श्रद्धालुओं की दान की अंगूठी सांप में फंसी, पुष्कर में हुआ अनोखा बचाव
समझें क्या है पूरा मामला
- पुष्कर सरोवर में एक सांप के शरीर में चांदी की अंगूठी फंसी मिली।
- सांप दर्द से बेचैन था, लोगों ने एनिमल केयर सोसायटी को सूचना दी।
- तेल लगाकर अंगूठी नहीं निकली तो ज्वेलर ने सावधानी से काटकर निकाला।
- अनुमान है कि किसी श्रद्धालु ने सरोवर में अंगूठी दान की थी।
- अंगूठी निकलने के बाद सांप को उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
राजस्थान के अजमेरजिले में स्थित पुष्कर सरोवर के किनारे एक सांप के शरीर में चांदी की अंगूठी फंसी मिली। स्थानीय लोगों ने एनिमल केयर सोसायटी (Animal Care Society) को सूचित किया। टीम ने सांप को सुरक्षित पकड़ा और तेल लगाकर अंगूठी निकालने की कोशिश की।
जब अंगूठी नहीं निकली तो सांप को ज्वेलर की दुकान पर ले जाया गया जहां अंगूठी को काटकर निकाला गया। अनुमान है कि किसी श्रद्धालु ने सरोवर में अंगूठी दान की थी, जो सांप के शरीर में फंस गई।
जब दिखा अजीब नजारा
पुष्कर सरोवर के किनारे लोग पूजा पाठ कर रहे थे सांप को देखकर अचानक लोगों की भीड़ लग गई। लोग सांप को देखकर हैरान थे जो असामान्य रूप से परेशान और बेचैन दिख रहा था। ध्यान से देखने पर पता चला कि उसके शरीर के बीच में चांदी की एक अंगूठी फंसी हुई है।
अंगूठी इतनी कसकर फंसी थी कि सांप के लिए हिलना-डुलना मुश्किल हो गया था। यह दृश्य देखकर लोग हैरान रह गए। ऐसा नजारा पहले कभी नहीं देखा था किसी ने।
एनिमल केयर सोसायटी पहुंची मौके पर
स्थानीय लोगों ने तुरंत एनिमल केयर सोसायटी को सूचना दी। टीम के सदस्य रोहित प्रिंस और हेमंत रायता मौके पर पहुंचे। टीम ने बड़ी सावधानी से सांप को पकड़ा और सुरक्षित किया।
पहले तेल लगाकर अंगूठी खिसकाने की कोशिश की गई। लेकिन सांप ने हाल ही में मछलियों का शिकार किया था, जिससे उसका शरीर थोड़ा मोटा हो गया था। तेल से भी अंगूठी नहीं निकली। तब टीम ने अलग रास्ता अपनाया।
ज्वेलर की दुकान पर हुआ सफल रेस्क्यू
रोहित प्रिंस ने सांप को एक सुरक्षित प्लास्टिक के डिब्बे में रखा। फिर उसे एक ज्वेलर की दुकान पर ले जाया गया। वहां ज्वेलर ने बेहद सावधानी से अंगूठी को धीरे-धीरे काटकर निकाला। सांप को किसी तरह की चोट नहीं आई। अंगूठी निकलने के बाद सांप को प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
कैसे फंसी होगी अंगूठी?
यह सबसे बड़ा सवाल था कि आखिर सांप के शरीर में अंगूठी आई कैसे। एनिमल केयर सोसायटी के सदस्य हेमंत रायता ने इसकी संभावित वजह बताई। उन्होंने कहा कि पुष्कर सरोवर में हर साल हजारों श्रद्धालु स्नान के लिए आते हैं। कई लोग आभूषण, अंगूठी और सिक्के दान के रूप में सरोवर में प्रवाहित करते हैं।
उनका अनुमान है कि किसी भक्त ने चांदी की यह अंगूठी सरोवर में डाली होगी। उस वक्त सांप छोटा और पतला रहा होगा। अंगूठी किसी तरह उसके शरीर में फंस गई होगी।
समय के साथ सांप बड़ा होता गया। मछलियों का शिकार करने से शरीर मोटा होने लगा। अंगूठी शरीर में कसती चली गई और दर्द से परेशान होकर सांप पानी से बाहर आ गया।
अनोखा मामला, समय पर मिली राहत
हेमंत रायता ने बताया कि अब तक उनकी टीम ने ऐसा कोई मामला नहीं देखा था जिसमें किसी सांप के शरीर में चांदी की अंगूठी फंसी हो। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते रेस्क्यू नहीं होता तो सांप की जान भी जा सकती थी। इस अनोखे रेस्क्यू ने पुष्कर में खासी चर्चा बटोरी।
FAQ
- पुष्कर सरोवर में सांप के शरीर में अंगूठी कैसे फंसी?
एनिमल केयर सोसायटी के अनुसार पुष्कर सरोवर में श्रद्धालु दान के रूप में अंगूठियां और आभूषण प्रवाहित करते हैं। संभवतः जब सांप छोटा था तब चांदी की अंगूठी उसके शरीर में फंस गई। बाद में सांप का शरीर बड़ा हो गया और अंगूठी कसती चली गई। - एनिमल केयर सोसायटी क्या करती है?
एनिमल केयर सोसायटी (Animal Care Society) एक स्थानीय पशु बचाव संगठन होता है जो घायल या परेशान जानवरों को रेस्क्यू कर उनका उपचार करता है।
ये भी पढ़ें:-
वन विभाग की बेशकीमती जमीन साफ, तान दिए आलीशान शोरूम
Khelo Premier League में शराब कांड, RCA ने खेल परिषद को लिखा पत्र
अचानक सचिन पायलट को क्यों याद आए चंद्रास्वामी, जिन्हें उनके पिता ने भेजा था जेल
अशोक गहलोत ने खुद बांटे थे पैसे, पायलट की मौजूदगी में पूर्व मंत्री का आरोप