राजस्थान के 39 जिलों के 162 नगरीय निकायों में कल मतदान, तैयारियां पूरी

Mukesh Sharma | Sept 08, 2026, 21:55 IST
राजस्थान चुनाव
राजस्थान के 39 जिलों के 162 नगरीय निकायों में बुधवार सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। जयपुर के 18 निकायों के लिए 565 बूथ बनाए गए। मतदान वाले इलाकों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।

राजस्थान में शहरी सरकार चुनने के लिए बुधवार, 9 सितंबर को पहले चरण का मतदान होगा। प्रदेश के 39 जिलों के 162 नगरीय निकायों में मतदाता अपने प्रतिनिधि चुनेंगे। पहले चरण में 4 नगर निगम, 24 नगर परिषद और 134 नगर पालिकाओं में मतदान होगा। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। मतदान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया है।



पहले चरण में 20 हजार से ज्यादा प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मंगलवार को मतदान दलों को ईवीएम और दूसरी चुनाव सामग्री के साथ निर्धारित केंद्रों के लिए रवाना किया गया। मतदान वाले क्षेत्रों में बुधवार को सार्वजनिक अवकाश रहेगा।



इन 39 जिलों में होगा मतदान

पहले चरण में अजमेर, नागौर, टोंक, ब्यावर, भीलवाड़ा, कोटपूतली-बहरोड़, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, भरतपुर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, जयपुर, अलवर, सीकर, झुंझुनूं, जोधपुर, जालोर, पाली, सिरोही, कोटा, बारां, बूंदी, झालावाड़, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, डीडवाना-कुचामन, करौली, दौसा, डीग, खैरथल-तिजारा, जैसलमेर, बाड़मेर और बालोतरा जिले के नगरीय निकायों में मतदान होगा।



जयपुर के 18 निकायों में 565 बूथ

जयपुर जिले में पहले चरण में 18 नगरीय निकायों के 540 वार्डों के लिए मतदान होगा। इसके लिए प्रशासन ने 565 मतदान केंद्र बनाए हैं। मंगलवार को भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी, सीकर रोड से मतदान दलों को उनके बूथों के लिए रवाना किया गया।



जयपुर में चौमूं और शाहपुरा नगर परिषद के साथ दूदू, किशनगढ़-रेनवाल, जोबनेर, बस्सी, सांभरलेक, वाटिका, चाकसू, जमवारामगढ़, फागी, नारायणा, फुलेरा, मनोहरपुर, बगरू, कानोता, खेजरोली और कालाडेरा नगर पालिकाओं में बुधवार को मतदान होगा।



जयपुर में 152 बूथ संवेदनशील

जयपुर के इन 18 निकायों में प्रशासन ने 152 मतदान केंद्रों को क्रिटिकल चिह्नित किया है। इन बूथों पर सुरक्षा और निगरानी के अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराया जा सके।



मतदान वाले क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश

जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने जयपुर जिले के जिन नगरीय निकायों में 9 सितंबर को मतदान होना है, वहां सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। औद्योगिक और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले मतदाताओं को भी मतदान के लिए सवैतनिक अवकाश देना होगा। पुनर्मतदान की स्थिति में संबंधित क्षेत्र में दोबारा मतदान वाले दिन भी अवकाश रहेगा।



जयपुर शहर में 11 सितंबर को वोटिंग

जयपुर जिले में मतदान दो चरणों में हो रहा है। 9 सितंबर को जिले के 18 नगरीय निकायों में मतदान होगा, जबकि जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों के लिए 11 सितंबर को वोट डाले जाएंगे। नगर निगम क्षेत्र में 11 सितंबर को भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा।



ये भी पढ़ें:-

राजस्थान निकाय चुनाव 2026: सीएम भजनलाल का ताबड़तोड़ प्रचार, वसुंधरा राजे दूर



अलवर जिला प्रमुख ने आचार संहिता में दौड़ाई सरकारी गाड़ी, निर्वाचन विभाग ने मांगी रिपोर्ट



पंजाब प्रभारी बनने के बाद राहुल-प्रियंका से मिले पायलट, जानें क्या बनी रणनीति



राजस्थान में बागियों पर BJP का वार, 41 नेता निष्कासित



Tags:
  • राजस्थान
  • जयपुर
  • मतदान
  • नगर निगम