IAS अम्बरीश कुमार और शिखर अग्रवाल सबसे रईस, अधिकारियों को संपत्तियों से हो रही मोटी कमाई

Jinesh Jain | Mar 15, 2026, 10:46 IST
Photograph: (the sootr)
केंद्र सरकार ने राजस्थान के 281 आईएएस अधिकारियों की संपत्तियों के ब्योरे का खुलासा कर दिया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव अम्बरीश कुमार और शिखर अग्रवाल राजस्थान के सबसे अमीर सीनियर आईएएस अधिकारी हैं।

News In Short

  • राजस्थान के 281 आईएएस अधिकारियों का संपत्तियों का ब्योरा सार्वजनिक।
  • अम्बरीश कुमार और शिखर अग्रवाल सबसे अमीर सीनियर आईएएस अधिकारी।
  • मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास के पास केवल 10.30 लाख की संपत्ति।
  • अधिकांश आईएएस अधिकारियों को संपत्तियों से हो रही सालाना मोटी कमाई।
  • रियल एस्टेट में निवश बना आईएएस अधिकारियों की पहली पंसद।

News In Detail

​Jaipur: राजस्थान में आईएएस अधिकारियों की माली हालत कैसी है, इसका खुलासा हो गया है। केंद्र सरकार ने हाल ही प्रदेश के 281 आईएएस अधिकारियों की अचल संपत्ति का ब्योरा सार्वजनिक किया है, जिसमें कई चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं।



आंकड़ों की पड़ताल में सामने आया कि सीनियर आईएएस अफसरों में सबसे रईस अतिरिक्त मुख्य सचिव अम्बरीश कुमार और शिखर अग्रवाल हैं, वहीं मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास संपत्ति के मामले में सबसे निचले पायदान पर खड़े दिखते हैं। एक बड़ा तथ्य यह उजागर हुआ कि आईएएस अधिकारियों ने रियल एस्टेट में बड़ा निवेश किया है।



​अम्बरीश संपत्ति के शिखर पर

1993 बैच के आईएएस अधिकारी अम्बरीश कुमार राजस्थान के सबसे अमीर अधिकारियों की सूची में शीर्ष पर हैं। उनकी कुल अचल संपत्ति 20.60 करोड़ रुपये आंकी गई है। उनके पोर्टफोलियो में पंजाब में गोदाम, 9 बीघा जमीन, 822 गज का प्लॉट और जयपुर में जमीन व फार्म हाउस शामिल हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस संपत्ति से उन्हें सालाना 4.90 लाख रुपये की आय भी हो रही है।



शिखर अग्रवाल को संपत्तियों से ही 88 लाख की आय

​आईएएस अम्बरीश कुमार के ठीक बाद 1993 बैच के ही शिखर अग्रवाल का नाम है। आईएएस शिखर अग्रवाल की संपत्ति का कुल मूल्य 11.56 करोड़ रुपये है। उनके पास उदयपुर, जयपुर और अलवर जैसे शहरों में प्लॉट, फार्म हाउस और होटल हैं। इतना ही नहीं, संपत्तियों से होने वाली उनकी सालाना आय भी रिकॉर्ड 88 लाख रुपये है, जो राज्य के अन्य अधिकारियों की तुलना में काफी अधिक है।



​मुख्य सचिव के पास 10.30 लाख की संपत्ति

एक तरफ जहां करोड़ों की संपत्ति वाले अधिकारी हैं, वहीं दूसरी तरफ राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास (1989 बैच) की संपत्ति का आंकड़ा काफी चौंकाने वाला है। रिकॉर्ड के अनुसार उनके पास मात्र 10.30 लाख रुपये की अचल संपत्ति है, जो उन्होंने 1991-92 में खरीदी थी। हालांकि, वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार यह राशि कहीं अधिक हो सकती है, लेकिन दस्तावेजों में दर्ज खरीद मूल्य ने उन्हें इस सूची के निचले हिस्से में रखा है।



