RCA और डेनमार्क के बीच क्रिकेट एक्सचेंज समझौता, अब राजस्थानी खिलाड़ियों को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय अनुभव

Ashish Bhardwaj | Apr 28, 2026, 20:00 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन और डेनमार्क क्रिकेट फाउंडेशन के बीच हुआ समझौता। समझौते से क्रिकेट एक्सचेंज प्रोग्राम की होगी शुरुआत। खिलाड़ियों को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय अनुभव।

News In Short

  • RCA और डेनमार्क क्रिकेट फाउंडेशन के बीच ऐतिहासिक क्रिकेट एक्सचेंज प्रोग्राम समझौता हुआ।
  • राजस्थान की अंडर-19 टीमें डेनमार्क का दौरा करेंगी, वहीं डेनमार्क से टीमें राजस्थान आएंगी।
  • डेनमार्क के राजदूत ने राजस्थान क्रिकेट की सुविधाओं और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
  • दोनों देशों के खिलाड़ियों को अलग-अलग पिच, मौसम और खेल संस्कृति का अनुभव मिलेगा।
  • डेनमार्क से भारत के बीच खेल संबंधों को मजबूत बनाने के लिए यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण कदम।

News In Detail

राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) और डेनमार्क क्रिकेट फाउंडेशन के बीच मंगलवार को एक समझौता हुआ है। इस समझौते के तहत दोनों देशों के बीच क्रिकेट एक्सचेंज प्रोग्राम की शुरुआत की जाएगी। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव करना और अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण प्रदान करना है। यह राजस्थान क्रिकेट के इतिहास में पहली बार हो रहा है।



क्या है इस समझौते का उद्देश्य

इस पहल का मुख्य उद्देश्य उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को विभिन्न देशों के खेल वातावरण और परिस्थितियों से अवगत कराना है। राजस्थान और डेनमार्क के खिलाड़ी अब एक-दूसरे की परिस्थितियों में प्रशिक्षण ले सकेंगे। इससे उनके खेल कौशल में वृद्धि होगी। इसके अलावा इस समझौते से खेल के बुनियादी ढांचे को भी मजबूती मिलेगी। इससे युवा खिलाड़ियों को उच्च क्वालिटी का प्रशिक्षण भी मिलेगा।



डेनमार्क के राजदूत ने किया जयपुर दौरा

डेनमार्क के राजदूत रासमस अबिल्डगार्ड क्रिस्टेंसन ने जयपुर पहुंचकर राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान, उन्होंने राजस्थान में क्रिकेट के विकास, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। रासमस ने राजस्थान के खिलाड़ियों के जुनून की सराहना की और कहा कि इस साझेदारी से दोनों देशों के क्रिकेट खिलाड़ियों को एक-दूसरे से सीखने का बेहतरीन अवसर मिलेगा।



एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत क्या होगा?

इस क्रिकेट एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत, राजस्थान की अंडर-19 पुरुष और अंडर-19 महिला क्रिकेट टीमें डेनमार्क का दौरा करेंगी, वहीं डेनमार्क से भी पुरुष और महिला टीमें राजस्थान का दौरा करेंगी। इस अदल-बदल से दोनों देशों के खिलाड़ी अलग-अलग खेल परिस्थितियों, पिचों और मौसम के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे। इससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का अनुभव मिलेगा और उनके खेल स्तर में सुधार होगा।



क्रिकेट के साथ खेल संबंधों को बढ़ावा

डेनमार्क के राजदूत ने सवाई मान सिंह स्टेडियम का दौरा भी किया, जहां उन्होंने स्टेडियम की सुविधाओं और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान, राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उन्हें राज्य में क्रिकेट की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में बताया।



एडहॉक कमेटी के कन्वीनर डॉ. मोहित यादव ने कहा कि यह साझेदारी केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इससे भारत और डेनमार्क के बीच खेल संबंधों को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय सहयोग से युवा खिलाड़ियों को वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा और राजस्थान क्रिकेट को नई दिशा मिलेगी।



राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन का उद्देश्य

राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) का उद्देश्य सिर्फ टूर्नामेंट आयोजित करना नहीं, बल्कि राज्य के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय अवसर उपलब्ध कराना है। डेनमार्क के साथ यह एक्सचेंज प्रोग्राम उसी दिशा में एक बड़ा कदम है। इस साझेदारी से दोनों देशों के खिलाड़ियों को नई ट्रेनिंग तकनीक और खेल की गहरी समझ मिल सकेगी, जिससे उनका समग्र विकास होगा।



ये भी पढे़:-

सचिन पायलट पर चल रहे बयानों में अब मदन राठौड़ की एंट्री, बोले-गहलोत आज भी सचिन को समझते हैं नासमझ बच्चा



​सेंचुरी में कैसे चल रहा फाइव स्टार होटल, न वाइल्डलाइफ क्लीयरेंस और न ही पर्यावरण पर किया खर्च



मुख्य सचिव क्यों आए विपक्ष के निशाने पर, कांग्रेस ने कहा - पद की गरिमा से समझौता



आसाराम ने जेल जाने से बचने के लिए फिर लगाई हाई कोर्ट में गुहार, अंतरिम जमानत हो रही कल खत्म



Tags:
  • राजस्थान
  • राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन
  • RCA
  • सवाई मान सिंह स्टेडियम
  • डेनमार्क क्रिकेट फाउंडेशन