विदेश से MBBS, भारत की परीक्षा में फेल! 20 लाख में फर्जी सर्टिफिकेट बनवाकर डॉक्टर बने, 5 गिरफ्तार

Sandeep Kumar | Published:
राजस्थान में SOG ने फर्जी FMGE सर्टिफिकेट मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
5 Fake Doctors Arrested In Jaipur, Bought FMGE Certificates For 20 Lakh
जिन डॉक्टरों पर मरीजों की जान बचाने की जिम्मेदारी होती है, अगर वही फर्जी सर्टिफिकेट के सहारे इलाज करने की योग्यता हासिल कर लें, तो मरीजों की सुरक्षा पर सवाल उठना लाजिमी है। राजस्थान में ऐसा ही एक मामला सामने आया है। विदेश से MBBS करने के बाद भारत में डॉक्टर बनने की जरूरी परीक्षा पास नहीं कर पाने वाले 5 लोगों को स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप ने गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि इन्होंने 15 से 20 लाख रुपए देकर फर्जी सर्टिफिकेट बनवाए और फिर मेडिकल कॉलेजों में इंटर्नशिप भी कर ली। एसओजी ने पांचों आरोपियों को 16 नवंबर को पकड़ा था, लेकिन मामले का खुलासा बुधवार को किया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन भी करवाया था।



विदेश से MBBS किया, लेकिन भारत की परीक्षा में फेल

दरअसल, विदेश से MBBS करने वाले छात्रों को भारत में मेडिकल प्रैक्टिस करने के लिए फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन (FMGE) पास करना जरूरी है। इसे Screening Test भी कहा जाता है। ADG SOG विशाल बंसल के मुताबिक, कुछ उम्मीदवार यह परीक्षा पास नहीं कर सके। इसके बाद उन्होंने पैसे देकर फर्जी सर्टिफिकेट बनवा लिए और इन्हीं के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी कर ली। इस मामले में 4 फरवरी 2026 को एसओजी जयपुर थाने में केस दर्ज किया गया था। आईजी एसओजी अजयपाल लांबा के नेतृत्व में डीएसपी जितेंद्र नावारिया जांच कर रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है।



जानिए कौन हैं गिरफ्तार किए गए पांच आरोपी

1. सत्यप्रकाश खापरवाल (30): कोटपूतली-बहरोड़ का रहने वाला सत्यप्रकाश चीन की सुजो मेडिकल यूनिवर्सिटी से MBBS कर चुका है। FMGE में फेल होने के बाद उसने 15 लाख रुपए देकर दिसंबर 2023 की परीक्षा का फर्जी सर्टिफिकेट बनवाया।



2. जयप्रकाश (31): सत्यप्रकाश के भाई जयप्रकाश ने भी चीन से MBBS किया था। उसने सात बार FMGE परीक्षा दी, लेकिन एक बार भी पास नहीं हो सका। आरोप है कि इसके बाद उसने 15 लाख रुपए में फर्जी सर्टिफिकेट बनवाया।



3. विमल यादव (28): कोटपूतली-बहरोड़ निवासी विमल ने कजाकिस्तान से MBBS किया था। परीक्षा में फेल होने के बाद उसने 20 लाख रुपए देकर जून 2023 का फर्जी सर्टिफिकेट बनवाया। इसी आधार पर अलवर मेडिकल कॉलेज में इंटर्नशिप की।



4. विश्वेन्द्र सिंह चेची (29): दौसा निवासी विश्वेन्द्र ने कजाकिस्तान से MBBS किया था। FMGE पास नहीं कर पाने पर उसने 20 लाख रुपए देकर फर्जी दस्तावेज बनवाए। इसके बाद धौलपुर मेडिकल कॉलेज में इंटर्नशिप की और अस्थायी रजिस्ट्रेशन यानी Provisional Registration भी हासिल कर लिया। हालांकि, बाद में यह रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया गया।



5. दिशांत टेलर (28): बांसवाड़ा निवासी दिशांत ने भी कजाकिस्तान से MBBS किया था। परीक्षा में फेल होने के बाद उसने 20 लाख रुपए देकर जून 2023 का फर्जी सर्टिफिकेट बनवाया। फिर दौसा मेडिकल कॉलेज में इंटर्नशिप की और मेडिकल काउंसिल में अस्थायी रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन किया।



15-15 लाख में बनवाए सर्टिफिकेट

इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात दो भाइयों की दलाल से मुलाकात को लेकर सामने आई है। एसओजी की जांच के मुताबिक, सत्यप्रकाश और जयप्रकाश की बस में सफर के दौरान हेमंत यादव नाम के दलाल से मुलाकात हुई थी। आरोप है कि हेमंत ने दोनों भाइयों से 15-15 लाख रुपए लेकर दिसंबर 2023 की FMGE परीक्षा के फर्जी सर्टिफिकेट तैयार करवाए।



विमल यादव ने भी हेमंत की मदद से 20 लाख रुपए देकर फर्जी प्रमाण-पत्र बनवाया था। वहीं, विश्वेन्द्र सिंह ने अपने पड़ोसी इंद्रराज गुर्जर की मदद से 20 लाख रुपए में सर्टिफिकेट हासिल किया। दिशांत टेलर ने जयपुर निवासी यतीन्द्र पटेल के जरिए 20 लाख रुपए देकर फर्जी दस्तावेज बनवाया।



मेडिकल काउंसिल के अधिकारी भी जांच के घेरे में

इस फर्जीवाड़े में सिर्फ सर्टिफिकेट बनवाने वाले ही नहीं, बल्कि राजस्थान मेडिकल काउंसिल के तत्कालीन कर्मचारियों और अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं। एसओजी की जांच में आरोप सामने आया है कि कुछ कर्मचारियों और अधिकारियों ने पैसे लेकर दस्तावेजों की जांच किए बिना ही अस्थायी रजिस्ट्रेशन जारी कर दिए। जांच एजेंसी के मुताबिक, इस पूरे Fake Certificate नेटवर्क में भानाराम माली और उसके सहयोगी शुभम गुर्जर, इंद्रराज गुर्जर सहित अन्य लोगों की भूमिका सामने आई है। इनकी गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में फर्जी सर्टिफिकेट बनवाने की जानकारी मिली थी।



फर्जी सर्टिफिकेट का मामला मरीजों के लिए क्यों गंभीर?

इस मामले ने मेडिकल रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। विदेश से मेडिकल की पढ़ाई करने वाले उम्मीदवारों के लिए FMGE पास करना जरूरी है, ताकि वे भारत में मेडिकल प्रैक्टिस करने की निर्धारित योग्यता पूरी कर सकें।लेकिन इस मामले में आरोप है कि कुछ लोग परीक्षा पास किए बिना ही फर्जी दस्तावेजों के सहारे इंटर्नशिप और रजिस्ट्रेशन तक पहुंच गए।



ऐसे में सवाल उठता है कि अगर जरूरी दस्तावेजों की सही जांच नहीं हुई, तो आम मरीज कैसे भरोसा करेंगे कि उनका इलाज करने वाला डॉक्टर सभी कानूनी योग्यताएं पूरी करता है? फिलहाल एसओजी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में फर्जी सर्टिफिकेट तैयार करने और रजिस्ट्रेशन दिलाने वाले नेटवर्क की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

Tags:
  • राजस्थान मेडिकल काउंसिल
  • विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट परीक्षा
  • फर्जी सर्टिफिकेट
  • फर्जी डॉक्टर
  • Rajasthan fake doctors
  • FMGE fake certificate
  • फर्जी रजिस्ट्रेशन
  • fake doctor racket Rajasthan
  • मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन