राजस्थान निकाय चुनाव: बीएल संतोष का मंत्र-BJP का बोर्ड बनाओ मंत्र, सांसद-विधायकों को दिया टास्क
समझें क्या है पूरा मामला
- निकाय चुनाव में भाजपा की साख, बीएल संतोष का ‘बोर्ड बनाओ’ मंत्र।
- राजस्थान के हर निकाय में भाजपा बोर्ड बनाना मुख्य लक्ष्य है।
- शेखावाटी की शिकायत के बाद सांसद-विधायकों को सक्रिय होने के निर्देश।
- बूथ मजबूत करने को युवा, महिला और SC-ST सम्मेलन होंगे।
- बीएल संतोष की मैराथन बैठकें, CM भजनलाल के साथ हुई बैठकें।
राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव की सियासी बिसात बिछने के साथ भाजपा ने अब सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल को चुनावी जीत का आधार बनाने की कवायद तेज कर दी।
पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के जयपुर दौरे और लगातार बैठकों में यही सबसे बड़ा संदेश सामने आया कि निकाय चुनाव केवल उम्मीदवारों की जीत का मुकाबला नहीं, बल्कि हर नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका में भाजपा का बोर्ड बनाने की लड़ाई है।
इसके लिए संगठन ने सांसदों और विधायकों की सक्रियता बढ़ाने से लेकर बूथ स्तर तक सामाजिक समीकरण साधने की रणनीति तैयार की है।
निकाय चुनाव में संगठन-सरकार का इम्तेहान
भाजपा के लिए राजस्थान निकाय चुनाव सरकार के कामकाज और संगठन की जमीनी पकड़, दोनों की परीक्षा माने जा रहे। ऐसे में पार्टी नेतृत्व का जोर इस बात पर है कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को संगठन के कार्यकर्ता स्थानीय स्तर तक लेकर जाएं और संगठन की ताकत को चुनावी मैनेजमेंट में इस्तेमाल किया जाए।
संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने शुक्रवार को जयपुर में हुई पार्टी की संगठनात्मक बैठकों में नेताओं और कार्यकर्ताओं को चुनाव के आखिरी दौर तक एकजुट रहने का संदेश दिया। उनका फोकस किसी एक प्रत्याशी की व्यक्तिगत लोकप्रियता के बजाय संगठन की सामूहिक ताकत पर रहा। यानी उम्मीदवार मजबूत हो या कमजोर, लक्ष्य भाजपा का बोर्ड बनाना है।
हर निकाय में बोर्ड बनाना बीजेपी का लक्ष्य
बैठकों में पार्टी नेतृत्व की ओर से साफ संदेश दिया गया कि चुनाव को केवल वार्ड स्तर पर उम्मीदवारों की जीत-हार तक सीमित नहीं रखना है। भाजपा को हर निकाय में बहुमत हासिल कर बोर्ड बनाने के लिए एकजुट होकर काम करना होगा।
इसके लिए नेताओं और कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी ताकत लगाने के निर्देश दिए गए हैं। पार्टी की रणनीति में संगठनात्मक एकजुटता को सबसे ऊपर रखा गया है, ताकि किसी वार्ड में प्रत्याशी को लेकर मतभेद या व्यक्तिगत समीकरण पूरे निकाय के चुनावी लक्ष्य पर असर न डालें।
सांसद-विधायकों को ज्यादा सक्रिय होने का संदेश
बैठकों में शेखावाटी क्षेत्र से सांसदों और विधायकों की अपेक्षित सक्रियता नहीं होने की शिकायत भी सामने आई। इसके बाद पार्टी ने जनप्रतिनिधियों की भूमिका को लेकर सख्त रुख अपनाया और उन्हें चुनावी गतिविधियों में ज्यादा सक्रिय होने का संदेश दिया।
भाजपा का मानना है कि निकाय चुनाव में सांसदों और विधायकों की सक्रियता केवल प्रचार तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्हें संगठन के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर बूथ स्तर तक चुनावी तैयारी को मजबूत करना होगा।
SC-ST सम्मेलनों से सामाजिक समीकरण साधेगी बीजेपी
भाजपा अब चुनावी अभियान को सिर्फ पारंपरिक सभाओं और जनसंपर्क तक सीमित नहीं रखना चाहती। पार्टी निकाय क्षेत्रों में अलग-अलग सामाजिक वर्गों के बीच पहुंच बढ़ाने के लिए युवा, महिला और एससी-एसटी सम्मेलन आयोजित करने की तैयारी में है।