​अन्य प्रमुख अधिकारियों की स्थिति



वैभव गालरिया (1993 बैच): 9.68 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ प्रमुख सचिव गालरिया भी टॉप लिस्ट में हैं। जयपुर, भीलवाड़ा और पाली में उनके पास मकान और प्लॉट हैं।



​कुलदीप रांका (1994 बैच): पूर्व सीएम अशोक गहलोत के करीबी रहे रांका के पास 4.15 करोड़ रुपये की संपत्ति है, जिसमें जयपुर में प्लॉट और 1.26 हेक्टेयर कृषि भूमि शामिल है।



IAS सुधांश पंत (1991 बैच): केंद्रीय डेपुटेशन पर चल रहे सुधांश पंत की संपत्ति में नैनीताल का पैतृक मकान और जयपुर के फ्लैट और प्लॉट शामिल हैं, जिससे उन्हें सालाना 31.60 लाख रुपये का किराया मिलता है।



अखिल अरोड़ा-अर्पण अरोड़ा (1993 बैच): अहम पदों पर अरोड़ा दंपती के पास जयपुर में फ्लैट, प्लॉट औ मकान के साथ ही गुरुग्राम में मकान है। इन्होंने अपनी संपत्तियों की कीमत 1.44 करोड़ दिखाई है।



​संपत्ति से हो रही है मोटी कमाई

आंकड़ों का विश्लेषण करें तो पता चलता है कि राजस्थान के अधिकांश आईएएस अधिकारी न केवल संपत्ति के मालिक हैं, बल्कि उन संपत्तियों से अच्छी खासी सालाना कमाई भी कर रहे हैं। भास्कर ए. सावंत की संपत्ति 2.15 करोड़ रुपये है, जिससे उन्हें सालाना 20.55 लाख रुपये की आय हो रही है। वहीं तन्मय कुमार की संपत्ति का खरीद मूल्य 1.35 करोड़ रुपये है और उनकी सालाना आय 7.50 लाख रुपये है।



रियल एस्टेट में अफसरों का बड़ा निवेश

पड़ताल में यह भी सामने आया कि 20 साल से अधिक की सेवा करने वाले अधिकारियों ने रियल एस्टेट में भारी निवेश किया है। जयपुर, उदयपुर और दिल्ली एनसीआर जैसे क्षेत्र इन अधिकारियों की पहली पसंद बना हुआ है।



​पारदर्शिता का बड़ा कदम

​केंद्र सरकार ने हाल ही में देशभर के आईएएस अधिकारियों की 31 दिसंबर 2025 तक की संपत्तियों का ब्योरा सार्वजनिक किया है। राजस्थान के कुल 281 अधिकारियों में से अधिकांश करोड़पति की श्रेणी में आते हैं। ​कई अधिकारियों ने अपनी पुरानी संपत्तियों का वर्तमान बाजार मूल्य अंकित नहीं किया है, जिससे उनकी वास्तविक संपत्ति आधिकारिक आंकड़ों से कहीं ज्यादा होने का अनुमान लगाया जा सकता है।



ये भी पढे़:-

एसएमएस में तैयार हुआ एडवांस स्किन इंस्टीट्यूट, सरकार ने कहा, जल्द ही जनता को मिलेगा सस्ता इलाज



गुरुजी की ड्यूटी में एक और तड़का, अब ब्लैक बोर्ड के बाद संभालेंगे गैस सिलेंडर का लेखा-जोखा!



दिल्ली में शाह से किरोड़ीलाल की मुलाकात, शिष्टाचार या राजस्थान की राजनीति में होने वाला है कोई बड़ा खेल



पूर्व आईएएस की ऑटो वाली फरारी, चुनाव का पेच और दिग्गज नेताओं की खामोशी



Tags:
  • IAS सुधांश पंत
  • आईएएस अधिकारी
  • आईएएस शिखर अग्रवाल
  • मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास
  • वैभव गालरिया
  • आईएएस अम्बरीश कुमार