राजस्थान हाईकोर्ट बार चुनाव में बड़ी राहत, दो वकालतनामे जमा करने की अनिवार्य शर्त पर लगी रोक

Mukesh Sharma | Published:
राजस्थान हाईकोर्ट बार चुनाव में दो वकालतनामे की शर्त पर रोक
Stay on the 'two-vakalatnama' requirement in Rajasthan High Court Bar elections
राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में वकीलों के वोटिंग अधिकार को लेकर विवाद गहरा गया है। चुनाव में मतदान के लिए दो वकालतनामे या दो कोर्ट पेशियों का रिकॉर्ड देने की शर्त पर अब हाईकोर्ट की खंडपीठ में सुनवाई हुई। मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय के. अग्रवाल और जस्टिस समीर जैन की डिविजन बेंच ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फैसला दोपहर 2 बजे तक सुरक्षित रख लिया।

विवाद का सीधा असर युवा वकीलों के मतदान के अधिकार पर पड़ सकता है। शर्त का विरोध करने वाले वकीलों का कहना है कि इससे बड़ी संख्या में ऐसे युवा अधिवक्ता वोटिंग से वंचित हो सकते हैं, जो वरिष्ठ वकीलों के साथ काम करते हैं। वहीं, शर्त के समर्थकों का तर्क है कि बार एसोसिएशन के चुनाव में केवल सक्रिय रूप से प्रैक्टिस करने वाले वकीलों को ही मतदान का अधिकार मिलना चाहिए।



चुनाव समिति ने 3 नवंबर को जारी किया था नोटिस

राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की चुनाव समिति ने 3 नवंबर को चुनाव प्रक्रिया के लिए नोटिस जारी किया था। इसमें मतदान के इच्छुक सदस्यों के लिए हाईकोर्ट की जयपुर पीठ में कम से कम दो पेशियों के आदेश पत्र या दो वकालतनामे जमा कराने की शर्त रखी गई थी।



4 नवंबर को जारी स्पष्टीकरण में वरिष्ठ अधिवक्ताओं को इस शर्त से छूट दी गई। साथ ही, यह भी स्पष्ट किया गया कि वकालतनामे या पेशियों के दस्तावेज पिछले एक साल के ही नहीं, बल्कि वकील की पूरी प्रैक्टिस अवधि के हो सकते हैं।



इस शर्त को लेकर बार में दो गुट बन गए। विरोध करने वाले वकीलों का कहना था कि इससे करीब 2200 से 2500 युवा अधिवक्ताओं के मतदान का अधिकार प्रभावित हो सकता है। इनमें ऐसे वकील भी हैं, जो वरिष्ठ अधिवक्ताओं के साथ काम करते हैं और जिन्हें खुद कोर्ट में बहस का मौका नहीं मिला है।



17 नवंबर को चुनाव समिति ने हटाई थी शर्त

विरोध बढ़ने के बाद चुनाव समिति ने 17 नवंबर को नया नोटिस जारी कर दो वकालतनामे या दो पेशियों के दस्तावेज देने की अनिवार्यता हटा दी। इसके बाद केवल शपथपत्र के आधार पर वोटिंग की पात्रता तय करने की व्यवस्था की गई।



इस फैसले को वरिष्ठ अधिवक्ता वीरेंद्र अग्रवाल ने हाईकोर्ट में चुनौती दी। उन्होंने मांग की कि चुनाव समिति का 17 नवंबर का नोटिस रद्द किया जाए और पहले जारी की गई शर्त बहाल रखी जाए।



एकलपीठ ने शर्त को माना था सही

20 नवंबर को जस्टिस आनंद शर्मा की एकलपीठ ने वीरेंद्र अग्रवाल की याचिका स्वीकार कर ली। कोर्ट ने चुनाव समिति के 17 नवंबर के नोटिस को निरस्त कर दिया। साथ ही, दो वकालतनामे या दो पेशियों का प्रमाण देने की शर्त को उचित माना।



अदालत ने कहा कि बार एसोसिएशन की चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय रूप से प्रैक्टिस करने वाले वकीलों की भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है। इसके लिए चुनाव समिति उचित और जांच योग्य दस्तावेज मांग सकती है। कोर्ट ने यह भी माना कि बार की सदस्यता और चुनाव में वोट देने की पात्रता अलग-अलग विषय हैं।



डिविजन बेंच में क्या दी गई दलीलें?

एकलपीठ के फैसले को बार एसोसिएशन के सदस्य और अध्यक्ष पद के दावेदार महेंद्र शांडिल्य सहित चार अधिवक्ताओं ने डिविजन बेंच में चुनौती दी। उनकी ओर से अधिवक्ता सुनील समदड़िया ने पक्ष रखा।



उन्होंने दलील दी कि हाईकोर्ट के 12 सितंबर 2017 के फैसले के अनुसार मतदान के लिए बार का परिचय पत्र और नो-ड्यूज प्रमाण पत्र जरूरी हैं। ऐसे में चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के बाद नई शर्त जोड़ना उचित नहीं है।



उनका कहना था कि दो वकालतनामे नियमित प्रैक्टिस का एकमात्र प्रमाण नहीं हो सकते। इससे युवा वकीलों को नुकसान होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जोधपुर बार एसोसिएशन में ऐसी शर्त लागू नहीं है।



दूसरी ओर, वीरेंद्र अग्रवाल ने अपील का विरोध किया। उनका कहना था कि चुनाव समिति को बार के हित में नियम तय करने का अधिकार है। बार का सदस्य होना और चुनाव में वोट देने का अधिकार अलग-अलग हैं।



11 दिसंबर को होना है चुनाव

राजस्थान में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार बार एसोसिएशन के चुनाव 11 दिसंबर को होने हैं। ऐसे में वोटिंग की पात्रता को लेकर अदालत का फैसला काफी अहम है। अब सबकी नजर डिविजन बेंच के आदेश पर है। इससे तय होगा कि चुनाव में मतदान के लिए दो वकालतनामे या दो पेशियों का प्रमाण देना जरूरी रहेगा या नहीं।

Tags:
  • राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव
  • हाईकोर्ट बार चुनाव
  • दो वकालतनामे की शर्त
  • युवा वकीलों का वोटिंग अधिकार
  • खंडपीठ ने फैसला सुरक्षित रखा
  • बार एसोसिएशन चुनाव 11 दिसंबर
  • Rajasthan High Court Bar Association election
  • Rajasthan HC Bar election 2026