मंत्री के बेटे को जान से मारने की धमकी, फोन पर कहा- जयपुर में मार देंगे गोली
News In Short
- कैबिनेट मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह को फोन पर जयपुर आने पर गोली मारने की दी गई धमकी।
- फोन कॉल के अलावा धनंजय के फेसबुक पेज पर भी पिछले कुछ समय से लगातार धमकी भरे संदेश भेजे जा रहे हैं।
- धनंजय की शिकायत के बाद खींवसर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच एसआई अमरचंद को सौंपी।
- पुलिस अज्ञात नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट्स को ट्रैक करने के लिए साइबर सेल की ले रही मदद।
News In Detail
राजस्थान के चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के पुत्र धनंजय सिंह खींवसर को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी फोन कॉल के जरिए दी गई, जिसमें अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें गोली मारने की बात कही। शिकायत मिलने के बाद खींवसर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धनंजय सिंह आरएसीए एड-हॉक कमेटी के सदस्य हैं। वह जोधपुर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हैं। इससे पहले वह नागौर जिला क्रिकेट संघ में पदाधिकारी थे।
पुलिस के अनुसार धनंजय सिंह ने शनिवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 5 जून की सुबह वह खींवसर फोर्ट स्थित अपने निजी कार्यालय ‘अटल भवन’ में मौजूद थे। इसी दौरान उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात कॉल आई। कॉलर की पहचान सामने नहीं आ रही थी और स्क्रीन पर नंबर की जगह ‘अननोन’ प्रदर्शित हो रहा था।
पूछा- जयपुर कब आएंगे
धनंजय सिंह के मुताबिक, कॉल करने वाले व्यक्ति ने पहले उनकी पहचान और लोकेशन की पुष्टि की। इसके बाद उसने पूछा कि वे जयपुर कब आने वाले हैं। जवाब में धनंजय सिंह ने बताया कि वह दो दिन बाद राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) की बैठक में भाग लेने के लिए जयपुर जाएंगे।
बोला- ध्यान रखना, गोली मार दूंगा
इस पर कॉलर ने उन्हें सावधान रहने की चेतावनी दी। जब धनंजय सिंह ने उसका परिचय जानने की कोशिश की तो उसने कथित रूप से कहा कि ध्यान रखना, गोली मार दूंगा।
धमकी सुनकर धनंजय सिंह ने उसे बताया कि उनकी सुरक्षा में क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) तैनात है और सुरक्षा कर्मियों के पास हथियार भी हैं। इसके बाद कॉलर ने बातचीत समाप्त कर फोन काट दिया।
फेसबुक पर भी मिल रही धमकी
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पिछले कुछ समय से उनके आधिकारिक फेसबुक पेज पर भी आपत्तिजनक और धमकी भरे संदेश लगातार भेजे जा रहे हैं। इन संदेशों और संबंधित लिंक के स्क्रीनशॉट पुलिस को साक्ष्य के रूप में उपलब्ध करा दिए गए हैं।
साइबर सेल की मदद से जांच में जुटी पुलिस
खींवसर थाना प्रभारी अदिति उपाध्याय ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जिम्मेदारी एसआई अमरचंद को सौंपी गई है।
पुलिस साइबर सेल की सहायता से कॉल की जानकारी और सोशल मीडिया अकाउंट की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
हाल ही में खींवसर से भाजपा विधायक रेवंतराम डांगा पर भी जानलेवा हमला हुआ था। जिसमें नावां क्षेत्र में उनके वाहन को साइड से टक्कर मारी गई थी। विधायक ने 25 किमी पीछा करके संदिग्धों की स्कॉर्पियो को पकड़ लिया था।
ये भी पढे़:-
नीट पेपर लीक से लिया सबक, राजस्थान SI भर्ती री-एग्जाम के लिए 8 कड़े नियम
सियासी पारा चढ़ा: पुष्कर में राहुल का पाठ, बेनीवाल का टकराव और भाजपा में अजेय एंट्री
दो माह से चल रहा गिरल माइंस आंदोलन खत्म, मजदूरों की मान ली ये मांगें
अचानक SMS हॉस्पिटल पहुंचे CM भजनलाल, OPD में की मरीजों से बात