स्कूल के प्राचार्य पर छात्रा से अश्लील हरकत का आरोप, सरकार ने किया सस्पेंड
समझें क्या है पूरा मामला
- पुष्कर सरकारी स्कूल में प्राचार्य पर छात्रा से अश्लील हरकत का आरोप।
- 12वीं की छात्रा ने लगाए गंभीर आरोप- कक्षा 9वीं से कर रहा था उत्पीड़न।
- ग्रामीणों ने स्कूल के बाहर किया जोरदार हंगामा, प्राचार्य की जमकर पिटाई।
- पीड़िता ने कहा- 3 लाख का ऑफर देकर मामला दबाने की कोशिश की।
- 1 साल पहले भी शिक्षक ने लगाया था आरोप, स्टाफ ने दबाया मामला।
अजमेर जिले के पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल का गंभीर मामला सामने आया है। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य पर 12वीं कक्षा की एक छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है।
छात्रा ने बताया कि प्राचार्य कक्षा 9वीं से ही उसके साथ इस तरह की हरकतें करता आ रहा था। आखिरकार उसने हिम्मत जुटाकर इसकी शिकायत की। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने प्राचार्य की जमकर पिटाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
छात्रा ने क्या कहा?
पीड़ित छात्रा ने आरोप लगाया कि प्राचार्य 14 अगस्त को उसके साथ गलत हरकत की। इसके बाद वह उसे मनाने की कोशिश कर रहा था।
उसने छात्रा को 3 लाख रुपए का ऑफर देकर मामला दबाने की भी कोशिश की। छात्रा ने बताया कि प्राचार्य उसे कक्षा 9वीं से परेशान कर रहा था, लेकिन वह डर के कारण चुप रही।
ग्रामीणों ने क्या किया?
जैसे ही इस घटना की भनक लगी, बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंच गए। उन्होंने प्राचार्य को पकड़कर जमकर पिटाई की। मामला बढ़ता देख पुष्कर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गुस्साए ग्रामीणों से प्राचार्य को बचाकर थाने ले गई।
सरकारी स्कूल के प्राचार्य पर छात्रा के साथ अश्लील हरकत के आरोप के बाद छात्राओं ने विरोध स्वरूप प्राचार्य का मुंह काला भी किया।
पूर्व जिला परिषद सदस्य महेंद्र सिंह मझेवला ने बताया कि उन्होंने एसडीएम, सीओ, जिला शिक्षा अधिकारी और अन्य अधिकारियों को सूचना दी है और प्राचार्य को निलंबित करने की मांग की है।
पिछली शिकायत भी दबी
मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। स्कूल के एक शिक्षक ने बताया कि एक साल पहले भी प्राचार्य ने उनके साथ इसी तरह की हरकत की थी। तब प्राचार्य ने माफी मांगकर मामला रफा-दफा कर दिया था, और स्कूल स्टाफ ने भी मामले को दबा दिया था।
पुलिस ने क्या कहा?
सीओ ग्रामीण शमशेर ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पीड़ित छात्रा की उम्र 18 वर्ष से अधिक है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
अब क्या होगा?
पुलिस ने प्राचार्य को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अब देखना यह है कि स्कूल स्टाफ और अन्य लोगों की इस मामले में क्या भूमिका रही है। प्राचार्य के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग उठ रही है।
सरकार ने किया सस्पेंड
कार्यालय निदेशक, माध्यमिक शिक्षा, राजस्थान (बीकानेर) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कड़ेल (अजमेर) के प्रधानाचार्य श्री सुशील कुमार रिणवा को कक्षा 12 की छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने और मोबाइल पर अश्लील तस्वीरें दिखाने के गंभीर आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्रशासनिक कार्रवाई के तहत राजस्थान असैनिक सेवाएं नियमावली 1958 के नियम 13(1) का प्रयोग करते हुए विभागीय जांच शुरू की गई है, तथा निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक), बाड़मेर तय किया गया है।
ये भी पढ़ें:-
स्कूल में मर्यादा की हद पार, पैसे गुम हुए तो छात्राओं के उतरवाए कपड़े
सरकारी स्कूलों में प्रवेश पर रोक, अब CJP का 9 जिलों में स्कूल ठीक करो अभियान
सरकारी स्कूलों में बाहरी प्रवेश पर रोक, नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई
बिना बिजली के 6 हजार स्कूल, बिना बच्चों के 140 स्कूल, UDISE रिपोर्ट में खुलासा