उद्योग के लिए मिली जमीन पर होटल बनाने की थी तैयारी, हाईकोर्ट ने दिया झटका, अब सरकार के पास ही रहेगी 271 एकड़ जमीन

Mukesh Sharma | Published:
राजस्थान हाईकोर्ट ने कोटा की 271 एकड़ औद्योगिक जमीन की लीज रद्द करने का फैसला बरकरार रखा।
राजस्थान हाईकोर्ट ने कोटा की 271 एकड़ औद्योगिक जमीन की लीज रद्द करने का फैसला बरकरार रखा।
जमीन मिली थी बंद पड़े उद्योगों को दोबारा शुरू करने के लिए, लेकिन कंपनी ने उसी जमीन पर होटल और रिसॉर्ट बनाने का प्लान तैयार कर लिया। करीब 300 करोड़ रुपए के पर्यटन प्रोजेक्ट की योजना को अब राजस्थान हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। अदालत ने कोटा में 271 एकड़ से ज्यादा औद्योगिक जमीन की सातों लीज रद्द करने के फैसले को बरकरार रखा है।

औद्योगिक जमीन का नहीं कर सकते व्यावसायिक इस्तेमाल

हाईकोर्ट ने कहा है कि कोई कंपनी औद्योगिक इस्तेमाल के लिए दी गई सरकारी जमीन का व्यावसायिक इस्तेमाल नहीं कर सकती। अदालत ने कोटा के डीसीएम रोड स्थित जेके सिंथेटिक्स की 271.40 एकड़ औद्योगिक जमीन की सात लीज डीड निरस्त करने के जिला कलेक्टर के फैसले को बरकरार रखा है।



चीफ जस्टिस संजय के. अग्रवाल और जस्टिस समीर जैन की बेंच ने यह आदेश अरफात पेट्रोकेमिकल्स प्राइवेट लिमिटेड की विशेष अपीलें खारिज करते हुए और सिंगल बेंच के 28 सितंबर 2026 के फैसले को बरकरार रखते हुए दिया।



कंपनी ने नहीं किया लीज की शर्तों का पालन

अदालत ने माना कि औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने और पूर्व कर्मचारियों के पुनर्वास की शर्तों का पालन नहीं किया गया। कंपनी सुप्रीम कोर्ट के फैसले में मिली रूपांतरण के लिए आवेदन करने की छूट को लीज की मूल शर्तों से बचने का आधार नहीं बना सकती।



अदालत ने अपने फैसले में कहा कि सार्वजनिक उद्देश्य के लिए आवंटित कीमती सरकारी जमीन का इस्तेमाल निजी व्यावसायिक हितों के लिए नहीं किया जा सकता। कंपनी को बीमार उद्योग के पुनर्वास और श्रमिकों की देनदारियां पूरी करने की शर्तों पर जमीन दी गई थी, लेकिन इन उद्देश्यों की पूर्ति नहीं हुई।



जेके सिंथेटिक्स को दी थी जमीन

राज्य सरकार ने कोटा के लघु औद्योगिक क्षेत्र में जेके सिंथेटिक्स लिमिटेड को वर्ष 1958 और 1965 में 99 वर्ष की लीज पर कुल 271.39 एकड़ जमीन आवंटित की थी। कंपनी के घाटे में जाने के बाद वर्ष 1998 में उसे बीमार औद्योगिक इकाई घोषित किया गया। इसके बाद औद्योगिक परिसर के पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू हुई।



अरफात पेट्रोकेमिकल्स प्राइवेट लिमिटेड ने 15 करोड़ रुपए के नकद प्रतिफल और 4 हजार 197 श्रमिकों की देनदारियों का जिम्मा लेने की शर्त पर कोटा कॉम्प्लेक्स का अधिग्रहण करने का समझौता किया। औद्योगिक एवं वित्तीय पुनर्निर्माण के लिए गठित अपीलीय प्राधिकरण (AAIFR) ने वर्ष 2005 में पुनर्वास योजना को मंजूरी दी।



इसके बाद 17 मार्च 2007 को जिला कलेक्टर कोटा ने कंपनी के पक्ष में अलग-अलग औद्योगिक इकाइयों के लिए सात लीज डीड निष्पादित कीं। इनमें नायलॉन, एक्रिलिक, पॉलिएस्टर सहित विभिन्न औद्योगिक इकाइयां शामिल थीं। लीज की शर्त में प्रावधान था कि शर्तों का उल्लंघन होने पर जमीन वापस राज्य सरकार को मिल जाएगी।



सात में से छह यूनिट शुरू ही नहीं हुईं

कंपनी ने सात में से केवल एक एक्रिलिक प्लांट शुरू किया, लेकिन अक्टूबर 2007 में आग लगने के बाद यह भी बंद हो गया। शेष छह औद्योगिक इकाइयां शुरू नहीं की जा सकीं।



दूसरी ओर, पूर्व कर्मचारियों की देनदारियों और पुनर्नियोजन से संबंधित शर्तें भी पूरी नहीं हुईं। कंपनी ने औद्योगिक इस्तेमाल के बजाय जमीन पर जन आवास योजना और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों की अनुमति लेने का प्रयास किया। रीको के माध्यम से जमीन के व्यावसायिक रूपांतरण की कोशिश भी हुई, लेकिन राज्य सरकार ने संबंधित आदेश निरस्त कर दिए।



सुप्रीम कोर्ट ने दी थी आवेदन करने की छूट

सुप्रीम कोर्ट ने रीको की ओर से दी गई अनुमति रद्द करते हुए स्पष्ट किया था कि जमीन का स्वामित्व राज्य सरकार के पास है। हालांकि, कंपनी को राजस्थान इंडस्ट्रियल एरिया अलॉटमेंट रूल्स, 1959 के तहत राज्य सरकार के समक्ष जमीन के रूपांतरण के लिए नया आवेदन करने की स्वतंत्रता दी गई थी।



300 करोड़ के प्रोजेक्ट की थी तैयारी

इसके बाद कंपनी ने पर्यटन नीति के तहत जमीन पर दो होटल और रिसॉर्ट बनाने का प्रस्ताव दिया। करीब 300 करोड़ रुपए के पर्यटन प्रोजेक्ट का हवाला देते हुए कंपनी ने रोजगार के नए अवसर पैदा होने की दलील दी।



जिला कलेक्टर ने 7 मार्च 2025 को प्रस्ताव खारिज कर दिया। इसके बाद 16 जून 2025 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया और 24 जून 2025 को सातों लीज रद्द कर जमीन राज्य सरकार में निहित करने का आदेश दिया।



सिंगल बेंच के बाद डिवीजन बेंच से भी झटका

सिंगल बेंच ने 28 सितंबर 2026 को कंपनी की याचिका खारिज करते हुए कलेक्टर की कार्रवाई को सही ठहराया था। अब डिवीजन बेंच ने भी कंपनी की अपीलें खारिज कर दी हैं।

Tags:
  • सरकारी जमीन विवाद
  • सरकारी जमीन का आवंटन
  • Industrial Land Use
  • औद्योगिक भूमि का उपयोग
  • High Court Ruling
  • अरफात पेट्रोकेमिकल्स
  • औद्योगिक जमीन
  • हाईकोर्ट का फैसला
  • कोटा जमीन मामला
  • राजस्थान हाईकोर्ट न्यूज