दादा ने किया केस, पोता सुनेगा फैसला! राजस्थान हाईकोर्ट ने 4 लाख से अधिक लंबित मुकदमों पर जताई चिंता

Ashish Bhardwaj | Published:
40 साल में भी खत्म नहीं हुए मामले, हाई कोर्ट ने जताई चिंता
Cases remain unresolved even after 40 years; High Court expresses concern
राजस्थान की राजस्व अदालतों में मुकदमों के बोझ और न्याय मिलने में हो रही देरी पर हाईकोर्ट ने गंभीर चिंता जताई है। अदालत ने कहा कि प्रदेश में ऐसी व्यवस्था नहीं चल सकती, जहां दादा मुकदमा दर्ज कराए, बेटा उसे लड़ता रहे और फैसला सुनने की बारी पोते की आए। कोर्ट के सामने सब-डिविजनल ऑफिसरों की अदालतों में 4 लाख से ज्यादा राजस्व मामले लंबित होना बताया गया है।

जस्टिस अनूप कुमार ढांढ ने 18 नवंबर को सुनवाई के दौरान यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक मुकदमा चलते रहना न्याय व्यवस्था की गंभीर विफलता है। अदालत के मुताबिक, मुकदमे का फैसला वादी की जिंदगी में होना चाहिए। न्याय में देरी से लोगों का समय, पैसा, ऊर्जा और मानसिक शांति सब प्रभावित होते हैं।



4 लाख से अधिक मामले, 40 साल से पुराने मुकदमे भी

हाईकोर्ट के सामने राजस्व विभाग और बोर्ड ऑफ रेवेन्यू की ओर से पेश आंकड़ों ने व्यवस्था की तस्वीर सामने रखी। प्रदेश के अलग-अलग SDO कार्यालयों में करीब 4 लाख 42 हजार राजस्व मामले लंबित हैं। इनमें 49 मामले 40 साल से ज्यादा पुराने हैं। 183 मामले 30 से 40 साल, 2 हजार 475 मामले 20 से 30 साल और 36 हजार 671 मामले 10 से 20 साल से लंबित हैं। इसके अलावा 81 हजार 621 मामले पांच से दस साल से फैसले का इंतजार कर रहे हैं।



बोर्ड ऑफ रेवेन्यू में भी 72 हजार 081 मामले लंबित बताए गए। इनमें दो मामले 40 साल से ज्यादा पुराने हैं। 23 हजार 744 मामले 10 से 20 साल और 2 हजार 881 मामले 20 से 30 साल से लंबित हैं। वहीं, राजस्व अपीलीय प्राधिकरणों में 32 हजार 796 अपीलें फैसले का इंतजार कर रही हैं।



80 साल से ज्यादा उम्र वालों को मिलेगी प्राथमिकता

हाईकोर्ट ने बुजुर्ग पक्षकारों की परेशानी को खास तौर पर उठाया। कोर्ट ने कहा कि 80 साल से अधिक उम्र के लोगों ने न्याय पाने के लिए अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा इंतजार में गुजार दिया है। यह बेहद पीड़ादायक होगा कि वे फैसला सुने बिना दुनिया से चले जाएं।



अदालत ने बोर्ड ऑफ रेवेन्यू के अध्यक्ष और रजिस्ट्रार को निर्देश दिया कि 80 साल से ज्यादा उम्र के पक्षकारों के मामलों को विशेष प्राथमिकता देने के लिए स्थायी आदेश जारी करें। ऐसे नए और पुराने मामलों को जरूरी और तत्काल सुनवाई वाले मामलों के तुरंत बाद सूचीबद्ध किया जाए। पक्षकार अपनी उम्र के प्रमाण के साथ आवेदन देकर प्राथमिकता मांग सकेंगे। अदालत ने ऐसे मामलों की अलग सूची और नियमित निगरानी करने को भी कहा है।



10, 20 और 30 साल पुराने केस पहले सुनें

हाईकोर्ट ने सभी राजस्व और अपीलीय अदालतों को 10, 20 और 30 साल से ज्यादा समय से लंबित मामलों की अलग-अलग सूची तैयार करने को कहा है। ये मामले सुनवाई की सूची में सबसे ऊपर रखे जाएंगे। इनकी नियमित सुनवाई कर गुण-दोष के आधार पर जल्द फैसला करने के निर्देश दिए गए हैं।



अदालत ने संभागीय आयुक्तों और जिला कलेक्टरों को पुराने मुकदमों के निपटारे की निगरानी करने को कहा है। उन्हें हर तीन महीने में प्रगति रिपोर्ट अजमेर स्थित बोर्ड ऑफ रेवेन्यू के रजिस्ट्रार को भेजनी होगी। वकीलों से भी अनावश्यक स्थगन मांगने से बचने की अपील की गई है।




राजस्व अधिकारियों की जवाबदेही पर भी सवाल

सुनवाई में राज्य सरकार के वकील ने बताया कि राजस्व अदालतों के पीठासीन अधिकारियों के लिए हर महीने मुकदमों के निपटारे का कोई न्यूनतम लक्ष्य तय नहीं है। उन्होंने माना कि ऐसी व्यवस्था नहीं होने से मामलों की सुनवाई बार-बार आगे बढ़ती रहती है। इससे मुकदमे सालों तक लंबित रह जाते हैं।



इस पर हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से यह भी पूछा है कि क्या राजस्व अधिकारियों के कामकाज और प्रमोशन में मुकदमों के निपटारे को शामिल किया जाता है? क्या उनके वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन (ACR) या वार्षिक प्रदर्शन मूल्यांकन रिपोर्ट (APAR) में पुराने मामलों के निपटारे का रिकॉर्ड देखा जाता है? सरकार ने जवाब देने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा है।




27 नवंबर को फिर होगी सुनवाई

हाईकोर्ट ने अपने आदेश की प्रति मुख्य सचिव, राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव, राजस्व अदालतों के पीठासीन अधिकारियों और राजस्थान बार काउंसिल को भेजने के निर्देश दिए हैं। मामले में अगली सुनवाई 27 नवंबर को दोपहर 2 बजे होगी।



अदालत ने साफ किया कि जल्दी न्याय देने का मतलब जल्दबाजी में फैसला करना नहीं है। इसका मतलब है कि हर पक्ष को सुनकर बिना गैरजरूरी देरी के फैसला किया जाए। अब सरकार और राजस्व विभाग के सामने बड़ी चुनौती इन निर्देशों को जमीन पर लागू करने की है।



Tags:
  • राजस्थान हाईकोर्ट
  • राजस्व अदालतों में लंबित मुकदमे
  • 4.42 लाख लंबित मुकदमे
  • दादा ने किया केस पोता सुनेगा फैसला
  • जस्टिस अनूप कुमार ढांढ
  • 80 साल से ज्यादा उम्र के पक्षकार
  • Rajasthan High Court revenue courts
  • pending revenue cases Rajasthan