इस बार एमएसपी पर 23 लाख टन खरीदेंगे गेहूं, सरकार देगी अतिरिक्त बोनस

Ashish Bhardwaj | Mar 23, 2026, 13:14 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान में गेहूं की सरकारी खरीद के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इस वर्ष 23 लाख टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य है। इसमें सबसे अधिक खरीद हनुमानगढ़ से होने की संभावना है। सरकार ने 150 रुपए प्रति क्विंटल अतिरिक्त बोनस देने की घोषणा की है।

News In Short

  • राजस्थान में गेहूं की सरकारी खरीदी की तैयारी।
  • प्रदेश में कुल 23 लाख टन गेहूं की खरीद की योजना।
  • सबसे अधिक खरीद हनुमानगढ़ से होने की संभावना।
  • सरकार ने 150 रुपए प्रति क्विंटल देगी अतिरिक्त बोनस।
  • पिछले वर्ष भी हनुमानगढ़ में हुई थी सबसे अधिक खरीद।

News In Detail

Jaipur: राजस्थान में रबी सीजन 2026-27 के लिए गेहूं की सरकारी खरीद की व्यापक योजना तैयार कर ली है। इस वर्ष प्रदेश भर से कुल 23 लाख टन गेहूं न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया है। किसानों को वाजिब दाम देने के लिए सरकार ने एमएसपी पर अतिरिक्त बोनस की भी घोषणा की है।



​बोनस के साथ 2735 रुपये प्रति क्विंटल का भाव

इस सीजन के लिए केंद्र सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। राज्य सरकार ने किसानों के हित में इस पर 150 रुपये प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस देने का निर्णय लिया है। इस प्रकार, किसानों से कुल 2735 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं की खरीद की जाएगी। आधिकारिक तौर पर राज्य में खरीद एक अप्रैल से शुरू होगी।



हनुमानगढ़ से सबसे अधिक खरीद

​आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष भी गेहूं की खरीद में हनुमानगढ़ जिला पूरे प्रदेश में शीर्ष पर रहने वाला है। जिले में कुल 2.39 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की बिजाई हुई है, जो कि सर्वाधिक है।



खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने हनुमानगढ़ से सर्वाधिक 7 लाख 95 हजार 800 टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य रखा है। यह राज्य के कुल खरीद लक्ष्य का लगभग 34.6 प्रतिशत हिस्सा है। इसके बाद ​श्रीगंगानगर जिल ेसे 5,64,100 टन और ​कोटा जिले से 2,27,500 टन खरीद का टारगेट रखा है।



​66 केंद्रों पर होगी खरीद

हनुमानगढ़ जिले में कुल 66 खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों का आवंटन विभिन्न सरकारी एजेंसियों जैसे एफसीआई, राजफेड, तिलम संघ, नैफेड, एनसीसीएफ और आरएसएफसीएसएससी को किया गया है। कृषि उपज मंडी समिति (हनुमानगढ़ टाउन) के सचिव सीएल वर्मा के अनुसार जिले में सर्वाधिक खरीद टाउन मंडी से होने की संभावना है। किसानों की सुविधा के लिए मंडियों में पर्याप्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं।



​पिछले वर्ष भी हनुमानगढ़ में अधिक खरीद

वर्ष 2025-26 के दौरान भी हनुमानगढ़ जिला खरीद में अग्रणी रहा था। पिछले साल जिले के 58 क्रय केंद्रों के माध्यम से 46,718 किसानों से 8.62 लाख टन गेहूं खरीदा गया था। इसके बदले उन्हें 2219 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था। पिछले वर्ष समर्थन मूल्य 2425 रुपये था, जिस पर 150 रुपये बोनस देकर कुल 2575 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया गया था।



ये भी पढे़:-

इजराइल-ईरान युद्ध का असर अब राजस्थान की नमक रिफाइनरी पर, पैकिंग सामग्री में आ रही है परेशानी



25 मार्च से बंद हो सकती है फ्री दवा सुविधा, पेंशनर्स की बढ़ी धड़कनें!



कोर्ट का सख्त चेहरा दिखा, भर्ती, शिक्षा और शहरी विकास पर फैसलों से प्रशासन में रही हलचल



​कृषि मंत्री किरोड़ी के निशाने पर बीमा कंपनियां, बोले - कर रही हैं किसानों से धोखाधड़ी



Tags:
  • केंद्र सरकार
  • गेहूं की सरकारी खरीदी
  • न्यूनतम समर्थन मूल्य
  • एमएसपी
  • हनुमानगढ़