इन सम्मेलनों का मकसद संबंधित वर्गों के मतदाताओं से सीधे संवाद के साथ पार्टी के मोर्चों और प्रकोष्ठों को भी सक्रिय करना है। खासतौर पर एससी-एसटी बाहुल्य क्षेत्रों में संगठन की पकड़ मजबूत करने और महिला व युवा मतदाताओं तक पार्टी का संदेश पहुंचाने पर जोर रहेगा।
बीएल संतोष की मैराथन बैठकों में हुई समीक्षा
शुक्रवार को जयपुर पहुंचे बीएल संतोष ने प्रदेश भाजपा मुख्यालय में संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की। राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और चुनाव संचालन समिति से जुड़े नेताओं के साथ बैठक में निकाय चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। इसके बाद युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा और दूसरे मोर्चों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ भी अलग-अलग बैठकें की गईं। जिला प्रभारियों से भी चुनावी तैयारियों का फीडबैक लिया गया।
बीएल संतोष की बैठकों का दायरा बताता है कि भाजपा इस चुनाव को केवल स्थानीय नेताओं के भरोसे नहीं छोड़ना चाहती। संगठन के अलग-अलग स्तरों और मोर्चों को सक्रिय कर पार्टी बूथ तक अपनी मौजूदगी मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
भजनलाल शर्मा के साथ चुनावी रणनीति पर मंथन
संगठन की बैठकों के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समेत पार्टी के प्रमुख नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर मंथन किया गया। सरकार और संगठन के शीर्ष नेतृत्व के बीच यह समन्वय इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि निकाय चुनाव में स्थानीय संगठन की ताकत के साथ सरकार के कामकाज को भी चुनावी मुद्दा बनाने की कोशिश होगी।
पार्टी की कोशिश है कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को स्थानीय मुद्दों से जोड़ा जाए और संगठन का नेटवर्क उन्हें वोटर्स तक पहुंचाए। इस तरह चुनावी मैदान में सरकार का काम और संगठन की मशीनरी एक साथ दिखाई दे।
नेता भी कार्यकर्ता की तरह ही काम करता: राठौड़
पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि भाजपा में चुनाव के दौरान हर व्यक्ति को जिम्मेदारी दी जाती है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने प्रत्याशियों के चयन से पहले व्यापक फीडबैक लिया और उसके आधार पर उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है।
राठौड़ के मुताबिक भाजपा में राष्ट्रीय स्तर का नेता भी चुनाव के दौरान आम कार्यकर्ता की तरह जमीन पर काम करता है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा का संगठन आम लोगों के बीच काम करता है।
राजस्थान के निकाय चुनाव भाजपा के लिए सिर्फ स्थानीय सरकार बनाने का चुनाव नही। यह सरकार बनने के बाद संगठन और सत्ता के बीच तालमेल की भी परीक्षा है। बीएल संतोष की बैठकों से साफ है कि पार्टी ने अब चुनावी रणनीति को बूथ स्तर तक ले जाने और सांसदों-विधायकों से लेकर मोर्चों तक सभी को सक्रिय करने का फैसला किया है।
सबसे बड़ा लक्ष्य हर निकाय में भाजपा का बोर्ड बनाना है। इसके लिए पार्टी प्रत्याशी की व्यक्तिगत ताकत से ज्यादा संगठन की सामूहिक क्षमता पर भरोसा कर रही है। अब चुनावी नतीजे बताएंगे कि सरकार की उपलब्धियों, संगठन की जमीनी पकड़ और सामाजिक समीकरणों को एक साथ साधने की यह रणनीति भाजपा को कितनी बड़ी चुनावी बढ़त दिला पाती।
ये भी पढ़ें:-
उदयपुर में नगर निगम चुनाव नामांकन शुरू, भाजपा के दिनेश भट्ट ने भरा पहला नामांकन
निकाय चुनाव: विधायकों की मनमर्जी पर कांग्रेस का अंकुश, बदला टिकट वितरण पैटर्न
जयपुर निगम चुनाव, कैंडिडेट की सुविधा के लिए 15 केंद्रों पर खुलेंगे नामांकन ऑफिस
निकाय चुनाव टिकट: बीजेपी टिकट फॉर्मूला, अब चार परीक्षा से गुजरना होगा