्ठित डॉ. श्यामसुंदर को अगवा कर लाने और मारपीट कर उनकी आंख फोड़ देने की घटना को शहरवासी अब तक नहीं भूले हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में विधायक बिहाणी के कुछ गुर्गे पुलिस जांच में दोषी भी पाए जा चुके हैं।
ये भी पढे़:-
आरजीएचएस में बड़े बदलाव की तैयारी, इंश्योरेंस मोड पर ला रही सरकार
मास्टरमाइंड दलाल समेत 3 डमी कैंडिडेट गिरफ्तार, सरकारी शिक्षक ही निकले युवाओं के भविष्य के दुश्मन
विधायक का टकराव, रसूख पर चला कानून का डंडा, सांवलिया की श्रद्धा ने तोड़े रिकॉर्ड
अजमेर दरगाह विवाद: शिव मंदिर के दावे पर कोर्ट में बहस पूरी, फैसला सुरक्षित